Turkish Tea Recipe: भारत में भी लोग टर्किश सीरियल के दीवाने हैं. टर्किश सीरियल में सिर्फ उसकी कहानी, किरदार और खूबसूरत लोकेशन ही ध्यान नहीं खींचते हैं बल्कि वहां के खाने-पीने की चीजें भी आकर्षक लगती हैं. अगर आप टर्किश सीरियल देखते हैं तो आपको एक बार तो वहां की फेमस चाय पीने का मन हुआ होगा. दरअसल तुर्किये में चाय सिर्फ सुबह के ब्रेकफास्ट में पी जाने वाली ड्रिंक नहीं है बल्कि चाय वहां की मेहमाननवाजी और साथ बैठकर बातचीत करने का एक बहुत जरूरी हिस्सा मानी जाती है. तुर्किये की चाय भारतीय चाय से थोड़ी अलग होती है. खास बात ये है कि आप इसे अपने घर पर बिना किसी झंझट के बना सकते हैं और अपने फेवरेट सीरियल का मजा इसके साथ ले सकते हैं. आइए जानते हैं टर्किश चाय बनाने का आसान तरीका और ध्यान रखने वाली बातें.
यह भी पढ़ें- अरुणाचल के गरमागरम थुकपा के आगे मैगी भी लगेगी फीकी, पहाड़ों वाली ये रेसिपी जरूर करें ट्राई
टर्किश चाय बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
काली चायपत्ती – लगभग 2 चम्मच (अगर आपके पास टर्किश टी न हो तो आप कोई भी बिना खुशबू वाली अच्छी असम या सीलोन ब्लैक टी का इस्तेमाल कर सकते हैं)
पानी – 3 से 4 कप
चीनी – स्वाद के अनुसार
टर्किश चाय बनाने का खास तरीका
- पारंपरिक तौर पर टर्किश चाय बनाने के लिए ऊपर-नीचे रखे जाने वाले दो बर्तनों वाली चायदानी का यूज किया जाता है, जिसे टर्की में चायदानलिक कहते हैं. इसमें नीचे वाले बर्तन में पानी उबलता है और ऊपर वाले छोटे बर्तन में चायपत्ती रखकर उसी गर्म पानी की भाप से चाय का गाढ़ा मिश्रण तैयार किया जाता है.
- अगर आपके पास घर में ऐसी चायदानी नहीं है, तो आप दो छोटे बर्तनों की मदद से इस प्रोसेस को कर सकते हैं.
इसके लिए आपको चाहिए एक बड़ा बर्तन नीचे रखने के लिए और एक छोटा हीट-प्रूफ बर्तन. इस बात का ध्यान रखें कि ये बड़े पतीले के ऊपर अच्छे से फिट होना चाहिए ताकि नीचे की भाप ऊपर आ सके. - सेटअप को तैयार करने के बाद बड़े पतीले में 3 से 4 कप पानी डाल दीजिए और गैस चालू करके इसे उबलने के लिए रख दीजिए.
- इस पतीले के ऊपर साथ में ही छोटे पतीले में 2 बड़े चम्मच चाय की पत्ती डालकर रख दीजिए.
- जैसे-जैसे पानी गर्म होगा उसकी भाप से ऊपर के पतीले में रखी चाय की पत्तियां भी गर्म होंगी.
- जब नीचे का पानी अच्छे से उबल जाए तब गैस को लो कर दीजिए और नीचे वाले पतीले से उबलता हुआ 1 कप पानी लेकर ऊपर वाले पतीले में डाल दीजिए.
- नीचे के पतीले में थोड़ा सा सादा पानी और डाल दीजिए ताकि पानी कम न पड़े.
- अब फिर से छोटे पतीले को बड़े पतीले के ऊपर रखकर कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए धीरे-धीरे पका लीजिए.
जब ऊपर वाले पतीले की सारी चाय की पत्तियां नीचे बैठ जाएं तब समझ जाइएगा कि आपकी कड़क चाय बन गई है.
टर्किश चाय को ऐसे करें सर्व
टर्किश चाय को आम कप के बजाय छोटे कांच के गिलास, जिन्हें ट्यूलिप गिलास भी कहते हैं, उनमें सर्व किया जाता है.
सबसे पहले गिलास में 1/3 हिस्सा ऊपर वाले पतीले की कड़क चाय का डालिए. इसके बाद गिलास के बाकी हिस्से में उबला हुआ पानी भर दीजिए. अगर आपको हल्की चाय पसंद है तो कड़क चाय कम डालिए लेकिन अगर आपको तेज चाय पसंद है, तो कड़क चाय ज्यादा डालिए. आमतौर पर इसमें दूध नहीं पड़ता है. आप चाहें तो अपने स्वाद के अनुसार चीनी के क्यूब्स डाल सकते हैं.
यह भी पढ़ें – गले की खराश में चाहिए कुछ गरमागरम और टेस्टी तो 5 मिनट में बनाएं सूप वाली मैगी, स्वाद आएगा लाजवाब