Operation Sindhu: अमेरिका के हमले के बाद ईरान और इजरायल के बीच स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है। ऐसे में भारत सरकार की तरफ से ‘ऑपरेशन सिंधु’ को लेकर काम को तेज कर दिया गया है। रविवार को ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत 285 भारतीय नागरिकों के एक नए जत्थे को ईरान से निकालकर भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने इन 285 भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अगले 2 से 3 दिनों में ईरान से निकासी के लिए 3 और उड़ानें निर्धारित की गई हैं। अब तक 1,713 भारतीय नागरिकों को ईरान से भारत लाया जा चुका है।
इजरायल से जॉर्डन पहुंचे 162 भारतीय
पाबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि इजरायल से जॉर्डन पहुंचे 162 भारतीय नागरिकों को ‘एक या दो दिन के भीतर’ वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये भारतीय नागरिक जॉर्डन का बॉर्डर पार कर चुके हैं और एक से दो दिन में भारत आ जाएंगे। भारत सरकार ईरान के साथ-साथ इजरायल के संपर्क में है। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अगले 2 से 3 दिनों में ईरान से 3 और एग्जीट फ्लाइट ऑपरेशन करने का प्लान बनाया गया है।
ईरान से मशहद पहुंचे थे 285 भारतीय
इस दौरान पाबित्रा मार्गेरिटा ने बताया कि रविवार को वापस आए 285 भारतीय नागरिक पहले ईरान से मशहद पहुंचे थे, जहां से उन्होंने उड़ान भरी और भारत पहुंचे। इन 285 भारतीयों में जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल थे। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत ईरान से अब तक कुल 1713 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है।
जारी है ऑपरेशन सिंधु का काम
वहीं, विदेश मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत सरकार का निकासी प्रयास जारी है। वहीं, राज्य मंत्री मार्गेरिटा ने ऑपरेशन सिंधु पर बात करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन के जरिए आज 285 भारतीयों का नया जत्था ईरान से निकालकर भारत पहुंचा है।