MLC Election Result Winner List: भारत में आज 4 राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हुए. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पटना, दरभंगा, तिरहुत, कोसी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण में चुनाव हुए. कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों स्नातक निर्वाचन क्षेत्र कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स, कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स में चुनाव हुए हैं. महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों स्नातक निर्वाचन क्षेत्र औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स में चुनाव हुए हैं.
उत्तर प्रदेश और की इन 11 सीटों पर चुनाव हुआ
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों यानी 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स, गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स शामिल हैं. गत 23 अक्टूबर को उपरोक्त 28 सीटों पर मतदान हुआ था और आज 27 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आए तो आइए जानते हैं कि इन 28 सीटों पर कहां से किस पार्टी के किस उम्म्मीदवार ने जीत दर्ज की है?
कर्नाटक में चारों सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ
कर्नाटक में विधान परिषद की 4 सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस को करारा झटका लगा है. विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) ने सभी 4 सीट जीत लीं. भाजपा ने 3 सीट बरकरार रखीं, जबकि जद (एस) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस को हराकर यह सीट अपने नाम कर ली. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़ रहे जद(एस) के ए पी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना को 908 मतों से हराया. रंगनाथ को 10810, जबकि पुट्टन्ना को 9902 मत मिले.
उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा सदस्य शशिल जी नामोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को 3297 मतों से हराया. नामोशी को 15596 और मत्तूर को 12299 मत मिले. यह इस सीट से नामोशी की पांचवीं जीत है. दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के के एम सुरेश ने कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मठ को 23098 मतों से हराया. पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा सदस्य एस वी संकनूर ने कांग्रेस के मोहन लिंबिकाई को 9323 मतों से पराजित किया. उन्होंने बताया कि संकनूर को 33711 मत मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 24,388 मत प्राप्त हुए.
चुनाव के नतीजों से राज्य की कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर असर पड़ने की आशंका नहीं है. हालांकि, इसे भाजपा और जद(एस) के बीच बेहतर तालमेल तथा विपक्षी गठबंधन के लिए राजनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है. विधान परिषद की चारों सीट पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. 75 सदस्यीय सदन में फिलहाल कांग्रेस के 38, भाजपा के 24 और जद(एस) के 6 सदस्य हैं. सदन में एक निर्दलीय सदस्य और सभापति सलीम अहमद भी हैं. सरकार द्वारा मनोनीत किए जाने वाले पांच सदस्यों के पद रिक्त हैं.
बिहार के पटना में 30 साल बाद भाजपा हारी
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनाव हुए और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. संजीव कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवल किशोर को 1057 मतों से हराया. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. इस हार के साथ पटना शिक्षक सीट पर भाजपा का करीब 30 साल पुराना वर्चस्व समाप्त हो गया. तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 मतों से पराजित किया. सिंह को 2945, जबकि झा को 2351 मत मिले. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद जीत हासिल की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1815 मतों से हराया. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की.
वहीं चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना बुधवार को भी जारी है.
UP विधान परिषद चुनाव में भाजपा को 4 सीटें
लखनऊ खंड शिक्षक सीट पर भाजपा के उमेश द्विवेदी ने एक बार फिर जीत हासिल की है. घोषित परिणामों के अनुसार, द्विवेदी को 13179 मत मिले, जबकि कुमार को 8371 मत प्राप्त हुए. बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट से भाजपा के उम्मीदवार डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर को 17676 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है. इस सीट पर भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है. आगरा-अलीगढ़ खंड शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के हरि किशोर तिवारी को हराकर जीत हासिल की है. मंडी समिति मतगणना केंद्र पर अग्रवाल को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया.