हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से लेकर पीएम मोदी तक, देखें 11 अगस्त की बड़ी खबरें

जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले में सेना के 2 जवान शहीद हुए। देश के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन हो गया। 11 अगस्त की खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए News24 के साथ बने रहें।

News24 Today Breaking News in Hindi Live Updates

देखें देश-दुनिया की खबरें...

नमस्कार, 11 अगस्त की खबरों में आपका स्वागत है। दिल्ली में झमाझम बारिश हुई। पेरिस ओलंपिक 2024 का समापन हो जाएगा। बीते दिन जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले में सेना के 2 जवान शहीद हुए। देश के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंडिया एग्रीकल्चरल इंस्टीट्यूट में 61 फसलों की 109 किस्मों को जारी रखने के लिए किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत की।

विज्ञापन

LIVE UPDATES

दिल्ली में सरकारी स्कूल की दीवार गिरी

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में एक सरकारी स्कूल की दीवार गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। आपको बता दें कि दिल्ली एनसीआर में जमकर बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया।

कोलकाता रेप-हत्या मामले में ममता सरकार का बड़ा एक्शन

कोलकाता में लेडी डॉक्टर के रेप और मर्डर मामले में सीएम ममता बनर्जी ने बड़ा एक्शन लिया। ममता सरकार ने रविवार को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधीक्षक संजय वशिष्ठ को हटा दिया। डीन बुलबुल मुखोपाध्याय को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई। अगले आदेश तक प्रोफेसर डॉ. संजय वशिष्ठ कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज के फिजियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्य करेंगे।

'मेडल जैसा ही सम्मान मिले', विनेश फोगाट पर क्या बोले भूपेंद्र सिंह हुड्डा?

विनेश फोगाट की अपील के लिए CAS द्वारा समय बढ़ाए जाने पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जो भी फैसला आए, हरियाणा सरकार से हमारी मांग है कि गोल्ड मेडल मिलने जीतना ही उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।

पीएम मोदी ने किसानों और वैज्ञानिकों से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में फसलों की 109 उच्च उपज देने वाली, जलवायु अनुकूल और जैव-सशक्त किस्में जारी करते हुए किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत की।

उद्धव ठाकरे के काफिले पर हमले पर अपडेट

महाराष्ट्र में शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के काफिले पर हमला करने के मामले में अपडेट आया है। पुलिस ने 2 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, जिसमें 44 लोगों पर भारतीय दंड संहिता के तहत आरोप लगाए गए हैं। पहले मामले में 189 (2), 190, 191(2), 126(1), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 37 उपधारा (1) (3) के साथ धारा 135 के तहत भी केस दर्ज किया है। 32 महिलाओं समेत 12 पुरुष कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 61(2) 125, 189(2) 49, 190, 191(2), 324(4) के साथ धारा 37 उपधारा (1)(3) के साथ 135 अविनाश जाधव के साथ एमएनएस कार्यकर्ता प्रीतेश मोरे, आकाश पवार, अरुण जेटलू और मनोज चव्हाण पर आरोप लगाया गया है।

उत्तर प्रदेश में एक और ट्रेन हादसा

उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के बाद सोनभद्र में ट्रेन हादसा हुआ है। कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी के 2 डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन का इंजन भी पटरी से उतरा है। हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग प्रबंधन में खलबली मच गई। मालगाड़ी एनसीएल कोयला खदान से अनपरा थर्मल पावर प्लांट जा रही थी कि रास्ते में शक्ति नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव बासी में हादसे का शिकार हो गई। रेलवे प्रबंधन ने राहत और बचाव कार्य किया।

PM मोदी ने किसानों को दी बड़ी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज किसानों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) नई दिल्ली में फसलों की 109 ज्यादा उपज देने वाली, जलवायु अनुकूल और बायोफोर्टिफाइड किस्में लॉन्च की। इस अवसर पर उन्होंने किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत भी की। इन नई फसल किस्मों के महत्व पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कृषि में मूल्य संवर्धन के महत्व पर जोर दिया।

मनीष सिसोदिया एक्शन मोड में आए

तिहाड़ जेल से बाहर आते ही मनीष सिसोदिया एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव की कमान संभाल ली है। आज शाम 6 बजे आम आदमी पार्टी की बड़ी बैठक होगी। मनीष सिसोदिया ने अपने आवास पर यह बैठक बुलाई है और इसमें पार्टी के सभी नेताओं को शामिल होने के निर्देश हैं।

अमेठी में रिफाइंड ऑयल का टैंकर पलटा

उत्तर प्रदेश के अमेठी शहर में आज कच्चे रिफाइंड तेल से भरा टैंकर बीच सड़क पलट गया और लोग टैंकर से बह रहा रिफाइंड ऑयल लूट कर ले गए। किसी ने बोतल में तो किसी ने बाल्टी में रिफाइंड ऑयल भरा। टैंकर कलकत्ता से दिल्ली जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोग ऑयल लूट चुके थे। ड्राइवर को मामूली चोटें लगी हैं, लेकिन वह लोगों को तेल ले जाने से रोक नहीं पाया।

जम्मू-हिमाचल में भीषण लैंडस्लाइड

हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में आज भारी बारिश से भीषण लैंडस्लाइड हुआ। जम्मू में रामबन इलाके में मेहाद कैफेटेरिया के पास फ्लैश फ्लड आई, जिससे नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइनें लगी हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से लैंडस्लाइड के कारण 5 नेशनल हाईवे से संपर्क टूटा हुआ है।

बुलंदशहर में पुलिस और गौ-तस्करों में मुठभेड़

उत्तर प्रदेश के बुलन्दशहर में आज अलसुबह पुलिस और गौकशों में मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली लगने से 3 गौकश घायल हुए हैं। उनके कब्जे से गौकशी के उपकरण, 3 तमंचे, जिंदा कारतूस और 2 बाइक बरामद हुई हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों गौकशों के खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज हैं। बुलन्दशहर कोतवाली देहात और स्वाट टीम ने मिलकर गौकशों के खिलाफ अभियान चलाया।

दिल्ली के पूर्व मंत्री ने भाजपा ने निकाला

दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार को भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में संदीप सिंह ने भाजपा जॉइन की थी, लेकिन आरोप हैं कि संदीप ने अपना बैकग्राउंड और अपने से जुड़ी अहम जानकारियां छिपाकर भाजपा जॉइन की थी। उसके बारे में सच सामने आने के बाद भाजपा हाईकमान ने उसके खिलाफ एक्शन लिया।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर कांग्रेस का बयान

कांग्रेस ने हिंडनबर्ग रिसर्च की इस नई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस की ओर से बयान जारी करते हुए जयराम रमेश ने कहा है कि अडानी मेगा स्कैम की व्यापक और गहन जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति बननी चाहिए। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने सेबी प्रमुख माधबी बुच के इस्तीफे की मांग की है।

राजस्थान के दौसा में बस पलटी

राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। एक निजी बस हाईवे पर बीच सड़क पलट गई। बस अजमेर के किशनगढ़ से दिल्ली जा रही थी, जिसमें करीब 80 सवारियां थी। हादसा तेज रफ्तार के कारण बैलेंस बिगड़ने से हुआ। हादसे में करीब 15 सवारियां घायल हुई हैं, जिन्हें दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी सवारियों को मामूली चोटें लगीं।

जम्मू के किश्तवाड़ में आतंकियों से मुठभेड़

जम्मू कश्मीर में आज फिर आतंकियों से मुठभेड़ चल रही है। आज किश्तवाड़ जिले में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग हो रही है। वहीं कश्मीर के अनंतनाग के गडोले वन क्षेत्र में गहन सर्च ऑपरेशन जारी है। बीते दिन अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ में भारतीय सेना के 2 जवानों की मौत हो गई थी और 2 नागरिक घायल हो गए थे।

पेरिस ओलंपिक गेम्स का आज आखिरी दिन

पेरिस ओलिंपिक गेम्स 2024 का आज आखिरी दिन है। भारत ने गेम्स में 6 पदक जीते हैं और रैंकिंग में देश 71वें स्थान पर है। वहीं विनेश फोगाट के विवाद में फैसला अभी आना है। 13 अगस्त के लिए सुनवाई टल गई है। आज क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय दल का नेतृत्व 2 मेडल जीतने वालीं शूटर मनु भाकर और भारतीय हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश करेंगे।

पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन

देश के पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह का शनिवार देररात निधन हो गया। उन्होंने 93 साल की उम्र में लंबी बीमारी से जूझने के चलते आखिरी सांस ली। वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। पिछले कुछ हफ्तों से वे अस्पताल में भर्ती थे। आज दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ