How To Clean Tiles: बाथरूम की टाइल्स अक्सर ही गंदी हो जाती हैं. पानी से लेकर शरीर से निकलने वाली गंदगी तक इन टाइल्स पर धब्बे छोड़ जाती है. वहीं, टाइल्स के बीच में अलग गंदगी जमती है सो अलग. ऐसे में इन टाइल्स को चमकाने के लिए और इनके बीच की गंदगी हटाने के लिए यहां बताए तरीके आजमाकर देखे जा सकते हैं. यहां घर के बेहद असरदार नुस्खों का जिक्र किया जा रहा है. ये देसी नुस्खे टाइल्स (Dirty Tiles) को नए जैसा चमका देते हैं. सबसे अच्छी बात है कि इन नुस्खों को आजमाने के लिए आपको टाइल्स को लंबे समय तक घिसना भी नहीं पड़ता है.
टाइल्स के बीच में जमी गंदगी कैसे हटाएं
टाइल्स के बीच में जमी गंदगी को हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा से तैयार किए गए पेस्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस पेस्ट को बनाना और इस्तेमाल करना बेहद आसान होता है. आपको इसके लिए बेकिंग सोडा (Baking Soda), डिश सोप, विनेगर और किसी कपड़े या टूथब्रश की जरूरत होगी. बेकिंग सोडा में डिश सोप और विनेगर या फिर हाइड्रोजन पैरोक्साइड मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को ब्रश या कपड़े पर लगाकर टाइल्स के बीच के हिस्से पर मलें.
इस पेस्ट को टाइल्स पर लगाकर 7 से 10 मिनट के लिए रखें. इसके बाद धीरे-धीरे इस पेस्ट को घिसें. बहुत ज्यादा ना घिसें क्योंकि इससे टाइल्स के बीच का सीमेंट हट सकता है. हल्के हाथ से सफाई करें. आखिर में पानी से धोकर इस हिस्से को साफ कर लें. आपको टाइल्स के बीच में जमे गंदे दाग (Stains) हटते हुए दिखने लगेंगे.
टाइल्स के बीच की गंदगी पर सिर्फ बेकिंग सोडा और हाइड्रोजन पैरोक्साइड का मिश्रण भी आजमाया जा सकता है. इसे टाइल्स के बीच में लगाकर कुछ देर छोड़ने पर और फिर किसी गीले कपड़े से सफाई करने पर टाइल्स की लकीरों पर जमे दाग हल्के होने लगते हैं.
ऐसे साफ करें टाइल्स के ऊपर जमी गंदगी
अगर बाथरूम की टाइल्स पर पानी या किसी और तरह के गंदे दाग लग गए हैं तो सफाई के लिए पानी और सफेद सिरका साथ में मिलाकर घोल तैयार किया जा सकता है. इस घोल को टाइल्स के ऊपर लगाकर घिसें और किसी ब्रश या कपड़े से साफ करें. इससे टाइल्स पर चमक आ जाती है.
हार्ड वॉटर हटाने का तरीका
टाइल्स पर लगे हार्ड वॉटर के दाग (Hard Water Stains) हटाने के लिए नींबू के रस का इस्तेमाल किया जा सकता है. दागों पर नींबू का रस लगाएं और 5 मिनट के लिए लगा रहने दें. अब किसी कपड़े से इस दाग को घिसकर हटाएं. टाइल्स से दाग हटने लगेंगे.
टाइल्स की सफाई के लिए नमक भी काम आ सकता है. नमक को टाइल्स पर लगाएं और फिर किसी ब्रश या कपड़े से इसे घिसें. इससे टाइल्स के धब्बे साफ होते हैं. टाइल्स ही नहीं बल्कि बेसिन वगैरह साफ करने के लिए भी नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है.