केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के पतनमतिट्टा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य की एलडीएफ (LDF) सरकार और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर कड़ा प्रहार किया है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केरल की वामपंथी सरकार अब कम्युनिस्ट विचारधारा छोड़ चुकी है और पूरी तरह से ‘कॉर्पोरेट फंडेड’ सरकार बन गई है जिसे केंद्र की बीजेपी सरकार कंट्रोल कर रही है.
‘BJP और LDF के बीच गुप्त समझौता’
राहुल गांधी ने दावा किया कि केरल का चुनाव कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) और ‘एलडीएफ-बीजेपी के गठबंधन’ के बीच है. उन्होंने अपने दावे के पीछे तर्क देते हुए कहा, ‘बीजेपी उन लोगों पर हमला करती है जो उनके खिलाफ लड़ते हैं. मुझ पर 36 मामले दर्ज हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री पर बीजेपी का कोई हमला नहीं होता. इसका सीधा मतलब है कि पिनाराई विजयन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कंट्रोल करते हैं.’
कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विजयन अपने भ्रष्टाचार के कारण केंद्र के दबाव में हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘पूरी दुनिया जानती है कि नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप के साथ समझौता कर चुके हैं और ठीक उसी तरह मोदी आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल कर रहे हैं.’
सबरीमाला सोना चोरी मामले पर घेर
प्रधानमंत्री मोदी की रविवार की पलक्कड़ रैली का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम ने अपने भाषण में सबरीमाला मंदिर के स्वर्ण चोरी मामले पर चुप्पी साधे रखी. राहुल ने आरोप लगाया, ‘एलडीएफ नेताओं ने भगवान अयप्पा के मंदिर का सोना निकाल लिया और उसकी जगह पीतल रख दिया, लेकिन पीएम मोदी इस पर कुछ नहीं बोले. यह साबित करता है कि केरल में बीजेपी और सीपीआई (एम) के बीच सांठगांठ है.’
UDF के वादों पर जोर
राहुल गांधी ने यूडीएफ के प्रमुख चुनावी वादों को जनता के सामने रखा. इनमें महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 3,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता शामिल है. राहुल गांधी पतनमतिट्टा के बाद पुथुपल्ली में रोड शो और मध्य केरल की पांच अहम सीटों पर जनसभाएं करेंगे.
केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी. 1982 के बाद पहली बार 2021 में एलडीएफ ने लगातार दूसरी बार सत्ता में आकर केरल का ट्रेंड बदला था, जिसे इस बार यूडीएफ चुनौती दे रहा है.