MLC Election Results: उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी दलों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. तीनों राज्यों के शिक्षक और स्नातक क्षेत्रों के आए परिणामों में एनडीए गठबंधन ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर जीत दर्ज की है. उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 7 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई. मेरठ से BJP ने क्लीन स्वीप करते हुए दोनों सीटों पर कब्जा किया. मेरठ के जिला सूचना अधिकारी सुमित यादव के मुताबिक, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से BJP के दिनेश कुमार गोयल और मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा ने जीत हासिल की है. दोनों विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाणपत्र सौंप दिया गया है.
एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट में स्नातक की पांच और शिक्षक की छह सीट शामिल हैं. मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जा रही है.
बिहार: तिरहुत में BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह जीते
बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने शानदार वापसी की है. उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 वोटों के अंतर से मात दी. नरेंद्र सिंह को 2,945 वोट मिले, जबकि भूषण झा को 2,351 वोट मिले.खबर के लिखे जाने तक दरभंगा स्नातक सीट पर पहले दौर की मतगणना के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद )समर्थित उम्मीदवार अनिल झा आगे चल रहे थे जबकि, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के सुरेश राय कांग्रेस के मदन मोहन झा से काफी आगे हैं. पटना की दो सीट के लिए मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जारी है.
कर्नाटक: BJP-जद(एस) गठबंधन ने कांग्रेस को दिया झटका
कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से BJP समर्थित जद(एस) उम्मीदवार ए. पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को हरा दिया. वहीं, उत्तर-पूर्व शिक्षक क्षेत्र से BJP के शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को हरा पांचवीं बार जीत दर्ज की. दक्षिण-पूर्व और पश्चिम स्नातक सीटों पर भी BJP उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.