कठुआ में आतंकी हमले से लेकर पीएम मोदी के ऑस्ट्रिया दौरे तक...देखें 9 जुलाई की बड़ी खबरें

Aaj Ki Taaza Khabar: जम्मू कश्मीर में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला हुआ है। मानसून की बारिश ने मुंबई शहर को जलमग्न कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के रूस दौरे का आज दूसरा दिन है। इसके अलावा आज दिनभर के लाइव अपडेट्स के लिए देखें News24…

News24 Today Breaking News in Hindi Live Updates

देखें देश-दुनिया की खबरें...

Today Breaking News in Hindi: नमस्कार, आज की खबरों के संसार में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों और घुसपैठ की घटनाएं बढ़ती जा रही है। बीते दिन भी कठुआ में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें 5 जवान शहीद हो गए। दूसरी ओर, मुंबई में मानसून की भारी बारिश में तबाही मचाई हुई है। शहर के कई इलाके पानी में डूबे हैं। PM मोदी रूस दौरे पर हैं। आज दूसरे दिन उन्होंने 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लिया। मॉस्को में भारतीयों को संबोधित किया। इसके अलावा आज दिनभर की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

बाढ़ ने बिगाड़े असम के हालात, कई गांव खाली कराए गए

असम में बाढ़ के कारण लगातार स्थिति खराब होती जा रही है। सरकार ने कई गांव खाली करवा लिए हैं। बाढ़ के कारण असम में अब तक 79 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण बाढ़ से स्थिति भयावह होती जा रही है।

असम में बाढ़ के कारण 7 लोगों की मौत

असम में बाढ़ लगातार तबाही मचा रही है। कई जिलों में हालात बेहद खराब हैं। अभी तक बाढ़ के कारण करोड़ों की संपत्ति तबाह हो चुकी है। वहीं, बाढ़ के कारण 7 लोगों की मौत मंगलवार को हुई है। कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। अभी तक 79 लोग बाढ़ से मर चुके हैं।

पीएम मोदी ऑस्ट्रिया रवाना, चांसलर कार्ल नेहमर के साथ करेंगे वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस दौरे के बाद ऑस्ट्रिया रवाना हो गए हैं। 41 साल बाद कोई भारतीय पीएम ऑस्ट्रिया दौरे पर गए हैं। मोदी की चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता होगी। पीएम मोदी वहां दो दिवसीय दौरे पर गए हैं। पीएम मोदी ऑस्ट्रिया में उद्योगपतियों को भी संबोधित करेंगे।

तेलंगाना BJP अध्यक्ष का कांग्रेस पर हमला, वोटों के लिए झूठी गारंटी दी

केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस 6 गारंटी जैसे वायदे करके सत्ता में आई। जितने वायदे किए गए थे, 7 महीने में एक भी वायदा पूरा नहीं हो सका है। सीएम गांव-गांव घूम रहे हैं। क्या कांग्रेस ने सत्ता के लिए झूठे वायदे किए? कांग्रेस इसका जवाब दे।

आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

इंडियन आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पश्चिमी कमान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। द्विवेदी ने वेस्टर्न आर्मी कमांडरों के साथ भी विस्तार से चर्चा की। मीटिंग में आने वाले दिनों में आतंकरोधी अभियानों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

पुणे में जीका वायरस के दो और केस मिले

महाराष्ट्र के पुणे शहर में जीका वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दो और मरीज जीका वायरस के मिले हैं। शहर में अब तक 15 केस सामने आ चुके हैं।

पीलीभीत में बाढ़ के बीच वायुसेना ने संभाला मोर्चा, कई लोगों को किया एयरलिफ्ट

यूपी के पीलीभीत जिले में बाढ़ के कारण हालात काफी खराब हो गए हैं। वायुसेना भी लोगों की मदद के लिए उतर गई है। 24 घंटे में वायुसेना से 7 लोगों को एयरलिफ्ट किया है। वायुसेना के साथ एनडीआरएफ, पीएसी, एसडीआरएफ, एसएसबी की टीमें भी लोगों की मदद में जुटी हैं।

यूपी में पिता के साथ खेत में गया था बेटा, नहीं लौटा घर; सुबह मिला शव

उत्तर प्रदेश के एटा में नगला बैनी गांव में एक लड़के का शव तालाब में मिला है। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता महेश यादव के साथ खेत जोतने गया था। पिता ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसके बाद वीकेश कुछ काम होने की बात कह वहां से चला गया था। रात को भी घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव तालाब से मिला है।

आतंकी ग्रुप सिख फॉर जस्टिस पर प्रतिबंध 5 साल बढ़ा

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आतंकी समूह सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के खिलाफ बैन को बढ़ा दिया है। मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि 10 जुलाई 2024 से 5 साल के लिए बैन को फिर से बढ़ाया गया है। यह संगठन भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त है।

फर्रुखाबाद में ओवरब्रिज से गिरी बाइक, एक युवक की मौत, दो गंभीर

यूपी के फर्रुखाबाद में हादसे में एक युवक की मौत हो गई, 2 घायल हो गए। शादी में तंदूर लगाने शमसाबाद जा रहे युवकों की बाइक शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज से नीचे गिरने से हादसा हुआ। दो लोगों की हालत नाजुक है, जिनको रेफर किया गया है। दोनों युवक भाई हैं।

CBI ने नीट पेपर लीक मामले में दो और आरोपी दबोचे

सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार से दबोचे गए हैं। एक आरोपी परीक्षार्थी है, जबकि दूसरा एक अन्य परीक्षार्थी का पिता है। दोनों को नालंदा और गया जिले से अरेस्ट किया गया है।

पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की अंतरिम जमानत याचिका खारिज

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनकी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। जैन ने याचिका में अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया था।

कठुआ में आतंकी हमले वाली जगह पहुंचे NIA अधिकारी

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सेना के काफिले पर सोमवार को आतंकी हमला हुआ था। जिसमें 5 जवान शहीद हो गए थे। हमले की जांच के लिए एनआईए की टीम अब घटनास्थल पर पहुंच गई है। आतंकियों ने घात लगाकर अटैक किया था।

मोहन लाल बड़ौली होंगे हरियाणा के नए BJP अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने सोनीपत की राई विधानसभा सीट से विधायक मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। हरियाणा में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बड़ौली ने लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। लेकिन हार गए थे।

PM Modi ने जताया पुतिन का आभार, बोले-भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद

पीएम नरेंद्र मोदी ने मॉस्को दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में पीएम मोदी ने भव्य स्वागत और सम्मान के लिए पुतिन का आभार व्यक्त किया। पीएम ने कहा कि भारत में आम चुनावों में हमें शानदार जीत मिली है। आपने जो शुभकामनाएं दी, उसके लिए आपका आभार व्यक्त करते हैं।

जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में संदिग्ध IED बरामद

जम्मू और कश्मीर में नगरोटा नेशनल हाईवे 44 पर एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की साजिश नाकाम हो गई है। हाईवे के सेल्फी पॉइंट के पास एक संदिग्ध IED मिली, जिसे सुरक्षाबलों द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया है।

PM Modi ने मॉस्को में एटीओएम मंडप का दौरा किया, पुतिन रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस की राजधानी मॉस्को में वीडीएनकेएच प्रदर्शनी केंद्र में पहुंचकर एटीओएम मंडप का दौरा किया। उनके साथ राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मौजूद रहे।

सचिन पायलट का सरकार पर निशाना, बोले-कश्मीर में बढ़ते आतंकी हमलों पर दे सफाई

कठुआ आतंकी हमले के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पायलट ने कहा कि सरकार संसद में दावा कर रही है कि कश्मीर में हालात नॉर्मल हैं। लेकिन वहां लगातार सुरक्षाबलों पर हमले हो रहे हैं। लगातार जवान अपनी जान गंवा रहे हैं। सरकार इसको लेकर अपनी सफाई दे।

हरियाणा में 14 जगहों पर ED की रेड

हरियाणा में Vat Scam मामले को लेकर ईडी ने 14 जगहों पर रेड की है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें सुबह से ही पूछताछ में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि हरियाणा के 3 एचसीएस अफसरों के साथ-साथ अन्य लोगों के घरों में ईडी ने दबिश दी है।

हाथरस मामले पर बोले राजभर, जांच के आधार पर की कार्रवाई

हाथरस मामले में एसआईटी की रिपोर्ट पर यूपी के मंत्री ओपी राजभर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है। अगर विपक्ष संतुष्ट नहीं है तो वह बताए कि किस एजेंसी से जांच करवानी है? सरकार अपने कदम पीछे नहीं हटाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

राहुल गांधी पर शाजिया इल्मी का हमला, बोलीं-कब जाएंगे बंगाल?

भारतीय जनता पार्टी की नेता शाजिया इल्मी ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के वीडियो में टीएमसी विधायक मदन मित्रा और उनके साथी जिस तरह महिला की पिटाई कर रहे हैं। लगता है उसकी चीखें ममता बनर्जी और राहुल गांधी तक नहीं पहुंची। राहुल गांधी कब बंगाल जाने वाले हैं?

UP के हरदोई में भीषण सड़क हादसा

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में आज भीषण सड़क हादसा हुआ है। ब्रेक फेल होने से तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में घुस गई। हादसे में बस की नीचे कुचले जाने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को हरदोई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जेसीबी की मदद से राहत बचाव और कार्य जारी है। घटनास्थल पर प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए हैं।

भोले बाबा के मैनपुरी आश्रम के बाहर पुलिस तैनात

आज मंगलवार को नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के मैनपुरी के आश्रम में भक्तों का तांता लगा। यह देखकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एक टुकड़ी भी आश्रम के बाहर तैनात कर दी गई। इसके बाद आश्रम के अंदर पुलिस ने भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया। आश्रम के बाहर से ही नतमस्तक होकर भक्त हाजिरी लगाने लगे।

शहीद कैप्टन अंशुमन के परिजनों से मिले राहुल गांधी

राहुल गांधी आज रायबरेली के दौरे पर हैं। मौसम खराब होने की वजह से हेलिकॉप्टर टेकऑफ नहीं कर पाया तो वे सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे। उन्होंने रायबरेली के साथ अमेठी और सुल्तानपुर के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। वे अलग-अलग प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कर रहे हैं। एक डेलीगेशन से 10 मिनट तक मुलाकात की। राहुल कार्यकर्ताओं से विकास कार्यो की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बलिदानी कैप्टन अंशुमन के परिजनों से मुलाकात करके शोक जताया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वादा निभाया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों से किया वादा पूरा किया है। किसान आंदोलन में मारे गए किसानशुभकरण के परिवार से मिलकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुआवजा राशि प्रदान की। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां शुभकरण के परिवार को एक करोड़ रुपये का चेक दिया गया। परिवार को दिया नौकरी का नियुक्ति पत्र भी दिया।

संबोधन के जरिए PM मोदी का पुतिन का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस में भारतवंशियों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन को खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को influence नहीं confluence की जरूरत है। मैंने संकल्प लिया है कि अपने तीसरे कार्यकाल में 3 गुनी रफ्तार से काम करुंगा। तीसरी सरकार है, तीसरी बार प्रधानमंत्री बना हूं। 3 का नंबर खास है तो 3 गुनी स्पीड से काम होगा। भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। 3 करोड़ गरीब लोगों के लिए घर बनाएंगे। 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना टारगेट है।

नासिक में बस खाई में गिरी

नासिक-सूरत रूट पर आज एक सड़क हादसा हुआ है। सापूतारा घाट पर एक बस खाई में गिर गई। सापूतारा घाट रूट से 60 यात्रियों को सूरत ले जा रही प्राइवेट बस के ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे हादसा हो गया। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ।सापुतारा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू किया।

उत्तराखंड में बाढ़ और लैंड स्लाइड का खतरा मंडराया

उत्तराखंड में आज 13 जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट मौसम विभाग ने दिया हुआ है। इससे बाढ़ आने और लैंडस्लाइड की घटनाएं होने का खतरा है। इसे देखते हुए सरकार ने NDRF और SDRF की टीमों को स्टैंडबाय पर रखने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह के हालातों से समय रहने निपटा जा सके।

अमेठी में सड़क हादसे में 5 की मौत

दिल्ली से बिहार के सिवान जा रही बस को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें बस में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा अमेठी में बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के तहत पड़ने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बस 60 लोगों से भरी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा उड़ गया। सीओ अतुल सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा रात 2.30 बजे हादसा हुआ।

हाथरस हादसे की जांच रिपोर्ट सौंपी गई

उत्तर प्रदेश के हाथरस में मची भगदड़ मामले में सरकार द्वारा गठित SIT ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें 132 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट में बदइंतजामी का जिक्र है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज सुबह यह रिपोर्ट सौंपी गई, जिस पर वे अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। रिपोर्ट में सिलसिलेवार तरीके से बताया गया है कि भगदड़ कैसे और क्यों मची? हादसे के लिए जिम्मेदार कौन-कौन लोग हैं?

बिहार में हादसे में 5 लोगों की मौत

बिहार के बेगूसराय में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। एक ऑटो और कार की टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों के मरने की खबर हैं। पांचों मृतक ऑटो में सवार थे। कार सवार 3 लोग घायल हुए हैं। हादसा NH-31 फोरलेन पर थाना क्षेत्र के बीहट रतन चौक के पास हुआ। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हादसे का केस दर्ज कर लिया है।

प्रधानमंत्री रूस दौरे पर, ऑस्ट्रिया भी जाएंगे

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मौदी रूस के दौरे पर हैं। आज वहां उनका दूसरा दिन है। पहले दिन उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। आज वे 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज भारतीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे मॉस्को में भारतीयों से मिलेंगे। करीब 500 भारतीयों को संबोधित करेंगे। यह इवेंट मॉस्को के होटल कार्लटन के बॉलरूम में होगा। रूस से प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रिया जाएंगे। पिछले 41 सालों में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री ऑस्ट्रिया की यात्रा करेंगे।

जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमला

जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के गांव मछेड़ी में बीते दिन सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें 5 जवान शहीद हुए। अब आतंकियों की तलाश के लिए पैरा कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। हमले में घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए पठानकोट सैनिक अस्पताल में भर्ती किया गया है।

हमले में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) समेत 5 जवान शहीद हुए हैं। सेना के जवाब लोहाई मल्हार ब्लॉक के मछेड़ी इलाके के बडनोटा में सर्च ऑपरेशन पर थे। इस दौरान आतंकियों ने घात लगाकर हमला किया। हमला करने वाले आतंकी 3 थे, जो हथियारों से लैस थे। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर टाइगर्स नाम के आतंकी संगठन ने ली है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ