Jammu Kashmir: राजौरी का दौरा कर सकती है NIA की टीम, 3 आतंकी घटनाओं में बच्चे समेत 5 लोगों की हुई है मौत

NIA

Jammu Kashmir: जम्मू में पिछले 24 घंटे में हुई तीन आतंकी घटनाओं के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जल्द ही घटनास्थल का दौरा कर सकती है। न्यूज एजेंसी ANI ने कहा कि सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के ऊपरी डांगरी गांव का दौरा करेगी।

रविवार शाम से ऊपरी डांगरी गांव में तीन अलग-अलग आतंकी हमलों में एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बता दें कि रविवार शाम दो अलग-अलग इलाकों में फायरिंग कर आतंकियों ने चार लोगों की हत्या कर दी थी।

रक्षा विशेषज्ञ बोले- कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए

रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल ने कहा कि कल राजौरी के मुस्लिम बहुसंख्यक इलाके में 3 हिंदुओं के घरों पर हमला किया गया। इनका मकसद उस इलाके में हिंदुओं में खौफ पैदा करना था। भारत सरकार को अल्पसंख्यकों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह के इरादे सफल न हों।

सोमवार सुबह राजौरी में हुआ IED ब्लास्ट

राजौरी के ऊपरी डांगरी गांव में सोमवार सुबह संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) ब्लास्ट में एक बच्चे की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि धमाका उस घर के पास हुआ जहां रविवार को आतंकवादियों ने गोलीबारी की घटना में चार नागरिकों की हत्या कर दी थी।

एडीजीपी मुकेश सिंह ने मीडिया को बताया, “रविवार को जहां आतंकियों ने फायरिंग कर दो लोगों की हत्या की थी, वहीं सोमवार सुबह एक विस्फोट हुआ। धमाके की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। एक अन्य की हालत गंभीर है।”

IED देखे जाने के बाद लोगों से सतर्क रहने को कहा

एडीजीपी सिंह ने इलाके में एक और संदिग्ध आईईडी देखे जाने पर लोगों को सावधान किया। उन्होंने कहा, “आईजी सीआरपीएफ सहित सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।” उन्होंने बताया कि ऊपरी डांगरी गांव में रविवार शाम तीन घरों पर दो आतंकियों ने फायरिंग की थी।

उधर, जम्मू-कश्मीर (J-K) एलजी मनोज सिन्हा के कार्यालय ने गोलीबारी की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। एलजी के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नृशंस हमले में मारे गए प्रत्येक नागरिक के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए उचित निर्देश दिया गया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ