फेस्टिव सीजन चल रहा है…. दशहरा अभी खत्म ही हुआ कि अब 29 अक्टूबर को करवा चौथ आ रहा है. अगले महीने दिवाली, भाई दूज या धनतेरस जैसे फेस्टिवल भी आ रहे हैं, जिसकी शॉपिंग लोगों ने शुरू कर दी है. हालांकि, कपड़ों से लेकर घर को सजाने का सामान खरीदने के लिए लोग अलग-अलग मार्केट को एक्सप्लोर कर रहे हैं. अगर आप शाही कपड़े या अपने घर को पारंपरिक लुक देना चाहते हैं तो आईएनए दिल्ली हाट मार्केट एक्सप्लोर करें. यहां आपको राजस्थान, बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत अलग-अलग राज्यों के खास प्रोडक्ट्स देखने और खरीदने का मौका मिल सकता है. अच्छी बात यह है कि आपको अलग-अलग मार्केट को एक्सप्लोर भी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पारंपरिक डेकोरेशन का सामान और कपड़े आपके फेस्टिवल को और खास बना देंगे.
दिल्ली हाट में मास्टर क्रिएशन का आयोजन
दिल्ली में कई मार्केट हैं जहां से दिवाली या करवा चौथ की शॉपिंग की जा सकती है, लेकिन आप आईएनए दिल्ली हाट जा सकते हैं. यहां पर वस्त्र मंत्रालय द्वारा मास्टर क्रिएशन का आयोजन किया गया है. यह 16 अक्टूबर से शुरू हो चुका है और 31 अक्टूबर तक चलने वाला है. इस मास्टर आयोजन में एक ही छत के नीचे आपको सब कुछ जैसे घर की डेकोरेशन, कपड़े, खाना या करवा चौथ की पूजा आदि का सामान बहुत ही आसानी से मिल जाएगा.
साड़ियों के मिलेंगे कई ऑप्शन
साड़ियां पसंद करने वाली महिलाएं इस मार्केट को एक्सप्लोर कर सकती हैं. यहां पर आपको वाराणसी, पश्चिम बंगाल, राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक की साड़ियां मिल जाएंगी. हालांकि, कुछ पारंपारिक साड़ियां काफी महंगी भी मिल सकती हैं, लेकिन आपको अपने रेट लगाने होंगे. कई दुकानदार रेट ज्यादा बताते हैं, जिसकी कीमत आपको साड़ी की क्वालिटी देखकर लगानी होगी.
हाथ से बना सामान मिलेगा
मास्टर क्रिएशन में आपको हाथ से बना सामान भी आसानी से मिल जाएगा. अगर आपका बजट अच्छा है या कुछ नया खरीदना है तो दिल्ली हाट बेस्ट जगह है. पूजा का सामान, घर को डेकोरेट करने का सामान, पीतल की मूर्तियों से लेकर ऑर्गेनिक धूपबत्ती या अगरबत्ती तक आपको सभी चीजें सही कीमत पर मिल जाएंगी. ऑर्गेनिक फूड प्रोडक्ट भी इस मार्केट में देखने को मिल सकते हैं और अगर आप ज्योतिष कुंडली और टैरो कार्ड रीडर से बात करना चाहते हैं तो वो भी यहां बैठे मिल जाएंगे.
आईएनए दिल्ली हाट तक कैसे पहुंचना होगा?
यह मास्टर आयोजन 31 अक्टूबर तक चलेगा. अगर आप यहां जाने का प्लान बना रहे हैं तो मेट्रो बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. इसके लिए आप आईएनए दिल्ली हाट स्टेशन तक आएं और गेट नंबर 5 से एग्जिट करें. मेट्रो से बाहर निकलते ही आपको दिल्ली हाट का गेट दिख जाएगा. हालांकि, अंदर जाने के लिए आपको 30 रुपए का टिकट लेना होगा. 30 रुपए का टिकट लेने के बाद आप मास्टर क्रिएशन से शॉपिंग कर सकते हैं.
अस्वीकरण– इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.