
1 / 9
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का अहम मुकाबला खेला जाएगा. सेमीफाइनल के लिहाज से यह दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो का मुकाबला है. मैच से पहले आइए जानते हैं इस मैदान पर कैसा है भारत-वेस्टइंडीज का टी20I रिकॉर्ड.

2 / 9
India vs West Indies, T20 World Cup 2026: कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रविवार, 1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का मुकाबला खेला जाना है. यह एक 'वर्चुअल नॉकआउट' मैच है, जिसमें जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.

3 / 9
सुपर-8 में ग्रुप-1 की स्थिति बिल्कुल साफ है. साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही लगातार दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. अब बची हुई एक सीट के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच करो या मरो का मुकाबला होने वाला है, जो तय करेगा कि सेमीफाइनल का टिकट किसे मिलेगा.

4 / 9
कोलकाता का यह मैदान वेस्टइंडीज के लिए भी ऐतिहासिक रहा है. इसी ग्राउंड पर 2016 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कार्लोस ब्रेथवेट ने लगातार 4 छक्के जड़कर इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली थी और विंडीज को चैंपियन बना दिया था. इस बार भी टीम शानदार फॉर्म में दिख रही है और सिर्फ साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक हार को छोड़ दें, तो बाकी मैचों में उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया है.

5 / 9
हालांकि, आंकड़ों की बात करें तो तस्वीर थोड़ी अलग है. ईडन गार्डन्स में भारत का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के खिलाफ काफी मजबूत रहा है. यहां दोनों टीमों के बीच 4 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं और चारों बार जीत टीम इंडिया ने बाजी मारी है. वहीं, इस मैदान पर भारत ने अब तक कुल 8 टी20I मुकाबले खेले हैं और 7 मैचों में जीत हासिल की है. यानी इस मैदान पर भारत का पलड़ा भारी है.

6 / 9
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहली बार साल 2018 में यहां टी20I मैच खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं, साल 2022 में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसमें भारत ने सूपड़ा साफ कर दिया था. अब भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 4 साल बाद इस मैदान पर टी20 में आमने-सामने होंगी.

7 / 9
लेकिन भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी20 वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच अब तक 4 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 3 बार वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की है, जबकि भारत को सिर्फ 1 बार सफलता मिली है.

8 / 9
हालांकि, अगर ओवरऑल टी20 मुकाबलों की बात करें तो तस्वीर अलग नजर आती है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें 19 बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 10 मुकाबलों में वेस्टइंडीज ने बाजी मारी है.

9 / 9
भारत की संभावित प्लेइंग XI
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.