आंध्र प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने मेगा DSC भर्ती 2025 के तहत 16,347 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 20 अप्रैल से 15 मई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन इस ऑफिशियल वेबसाइट apdsc.apcfss.in के माध्यम से किया जाएगा। इस भर्ती में 14,088 पद जिला स्तर पर और 2,259 पद राज्य या जोन स्तर पर हैं। यह भर्ती और सालाना रोजगार कैलेंडर राज्य सरकार की प्रमुख चुनावी घोषणाओं में शामिल थे, जिन्हें अब लागू किया जा रहा है।
इस समय होगी भर्ती परीक्षा
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 6 जून से 6 जुलाई 2025 के बीच आयोजित की जाएगी। एलिजिबिलिटी की बात करें तो उम्मीदवार की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है, जिसकी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है।
AP DSC Recruitment 2025: जानें कैसे भरें एप्लिकेशन फॉर्म
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट apdsc.apcfss.in पर जाएं।
2. इसके बाद होमपेज पर दिए गए ‘Register Now’ पर क्लिक करें।
3. अब आप एप्लिकेशन मैनुअल को ध्यान से पढ़ें और ‘Proceed’ पर क्लिक करें।
4. यहां एक नई विंडो ओपन होगी, जहां आप अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आदि भरें और OTP द्वारा वेरीफाई करें।
5. अंत में आप आवश्यक डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट करें।
6. आप भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका एक प्रिंटआउट ले लें।
एक से अधिक पदों के लिए कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे सभी के लिए पात्र हों। ऐसे में उन्हें पदों की प्राथमिकता आवेदन करते समय दर्ज करनी होगी। आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा, इसलिए फॉर्म भरने से पहले सभी डिटेल ध्यान से जांचना जरूरी है।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आंध्र प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को मजबूती देने के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और किसी भी तरह की जानकारी या अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।