सतीश कुमार होंगे रेलवे बोर्ड के नए CEO, 1 सितंबर को संभालेंगे कामकाज

Today News Headlines: जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो चुकी है। चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की तारीख भी फाइनल हो गई है। आज अरविंद केजरीवाल की CBI केस में कोर्ट में पेशी है।

Jammu-Kashmir Assembly Election 2024

Today Breaking News in Hindi: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी हो गई है। झारखंड के दिग्गज नेता चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। भाजपा जॉइन करने की तारीख सामने आ गई है। भाजपा CEC की बैठक में आज हरियाणा विधानसभा चुनाव उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो सकते हैं। आज ही पहली लिस्ट आ सकती है। आज दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की CBI केस में न्यायिक हिरासत खत्म हो रही है। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की बैठक में सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी। सुप्रीम कोर्ट में आज 18 राज्यों के मुख्य सचिव, जजों की पेंशन मामले में कोर्ट में पेश होंगे। इसके अलावा आज दिनभर की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

सतीश कुमार होंगे रेलवे बोर्ड के नए CEO, 1 सितंबर को संभालेंगे कामकाज

रेलवे बोर्ड के नए अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की घोषणा कर दी गई है। सतीश कुमार की नियुक्ति को रेलवे की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है। वे एक सितंबर को जया वर्मा सिन्हा की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।

छात्र ने हॉस्टल में फंदा लगाकर दी जान, आत्महत्या के पीछे सामने आई ये वजह

मौलाना आजाद कॉलेज में पीजी के छात्र ने हॉस्टल में खुदकुशी कर ली। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह डिप्रेशन बताया जा रहा है। छात्र का नाम अमित था। जो हरियाणा के नारनौल का रहने वाला था। उसने फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था।

बीआरएस नेता के कविता जेल से रिहा, समर्थकों ने ढोल बजाकर किया स्वागत

दिल्ली आबकारी नीति मामले में जमानत मिलने के बाद BRS लीडर के कविता को तिहाड़ जेल से छोड़ दिया गया है। वे 5 महीने से जेल में थीं। मंगलवार को ही सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत मंजूर की। जिसके बाद रात को उन्हें रिहा कर दिया गया। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उनको प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मार्च में अरेस्ट किया था। जेल परिसर से बाहर निकलते ही उनका स्वागत किया गया। बीआरएस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल बजाए। पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की। मौके पर कविता के भाई और BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव मौजूद रहे।

बीजेपी के बंद के आह्वान के बीच ममता सरकार का ऐलान, सब कुछ खुला रहेगा

पुलिस ने 'नबन्ना' अभियान के दौरान 220 लोगों को गिरफ्तार किया है। बीजेपी के बंद के आह्वान के बाद बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि कोई दफ्तर बंद नहीं होगा। सभी कर्मचारियों को अनिवार्य तौर पर आना होगा। अधिकारियों को सार्वजनिक और निजी परिवहन सेवाओं की व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, आरजी कर अस्पताल वित्तीय भ्रष्टाचार मामले में CBI ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के खिलाफ धारा 467 भी जोड़ दी है। जिसमें दोषी पाए जाने पर कम से कम 10 साल की सजा का प्रावधान है।

योगी कैबिनेट का फैसला, 24 साल बाद छात्रवृत्ति राशि में किया इजाफा

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक बुलाई थी। जिसमें अहम फैसले लिए गए हैं। 24 साल बाद संस्कृत विद्यालयों/महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि में इजाफा किया गया है। छठी और सातवीं क्लास के लिए 50 रुपये और कक्षा 8वीं के लिए 75 रुपये प्रति माह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं, कक्षा 9 व 10 के लिए 100 रुपये, कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों के लिए 150 रुपये प्रति छात्र प्रति माह छात्रवृत्ति का ऐलान किया गया है। शास्त्री के लिए 200 रुपये प्रति माह, आचार्य के लिए 250 रुपये प्रति माह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आपको बता दें कि आखिरी बार 2001 में छात्रवृत्ति राशि तय की गई थी।

दही हांडी के दौरान गिरे गोविंदा, 41 घायल; 8 की हालत गंभीर

मुंबई में दही हांडी के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। बहुमंजिला पिरामिड बनाने वाले 41 गोविंदा घायल हो गए हैं। मटकी फोड़ने के लिए जैसे ही ये लोग ऊपर चढ़े, नीचे गिर गए। जिसके कारण 41 को चोटें लगीं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने घटना की पुष्टि की है। 8 लोगों की हालत गंभीर है। जो अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल है।

Maharashtra | 41 Govindas injured during Dahi Handi festival in Mumbai: Brihanmumbai Municipal Corporation
— ANI (@ANI) August 27, 2024

कूनो नेशनल पार्क में चीते की मौत, पवन रखा था नाम

कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत होने का मामला सामने आया है। चीते का नाम अधिकारियों ने पवन रखा था। मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। अभी मामले की जांच की जा रही है।

गुजरात में समुद्र में पलटी नाव, एक नाविक की मौत; 3 लापता

गुजरात के जूनागढ़ जिले के मांगरोल में नाव पलटने से एक नाविक की मौत हो गई है। वहीं, 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं। 4 लोग घायल हैं। जय चामुंडा नाम की नाव समुद्र में पलट गई है। नाव वापस बंदरगाह लौट रही थी। घाट के करीब समुद्र की तेज़ लहरों से पलट गई। नाविक समुद्र में गिर गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

किसानों पर टिप्पणी को लेकर घिरीं कंगना रनौत, अब वकील ने भेजा मानहानि नोटिस

हिमाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद कंगना रनौत किसानों पर टिप्पणी के बाद घिरती दिख रही हैं। टिप्पणी करने के मामले में अब किसान संघर्ष समिति के नेता विश्वजीत रतौनिया ने उन्हें मानहानि नोटिस भेजा है। रतौनिया वकील भी हैं। नोटिस में कंगना से 7 दिन के भीतर माफी मांगने की मांग की गई है।

उपेंद्र कुशवाहा, मनन मिश्रा और रवनीत बिट्टू पहुंचे राज्यसभा, निर्विरोध हासिल की जीत

9 राज्यों की 12 सीटों पर जल्द राज्यसभा उपचुनाव होने हैं। इससे पहले ही बीजेपी के 3 उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। बिहार से उपेंद्र कुशवाहा और मनन कुमार मिश्रा के अलावा राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू निर्विरोध चुने गए हैं। बता दें कि बिहार, असम और महाराष्ट्र की 2-2 सीट, मध्य प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा, राजस्थान, ओडिशा और तेलंगाना 1-1 सीट पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी।

7 बजे तिहाड़ जेल से रिहा होंगी के कविता, SC से मिली है बेल

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भारत राष्ट्र समिति (BRS) नेता के कविता की बेल मंजर कर ली थी। वे तिहाड़ जेल में बंद थीं। उनको शाम 7 बजे तक जेल से रिहा किया जाएगा। के कविता को शर्तों के साथ जमानत मिली है।

बंगाल में बीजेपी ने कल 12 घंटे बंद का ऐलान किया

कोलकाता में महिला डॉक्टर से दरिंदगी के मामले में बीजेपी ने बंगाल बंद का ऐलान किया है। बुधवार को 12 घंटे बंद का आह्वान किया गया है। केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने मीडिया को इस बाबत जानकारी दी है।

गांदरबल से चुनाव लड़ेंगे उमर अब्दुल्ला, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 32 उम्मीदवार उतारे

जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला को गांदरबल से टिकट दिया गया है। वहीं, तनवीर सादिक जदीबल से चुनाव लड़ेंगे।

किश्तवाड़ से शगुन परिहार ने नामांकन भरा

भारतीय जनता पार्टी की किश्तवाड़ से उम्मीदवार शगुन परिहार ने आज अपना नामांकन पत्र भरा। इस मौके पर उनके साथ जम्मू कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष रविंद्र रैना भी साथ थे। बीजेपी द्वारा जारी की गई पहली लिस्ट में शगुन परिहार एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं। शगुन परिहार के पिता अजीत परिहार और चाचा की आतंकियों ने साल 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी थी। अनिल परिहार और अजीत परिहार की एक नवंबर 2018 को दुकान से लौटते समय आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिहार ब्रदर्स की हत्या जम्मू-कश्मीर पंचायत चुनाव से पहले की गई थी।

के कविता को सुप्रीम कोर्ट ने ज़मानत दी

दिल्ली शराब नीति घोटाला मामला में आरोपी के कविता को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने के कविता को 10-10 लाख के 2 बेल बॉन्ड जमा करने को कहा है। उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना होगा और वे गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश नहीं करेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कविता पिछले 5 महीने से जेल में हैं। ED और CBI दोनों मामलों में जांच पूरी हो चुकी है। 493 गवाह हैं। कुल 50 हजार के करीब पेज के दस्तावेज हैं। CBI और ED दोनों मामलों में कुल 57 आरोपी हैं। ऐसे में निकट भविष्य में ट्रायल पूरा होना संभव नहीं है।

कोलकाता रेप मर्डर केस में ताजा अपडेट

कोलकाता रेप मर्डर केस में बड़ा अपडेट आया है। सीबीआई के बाद जल्द ED मामले की जांच कर सकती है। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमित्ताओं के मामले ने सीबीआई के बाद अब ED मामले की जांच कर सकती है। ईडी जल्द ECIR दर्ज कर सकती है। CBI पहले ही अस्पताल के पूर्व अध्यक्ष संदीप घोष के खिलाफ करप्शन केस दर्ज कर चुकी है।

वडोदरा में भारी बारिश मचा रही कहर

वडोदरा में भारी बारिश कहर मचा रही है। आज चेतक ब्रिज के पास अपोलो कंपनी की बस फंस गई, जिसमें में 20 कर्मचारी सवार थे। नगरसेवक भाणजी पटेल और अग्निशमन दल के सदस्य बोट के जरिए बस तक पहुंचे और सभी कर्मचारियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। चेतक ब्रिज के ऊपर से विश्वामित्री नदी का पानी बह रहा था। निगमायुक्त और फायर ब्रिगेड की सतर्कता से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बिहार में 12वीं के स्टूडेंट का मर्डर

बिहार के मोतिहारी में इंटर के छात्र की चाकू गोदकर हत्या की गई है। आज सुबह घोड़ासहन थाना क्षेत्र में धान के खेत मे बोरा में लपेटा युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को बरामद करके करवाई शुरू कर दी है। घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ललुआ स्कूल के समीप धान के खेत में हुई। शव की पहचान निमुइया गांव के रामजी साह के पुत्र विकास कुमार 21 वर्ष के रूप में हुई है, जो मोतिहारी में रहकर इंटर की पढ़ाई करता था। मृतक के भाई के अनुसारख् कल शाम को वह जन्माष्टमी की मेला देखने गए थे।मेला देखकर घर लौटने के बाद दोनों से गए, लेकिन सुबह भाई नहीं मिला। तलाश करते हुए खेत में पहुंचे तो उसकी लाश मिली।

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में नर्सिंग की छात्रा से रेप

महाराष्ट्र में एक ओर रेप केस सामने आया है। रत्नागिरी में नर्सिंग की छात्रा से रेप की वारदात हुई है। लड़की शहर में ही एक खाली मैदान में बेहोशी की हालत में मिली। लड़की का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। लड़की रत्नागिरी के निजी अस्पताल में नर्सिंग की पढ़ाई करती है। उसकी उम्र 19 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ने रेप की वारदात को अंजाम दिया है।

झारखंड और बिहार में अलसुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। झारखंड के पाकुड़, दुमका, देवघर, साहिबगंज, रामपुर सहित आसपास के इलाकों में और बिहार के भागलपुर में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र झारखंड का पाकुड़ में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे मिला। भूकंप से किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

SC में आज 18 राज्यों के मुख्य सचिव पेश होंगे

आज जजों की पेंशन मामले में 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव सुप्रीम कोर्ट में पेश होंगे। न्यायिक अधिकारियों को बकाया पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान पर विवाद चल रहा है। द्वितीय राष्ट्रीय न्यायिक वेतन आयोग (SNJPC) की सिफारिशों को लागू नहीं करने के लिए सचिवों को तलब किया गया है। चीफ जस्टिस ने 22 अगस्त को पेश होने का आदेश दिया था।

कोलकाता में भाजपा का विरोध प्रदर्शन

कोलकाता रेप मर्डर के विरोध में भाजपा ने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। भाजपा आज मुख्यमंत्री आवास नाबन्ना का घेराव करेगी। इसके मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की पूरी तैयारी कर ली है। 6 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, 26 डीसी रैंक के अधिकारी मौजूद रहेगा। 19 जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। ड्रोन से निगरानी की जाएगी। हावड़ा मैदान, सांतरागाछी, फोरशोर रोड, मंदिरतला इलाकों में बड़े बैरिकेडिंग के साथ पुलिस, RAF और लड़ाकू बल तैनात रहेगा।

BJP में शामिल होंगे चंपई सोरेन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। बीती रात गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उनकी भाजपा में एंट्री फाइनल हो गई। इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा ने एक ट्वीट करके जानकारी दी कि चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे। चंपई के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई के नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा

आंध प्रदेश के कडप्पा में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा कडप्पा-रायचोटी नेशनल हाईवे पर गुव्वलचेरुवु घाट रोड पर हुआ है। एक कंटेनर और कार की टक्कर हुई है। कंटेनर कडप्पा से गुव्वलचेरुवु जा रही कार से टकरा गया।

कांग्रेस ने जारी की चुनाव उम्मीदवारों की सूची

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 9 उम्मीदवारों के नाम हैं। इससे पहले बीते दिन भाजपा ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था, लेकिन सूची 2 बार जारी हुई। पहले एक सूची जारी हुई, जिसमें 44 उम्मीदवारों के नाम थे, लेकिन विवाद के चलते सूची वापस ले ली गई। इसके बाद 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ