Soupy Maggie: जब भी खांसी-जुकाम और गला खराब होने जैसी समस्याएं होती हैं, तो मुंह का स्वाद भी खराब हो जाता है, इसलिए कुछ गरमा-गरम और चटपटा खाने का मन करता है. इसलिए गले की खराश में मैगी को सूखी या तेज मसाले वाली बनाने के बजाय सूपी स्टाइल में बनाकर देखिए. सूपी मैगी को बनाना आसान तो है ही साथ ही यह बेहद टेस्टी भी होती है. ऐसे में आइए जानते हैं स्पेशल खांसी-जुकाम में खाई जाने वाली मैगी की रेसिपी.
यह भी पढ़ें – बेसन की कढ़ी खाई होगी, अब चटनी बनाकर देखिए, बेहद स्वादिष्ट है यह रेसिपी
पहले बनाएं स्वाद वाला हल्का सूप
- सबसे पहले पैन में थोड़ा तेल डालकर गर्म कर लीजिए और जब तेल गर्म हो जाए, तब उसमें बारीक कटा अदरक और लहसुन डाल लीजिए और इन्हें बहुत हल्का सा भून लीजिए, ताकि ये जले नहीं, वरना स्वाद में कड़वापन आ सकता है.
- अब इसमें बारीक कटी गाजर, स्वीट कॉर्न, मटर या अपनी पसंद के हिसाब से सब्जियां डाल दीजिए.
- इसके बाद जितना पानी मैगी बनाने के लिए यूज होता है, उससे लगभग 1.5–2 कप पानी ज्यादा डालकर कुछ मिनट तक सब्जियों को उबाल लीजिए.
- इसमें ज्यादा मसाले डालने की जगह थोड़ी काली मिर्च और हल्का नमक डाल दीजिए.
मैगी का मसाला पूरा नहीं, थोड़ा कम इस्तेमाल करें
मैगी का मसाला पूरा डालने के बजाय आधा या तीन-चौथाई पैकेट का मसाला डालिए क्योंकि गले में खराश होने पर बहुत ज्यादा मिर्च, चिली फ्लेक्स या गरम मसाला गले में चुभ सकता है. मैगी मसाला डालने के बाद इसे कुछ देर तक उबालें.
मैगी को सूप में डालकर पकाएं
अब इस सूप में नूडल्स डाल दीजिए.
इसे सामान्य मैगी के मुकाबले थोड़ा ज्यादा पकाइए ताकि नूडल्स नरम हो जाएं. इसे मीडियम फ्लेम पर लगभग 4 से 5 मिनट के लिए पका लीजिए.
अंत में डालें सीक्रेट इंग्रीडियंट
आखिर में गैस को बंद करके उसमें 2–3 चम्मच दूध डालकर हल्का मिला लीजिए. इससे सूप थोड़ा क्रीमी हो जाएगा, जो बहुत कम्फर्टिंग लगता है. लीजिए बनकर तैयार है आपकी सूपी मैगी.
इसे और हेल्दी बनाने के लिए करें ये
अगर आप मैगी को टेस्टी के साथ हेल्दी भी बनाना चाहते हैं, तो उसमें सिर्फ नूडल्स नहीं, थोड़ी सब्जियां भी डालिए. इसके लिए आप मैगी में उबला हुआ कॉर्न, मटर, गाजर या बारीक पालक मिला सकते हैं. ऐसा करने से मैगी हेल्दी भी हो जाएगी. अगर घर में टोफू मौजूद है, तो उसके छोटे-छोटे टुकड़े करके मैगी में डाल दीजिए. इसके अलावा आप मैगी में पनीर भी डाल सकते हैं.