दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश शुरू, निचले इलाकों में अलर्ट

Today News Headlines: कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस के विरोध में 2 दिन से चल रही देशभर के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। आज अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी।

Pune helicopter crash

Pune helicopter crash

Today Breaking News in Hindi: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज 14 अगस्त है और आज पड़ोसी देश पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है। वहीं आज भारत में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। आज अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस के विरोध में 2 दिन से चल रही देशभर के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश को संबोधित करेंगी। इसके अलावा आज दिनभर की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश शुरू, कई जगह जलभराव

दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश शुरू हो गई है। कई जगह जलभराव के मामले सामने आए हैं। मौसम विज्ञानियों ने दिल्ली में 3 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 18 अगस्त तक बारिश का अनुमान जताया गया है।

दमोह में पटरी से उतरी मालगाड़ी, 8 डिब्बे क्षतिग्रस्त

मध्य प्रदेश के दमोह में असलाना रेलवे स्टेशन पर हादसा हुआ है। यहां एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई है। उसके 8 डिब्बे ट्रैक से उतरे हैं। हादसे के कारण कटनी बीना रेलखंड बंद कर दिया गया है। हादसा शाम 6 बजकर 25 मिनट पर हुआ है।

अदम्य साहस दिखाने वाले 2 अफसरों को मिला शौर्य चक्र, 11 बहादुरों को नौसेना मेडल

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय नौसेना के 13 अफसरों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बहादुरों को सम्मानित किया। कैप्टन शरद सिंसनवाल, लेफ्टिनेंट कमांडर कपिल यादव को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। वहीं, कैप्टन बृजेश नांबियार, कैप्टन राजाबाबू शर्मा, कमांडर राहुल शर्मा, लेफ्टिनेंट कमांडर वैभव त्यागी, लेफ्टिनेंट कमांडर हरदीप सिंह, लेफ्टिनेंट कमांडर नवीन राठी, लेफ्टिनेंट कमांडर हर्षुल भट्ट, वीर सिंह यादव एमसीपीओ I (जीएस), अविनाश चौधरी एलएस (जीडब्ल्यू) जीआई, विशाल सी I (एमसी) और पार्स राणा एमई I को नौसेना पदक से सम्मानित किया गया है।

डोडा में शहीद कैप्टन दीपक को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई आतंकी मुठभेड़ में भारतीय सेना के कैप्टन दीपक शहीद हो गए हैं। चार आतंकियों को सेना ने मार गिराया है। कांग्रेस पार्टी ने शहीद कैप्टन को श्रद्धांजलि दी है। कांग्रेस ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि शहीद को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति दें। कांग्रेस पार्टी की संवेदनाएं परिजनों के साथ हैं।

तेलंगाना में अभिषेक मनु सिंघवी होंगे कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी

तेलंगाना में खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। दिग्गज नेता और मशहूर वकील अभिषेक मनु सिंघवी को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

पर्वतनेनी हरीश होंगे अमेरिका में भारत के स्थायी राजदूत

यूएस में भारत के अगले स्थायी राजपूत पर्वतनेनी हरीश होंगे। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि के तौर पर भी काम करने की जिम्मेदारी उनको दी गई है।

कुमारी सैलजा का ऐलान-हरियाणा कांग्रेस में नहीं गुटबाजी, चुनाव में करेंगे मेहनत

हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस में दरार की खबरें गलत हैं। पता नहीं इन कहानियों को कौन फैला रहा है? सैलजा ने कहा कि चुनाव में सभी नेता मेहनत करेंगे। सभी मिलकर काम करेंगे। पार्टी का असली लक्ष्य राज्य चुनाव जीतना है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज से मांगा जवाब

नई दिल्ली लोकसभा सीट से आप कैंडिडेट रहे सोमनाथ भारती की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सांसद बांसुरी स्वराज से जवाब मांगा है। भाजपा नेता को 30 दिन का समय दिया गया है। भारती का आरोप है कि चुनाव के दौरान भ्रष्ट आचरण के आरोप उन पर लगाए गए। जिसके बाद भारती ने उनके नई दिल्ली सीट से जीतने को चुनौती दी है।

निठारी हत्याकांडः CBI की अपील पर SC ने कोली को जारी किया नोटिस

नोएडा के निठारी हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को नोटिस जारी किया है। CBI की ओर से शीर्ष न्यायालय में अपील की गई थी। CBI की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने पुरानी अन्य याचिकाओं के साथ जोड़ा है। बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कोली को एक मामले में बरी किया था। जस्टिस बीआर गवई की अध्यक्षता वाली बेंच ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की है।

एयर इंडिया की फ्लाइट हादसे का शिकार होने से बची

एयर इंडिया की फ्लाइट आज हादसे का शिकार होने से बच गई। हादसा गोवा में दाबोलिम एयरपोर्ट पर हुआ। विमान से एक पक्षी टकरा गया, जिसके चलते फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। फ्लाइट मुंबई से लंदन जाने के लिए निकली थी कि पक्षी के टकराने के बाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। हादसा सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर हुआ। इस घटना के बाद आगे की जांच की जा रही है।

BJP विधायक केतकी सिंह को मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा विधायक केतकी सिंह को जान से मरने की धमकी मिली है। सिरफिरे अज्ञात व्यक्ति ने खुला चैलेंज दिया है। धमकी भरी पर्ची दीवार पर चिपकी मिली। इसमें विधायक केतकी सिंह के साथ 3 अन्य लोगों की हत्या करने की धमकी दी गई है। पुलिस और प्रशासन को भी चैलेंज किया गया है कि रोक सको तो रोक लो। सुखपुरा थाने के बेरूआरबारी ब्लॉक गेट के पास पर्ची चिपकाई गई। SP बलिया विक्रांत वीर ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

अनंत सिंह पटना हाईकोर्ट से बरी

बिहार के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से बरी कर दिया गया है। अनंत सिंह को साक्ष्य के अभाव में पटना हाईकोर्ट ने बरी किया। अनंत सिंह के बेढना स्थित घर से पुलिस ने एके 47 बरामद की थी। निचली अदालत ने पूर्व विधायक अनंत सिंह को सजा सुनाई थी। सजावार होने के बाद अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह मोकामा से विधायक जीत दर्ज की थी। बुधवार को पटना हाईकोर्ट के जस्टिस चंद्रशेखर झा ने मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को एके 47 बरामदगी एवं एक अन्य केस में साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। जस्टिस चंद्रशेखर झा की बेंच ने दोनों पक्षों के दलीलों को सुनते हुए ऑर्डर को रिज़र्व रखा था।

केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की 2 याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सीबीआई द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल ने अर्जी दी हुई है। वहीं दूसरी याचिका अंतरिम जमानत को लेकर थी, जो ठुकरा दी गई। आम आदमी पार्टी संयोजक की दोनों याचिकाओं पर जस्टिस सूर्यकांत और उज्ज्वल भुइयां की पीठ सुनवाई करेगी। कोर्ट ने अंतरिम जमानत की मांग ठुकराते हुए 23 अगस्त को नियमित जमानत पर सुनवाई करने का फरमान सुनाया। अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी किया है।

पंजाब में अकाली दल को लगा बड़ा झटका

पंजाब में आज शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। अकाली विधायक डॉक्टर सुखविंदर सुखी अकाली दल को छोड़ गए हैं। उन्होंने आज ही आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली।

पदयात्रा पर निकले मनीष सिसोदिया

दिल्ली में साल 2025 में विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया भी जेल से बाहर आ गए हैं, जिन्होंने चुनाव को लेकर अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। मनीष सिसोदिया दिल्ली और हरियाणा दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे। आज वे पदयात्रा पर निकले हुए हैं और पूरी दिल्ली में पदयात्रा करेंगे।

कोलकाता पहुंची सीबीआई, हाथ में लिया केस

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेप-हत्या मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद जांच शुरू हुई। दिल्ली से सीबीआई की टीम आज सुबह कोलकाता पहुंची। टीम में एक स्पेशल मेडिकल एक्सपर्ट और फोरेंसिक टीम शामिल है, जो हत्याकांड का एक-एक सबूत जुटाएगी और सरकार-मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेगी।

AIIMS के डॉक्टर जारी रखेंगे हड़ताल

कोलकाता कांड के विरोध में AIIMS के डॉक्टर हड़ताल जारी रखेंगे। इमरजेंसी सेवाएं, ICU और इमरजेंसी OT चालू रहेगी। FAIMA ने आज भी हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। बीएमसी एमएआरडी के अधिकारियों ने भी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने एक बैठक बुलाई, जिसमें कहा गया कि जब तक एसोसिएशन की सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती या इसे लिखित रूप में नहीं दिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी, लेकिन इमरजेंसी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

स्कूल की डायरेक्ट ने खुद को आग लगाई

झारखंड के बोकारो में एक निजी स्कूल की 68 वर्षीय निदेशक ने सोमवार को एनएचएआई अधिकारियों के साथ तीखी बहस के बाद खुद को आग लगा ली, जिन्होंने उन्हें इमारत खाली करने के लिए कहा था, क्योंकि यह विस्तार परियोजना में बाधा बन गई थी। आनंद मार्ग स्कूल प्रबंधन के दो गुटों के बीच विवाद के बीच स्कूल की जमीन के मुआवजे का मामला झारखंड हाईकोर्ट में लंबित है कि राशि किसे मिलनी चाहिए? इस बीच विवाद होने पर डायरेक्टर ने खौफनाक कदम उठा लिया।

बांग्लादेश की नई सरकार का ऐलान

बांग्लादेश की नई कार्यवाहक सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि 15 अगस्त को राष्ट्रीय अवकाश के रूप में नहीं मनाया जाएगा, बल्कि देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की हत्या की याद में राष्ट्रीय शोक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। मुहम्मद यूनुस के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि सलाहकारों की परिषद और राजनीतिक दलों के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

रेजिडेंट डॉक्टरों ने वापस ली अपनी हड़ताल

कोलकाता में महिला डॉक्टर से रेप करने के बाद बेरहमी से उसकी हत्या होने के विरोध में जारी डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। बीती शाम फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के एक दल ने देश के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। उसके बाद हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया। बैठक में मंत्री नड्डा ने डॉक्टरों की मांगें मान ली और उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कमेटी बनाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही आज से डॉक्टर्स अपनी सेवाओं पर वापस लौट आएंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ