उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के नतीजों को लेकर राजनीतिक पारा गरमा गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस चुनाव परिणाम को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है. प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “चार बड़े राज्यों-उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए. ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे. जरा अंदाजा लगाएं कि कांग्रेस ने इनमें से कितनी सीटें जीतीं?”
पीएम मोदी के इस सवाल के पीछे का सियासी संदेश बिल्कुल साफ है. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल अक्सर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल उठाते रहे हैं और चुनावों में बैलेट पेपर की वापसी की मांग करते रहे हैं. बीजेपी समर्थक जहां इसे कांग्रेस की जमीनी हकीकत बता रहे हैं, वहीं विपक्षी खेमे में इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
28 सीटों पर एमएलसी चुनाव के अब तक क्या नतीजे?
गौरतलब है कि यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के नतीजे और रुझान सामने आ गए हैं. बैलेट पेपर से हुए इस चुनाव में कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया, वहीं यूपी-बिहार में बीजेपी गठबंधन ने बढ़त बनाई है.
राज्यवार नतीजों और रुझानों का हाल
- कर्नाटक (4 सीटें): कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है. यहां की सभी 4 सीटों पर भाजपा-जेडीएस (NDA) गठबंधन ने कब्जा जमा लिया है. पश्चिम स्नातक सीट से बीजेपी के एसवी संकानूर जीते. दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर बीजेपी के चिदानंद एम गौड़ा विजयी रहे. उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट से बीजेपी के शशिल जी नामोशी ने लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की. बेंगलुरु शिक्षक सीट पर जेडीएस के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के सिटिंग एमएलसी पुट्टन्ना को हरा दिया.
- उत्तर प्रदेश (11 सीटें): यूपी की 11 सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच रहा. भाजपा ने मेरठ स्नातक (दिनेश गोयल), मेरठ शिक्षक (श्रीचंद शर्मा), लखनऊ शिक्षक (उमेश द्विवेदी) और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक (हरि सिंह ढिल्लों) सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं, समाजवादी पार्टी ने वाराणसी शिक्षक (लाल बिहारी यादव) और आगरा शिक्षक (आकाश अग्रवाल) सीटों पर जीत हासिल की. शेष सीटों पर मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट हो रही है.
- बिहार (8 सीटें): बिहार में दिलचस्प नतीजे देखने को मिले. पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद बड़ा उलटफेर हुआ, जहां राजद (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के दिग्गज नवल किशोर यादव को मात दी. तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र सिंह जीते. दरभंगा शिक्षक सीट पर ‘जन सुराज’ के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया. सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज जीते, जबकि पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार विजयी रहे.
- महाराष्ट्र (5 सीटें): महाराष्ट्र की 5 सीटों (3 स्नातक, 2 शिक्षक) पर महायुति और महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. यहां वरीयता मतों की गिनती के चलते अंतिम परिणामों की प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें : MLC चुनाव: यूपी, बिहार में BJP को बढ़त, मेरठ में दोहरी जीत और कर्नाटक में कांग्रेस को झटका