Baal Tootna Kaise Roke: बालों की सही तरह से देखरेख ना करने पर, केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने पर और बालों पर हीटिंग टूल्स का बिना किसी प्रोटक्टेंट के इस्तेमाल करने से बाल डैमेज होने लगते हैं. डैमेज्ड बाल टूटकर तो गिरते ही हैं साथ ही इनकी खूबसूरती खो जाती है सो अलग. ऐसे में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अमन दुआ की सलाह आपके काम आएगी. डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया कि किस तरह बालों का गिरना और झड़ना (Hair Fall) रोका जा सकता है और डैमेज्ड बालों को रिपेयर (Damaged Hair Repair) कर सकते हैं.
डैमेज हुए बालों के लिए शैंपू
डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया कि अगर आपके बाल डैमेज हो चुके हैं यानी खराब हो चुके हैं और कमजोर हैं तो अब इनके ऊपर आप जो भी प्रोडक्ट इस्तेमाल कर रहे हैं सोच समझकर करना. पैराबेन और सल्फेट फ्री शैंपू का इस्तेमाल करें और हफ्ते में 2 से 3 बार हेयर मास्क लगाएं.
बालों के लिए नारियल का तेल (Coconut Oil) सबसे अच्छा है. इसे हल्का गर्म करके लगाएं. रातभर सिर पर तेल लगाने से परहेज करें. डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह है कि सिर धोने से 15 से 20 मिनट या आधा घंटा पहले सिर की तेल से मालिश करें और फिर सिर धोएं.
तौलिए से दें टावल ट्रीटमेंट
बालों को धो लेने के बाद गर्म पानी में तौलिया डुबोकर उसे निचोड़ें. इस तौलिए को अपने सिर को पूरी तरह कवर करते हुए बांधें और इस तौलिए से भाप लें. कम से कम 10 मिनट तौलिये को सिर पर बांधकर रखें.
हेयर स्पा में ना कराएं तेज मसाज
अक्सर लड़कियां हेयर मसाज करवाने या हेयर स्पा करवाने सैलून जाती हैं. सैलून वाले बालों को तेजी से खींचते हैं और जोरदार मसाज करते हैं. लेकिन, इस मसाज से बाल खिंचते हैं और ज्यादा टूटते हैं. ऐसे में डैमेज्ड बालों पर तेज मसाज ना कराएं.
डैमेज होने के बाद बालों पर दोमुंहे बाल ज्यादा नजर आने लगते हैं. ऐसे में दोमुंहे बालों को ट्रिम करवाते रहना चाहिए. इससे बाल शेप में भी आते हैं और बालों पर रूखापन कम नजर आता है. इससे ओपन क्यूटिकल्स भी धीरे-धीरे कम होने लगते हैं.
बाल और ज्यादा डैमेज ना हों इसके लिए बालों पर और ज्यादा केमिकल्स से भरपूर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल ना करें और अपने बालों की जड़ों का खासतौर से ध्यान रखें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.