अडाणी फाउंडेशन ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अडाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने मुंबई पुलिस के बेड़े में 100 नई कारें शामिल करने के लिए 15 करोड़ रुपये का योगदान देने की घोषणा की है. प्रणव अडाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस पहल की जानकारी साझा करते हुए मुंबई पुलिस के जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की.
प्रणव अडाणी ने लिखा, "हम खाकी वर्दी में तैनात उन बहादुर जवानों को सलाम करते हैं, जो मुंबई को सुरक्षित रखने के लिए चौबीसों घंटे काम करते हैं." उन्होंने आगे कहा कि मुंबई पुलिस के बेड़े को आधुनिक और मजबूत बनाने में सहयोग देना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है.
मुंबई पुलिस फाउंडेशन ने जताया आभार
इस सहयोग के सिलसिले में प्रणव अडाणी ने मुंबई पुलिस मुख्यालय का दौरा भी किया और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की. मुंबई पुलिस फाउंडेशन ने अडाणी फाउंडेशन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह योगदान पुलिसकर्मियों के कल्याण और शहर के नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में काफी मददगार साबित होगा. प्रणव अडाणी ने कहा कि जो जवान 'कभी न सोने वाले शहर' की दिन-रात रक्षा करते हैं, उनके सहयोग में एक छोटी सी भूमिका निभाना उनके लिए गर्व का विषय है.
---विज्ञापन---
पुलिसकर्मियों के कल्याण और सुरक्षा पर जोर
मुंबई पुलिस फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि अडाणी फाउंडेशन का यह कदम पुलिस कर्मियों की भलाई के साथ-साथ शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा. पुलिस विभाग ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया है. प्रणव अडाणी की पुलिस मुख्यालय यात्रा के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले पुलिस बल की कार्यप्रणाली को सहयोग देने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई. यह सहयोग मुंबई पुलिस के संसाधनों को आधुनिक बनाने और शहर में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती देगा.
'समुद्र मंथन' योजना पर भी रख चुके हैं विचार
इससे पहले इसी महीने प्रणव अडाणी ने केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 'समुद्र मंथन' योजना की भी तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि यह पहल भारत की अपतटीय (ऑफशोर) ऊर्जा क्षमताओं को अनलॉक करेगी और घरेलू स्तर पर तेल व गैस की खोज को गति देगी. उनका मानना है कि यह योजना भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को सशक्त कर 'विकसित भारत' की नींव को और मजबूत बनाएगी.
---विज्ञापन---