अधीर रंजन चौधरी ने प्रदेशाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। इसके अलावा आज दिनभर की खबरों के ताजा लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

News24 Hindi Breaking News LIVE Updates

देश-दुनिया की खबरें देखें...

नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका वेलकम है। आज की प्रमुख खबरों की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में हुए G7 समिट में शिरकत की। इस दौरान उनकी मुलाकात यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और पोप फ्रांसिस से हुई। इसके अलावा अमेरिका और आयरलैंड के बीच T-20 वर्ल्ड कप मैच खेला जाएगा। भारत और अमेरिका के बीच खेले जाने वाले मैच पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। फ्लोरिडा बाढ़ की चपेट में है, जिसके वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसके अलावा आज दिनभर की खबरों के ताजा लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

अधीर रंजन चौधरी ने प्रदेशाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि जब सीएम ममता बनर्जी से तालमेल हो रहा था तब भी मैंने इस्तीफा दिया था, लेकिन तब मुझे रोका गया। आलाकमान ने कहा था कि काम पर बने रहें जब तक अरेंजमेंट नहीं होता।

अधीर रंजन चौधरी ने प्रदेशाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि जब सीएम ममता बनर्जी से तालमेल हो रहा था तब भी मैंने इस्तीफा दिया था, लेकिन तब मुझे रोका गया। आलाकमान ने कहा था कि काम पर बने रहें जब तक अरेंजमेंट नहीं होता।

जी-7 शिखर सम्मेलन में क्या बोले पीएम मोदी?

इटली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में अपने संबोधन के दौरान कहा कि पिछले सप्ताह आप में से कई लोग यूरोपीय संसद के चुनावों में व्यस्त थे। कुछ मित्र आने वाले समय में चुनावों के उत्साह से गुजरेंगे। भारत में भी कुछ महीने पहले चुनाव का समय था। तकनीक के सर्वव्यापी उपयोग से पूरी चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी है। यह मेरा सौभाग्य है कि भारत की जनता ने मुझे लगातार तीसरी बार उनकी सेवा करने का अवसर दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के रूप में भारत की जनता ने जो आशीर्वाद दिया है, वह लोकतंत्र की जीत है। यह पूरे लोकतांत्रिक विश्व की जीत है।

शीना बोरा हत्याकांड मामले में गायब हो गया अहम सबूत

शीना बोरा हत्याकांड मामले में एक अहम सबूत गायब हो गया है। अभियोजन पक्ष ने सीबीआई अदालत को बताया है कि जिन हड्डियों को लेकर सीबीआई का दावा है कि वह शीना बोरा के अवशेष हैं, वह कथित तौर पर गायब हो गई हैं और उनका पता नहीं चल पा रहा है। यह जानकारी इंद्राणी मुखर्जी के वकील रणजीत सांगले ने दी है।

NEET मामले पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, पीएम मोदी से मांगा जवाब

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि व्यापम घोटाले से लेकर NEET घोटाले तक लगभग 41 स्थानों पर राज्य व केंद्र सरकारों में शासकीय भर्ती के विषय पर जब भी परीक्षाएं हुई उनमें पेपर लीक की समस्याएं हुई हैं। दुख इस बात का है कि प्रधानमंत्री चुप हैं। यह भी बताया जा रहा है कि एक छात्र जिसे NEET में 720 अंक आए वह 12वीं में फेल हुआ है। मैं प्रधानमंत्री और धर्मेंद्र प्रधान से पूछना चाहता हूं कि प्रदीप कुमार जोशी UPSC के अध्यक्ष रहे, अब NTA के अध्यक्ष बनाए गए हैं, उन्हीं की अध्यक्षता में इतना बड़ा घोटाला हुआ है लेकिन जांच के आदेश भी वही दे रहे हैं और जांच भी वही करेंगे। यदि जिसने जुर्म किया है उसे जांच सौंप दी जाए तो घोटाले कैसे कम होंगे? जिस दिन NEET परीक्षा हो रही थी बिहार, गुजरात में मामले दर्ज हुए, NTA कहती है कि कोई अनियमितता नहीं हुई है। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। मैं इस मामले की तकनीकी फॉरेंसिक जांच की मांग करता हूं। मैं प्रधानमंत्री से अनुरोध करूंगा कि पूरी NEET परीक्षा को रद्द करें और फिर से परीक्षा हो।

लोकसभा चुनाव के रिजल्ट पर क्या बोले ओपी राजभर

SBSP प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि NDA गठबंधन में जितने भी लोग हैं वे अपनी ओर से समीक्षा करेंगे कि कहां कमी रह गई, कहां दिक्कत हुई। भाजपा भी अपने नेताओं को लगाकर धरातल से खबर इकट्ठा कर रही है कि क्या कमी रही। इसको दूर कर आगे मजबूती से कदम बढ़ाया जाए और लड़ा जाए।"

अरुंधति रॉय के खिलाफ चलेगा UAPA के तहत मुकदमा, दिल्ली के एलजी ने दी अनुमति

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार ने यूएपीए के तहत लेखिका अरुंधति रॉय के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी। साल 2010 में अरुंधति रॉय पर एक कार्यक्रम में कथित भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा था। इसके लिए दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने अरुंधति रॉय के खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून के तहत केस चलाने की मंजूरी दे दी।

अरुंधति रॉय के खिलाफ चलेगा UAPA के तहत मुकदमा, दिल्ली के एलजी ने दी अनुमति

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार ने यूएपीए के तहत लेखिका अरुंधति रॉय के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी। साल 2010 में अरुंधति रॉय पर एक कार्यक्रम में कथित भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा था। इसके लिए दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने अरुंधति रॉय के खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून के तहत केस चलाने की मंजूरी दी है।

कुवैत अग्निकांड में मारे गए बिहार के लोगों के परिजनों को मुआवजा देगी सरकार

कुवैत अग्निकांड में बिहार के भी दो लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर नीतीश सरकार ने हादसे में मारे गए बिहार के दो लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया।

कुवैत अग्निकांड में मारे गए बिहार के 2 लोगों के परिजनों को मुआवजा देगी नीतीश सरकार

कुवैत अग्निकांड में बिहार के भी दो लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर नीतीश सरकार ने हादसे में मारे गए बिहार के दो लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया।

लोकसभा में पार्टी के लीडर ऑफ हाउस बनाए गए गुरमीत सिंह मीत

आम आदमी पार्टी ने गुरमीत सिंह मीत हेयर को लोकसभा में पार्टी का लीडर ऑफ हाउस बनाया। वहीं, राज कुमार चब्बेवाल डेप्युटी लीडर बनाए गए। आप ने लोकसभा में मालविंदर सिंह कंग को पार्टी का चीफ व्हीप बनाया।

इटली की प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी का किया वेलकम

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। भारत जी-7 शिखर सम्मेलन में 'आउटरीच राष्ट्र' के रूप में भाग ले रहा है।

संसद में अपने मंत्रिपरिषद का परिचय कराएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जून को संसद के दोनों सदनों में अपने मंत्रिपरिषद का परिचय करवाएंगे।

कुवैत से उड़ान भरी स्पेशल फ्लाइट दिल्ली पहुंची

आईएएफ की एक स्पेशल फ्लाइट ने कुवैत से उड़ान भरी और कोच्चि होती हुई दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड की। इस फ्लाइट में कुवैत अग्निकांड में मारे गए लोगों के ताबूत हैं। 31 ताबूत कोच्चि एयरपोर्ट पर उतार दिए गए थे और बाकी दिल्ली पहुंचा।

नाबालिग से यौन शोषण मामले में पूर्व CM येदियुरप्पा को मिली राहत

कर्नाटक के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा को नाबालिग से यौन शोषण मामले में बड़ी राहत मिली। हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। अगली सुनवाई तक येदियुरप्पा को गिरफ्तारी नहीं होगी।

पुणे पोर्श कांड में न्यायिक हिरासत में भेजे गए नाबालिग के माता-पिता

पुणे पोर्श केस में नाबालिग आरोपी के माता-पिता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अदालत ने नाबालिग के माता-पिता और एक अन्य आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

मध्य प्रदेश में 24 घंटे खुले रहेंगे मॉल रेस्टोरेंट

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई बड़े शहरों में 24 घंटे मॉल-रेस्टोरेंट खुले रहेंगे। भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि आज के वक्त में युग आगे बढ़ रहा है। पूरे देश का विकास हो रहा है। भोपाल पीछे कैसे छूट सकता है? भोपाल इंदौर जैसे शहरों में 24 घंटे बाजार और मॉल खोलने का निर्णय लिया गया है। शहरों के विकास के लिए बहुत अच्छा निर्णय है। इस निर्णय से सकारात्मक परिणाम आएंगे। व्यापार की भी वृद्धि होगी।

गुजरात में बोरवेल में गिरी बच्ची

गुजरात के अमरेली में गांव सुरागपुर में एक बच्ची बोरवेल में गिर गई। खेलते-खेलते अचानक डेढ़ साल की बच्ची आरोही बोरवेल में गिर गई। बच्ची के माता-पिता सदमे में हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही डायल 108 की टीम मौके पर पहुंची। बोरवेल में बच्ची को ऑक्सीजन देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमरेली की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची। शुरुआती अनुमान है कि बच्ची बोरवेल में 45 से 50 फीट की गहराई में फंसी है। बच्ची को बचाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया है।

वडोदरा में मुस्लिम को घर आवंटित करने पर बवाल

गुजरात के वडोदरा में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत हिंदुओं के बीच मुस्लिम को घर आवंटित किए जाने पर बवाल मचा हुआ है। वडोदरा के हरनी इलाके में सरकारी आवास योजना में मुस्लिम को आवास मिलने के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा विरोध किया गया। लोगों के मुताबिक, सोसायटी के 461 मकानों में हिंदू रहते हैं। इसके बावजूद मकान मुसलमान को गलत तरीके से दिया गया।

चंद्रबाबू नायडू की कैबिनेट का ऐलान

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अपनी कैबिनेट का ऐलान कर दिया है। उन्होंने खुद के पास कानून मंत्रालय रखा है। पवन कल्याण को पंचायती राज, ग्रामीण विकास, ग्रामीण पेयजल मंत्रालय का प्रभार दिया है। चंद्रबाबू नायडू ने अपने बेटे नारा लोकेश को मानव संसाधन विकास मंत्रालय और IT एवं कम्युनिकेशन मंत्रालय दिया है। उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण को बड़ा प्रभार दिया गया है।

जम्मू कश्मीर में जैश का टॉप कमांडर ढेर

जम्मू कश्मीर में जैश का टॉप कमांडर ढेर हो गया है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास एक गांव में इस सप्ताह मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए 2 आतंकवादियों में जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल है।

सूत्रों के अनुसार, संदेह है कि मारे गए दोनों आतंकवादियों के पीछे पाकिस्तानी सेना का हाथ था, जिनकी पहचान जैश कमांडर रिहान और उसके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि जैश कमांडर के पास नाइट स्कोप और फ्रीक्वेंसी सैटेलाइट कम्युनिकेशन डिवाइस वाली एम4 राइफल थी। वह पाकिस्तानी सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए खरीदे गए माइक्रो सैटेलाइट कम्युनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल कर रहा था।

कोलकाता के एक्रोपोलिस मॉल में लगी भीषण आग

कोलकाता से भीषण अग्निकांड की खबर सामने आ रही है। कोलकाला के एक्रोपोलिस मॉल में आग लग गई है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है। वहीं आग लगते ही मॉल में अफरा तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन कर्मियों में भी हड़कंप मचा है।

बंगाल उप-चुनाव के लिए TMC के उम्मीदवार घोषित

पश्चिम बंगाल में 4 सीटों पर विधानसभा उप-चुनाव होने हैं। इसके लिए TMC ने 4 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। मतदान 10 जुलाई को होने हैं। इसके लिए पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कुवैत से 45 भारतीयों के शव आए भारत

कुवैत में हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए 45 भारतीयों के शव भारत पहुंच गए हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन कुवैत से पार्थिव शरीर लेकर लौटे हैं। भारतीय वायुसेना का विमान कोच्चि एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां केरल और आंध्र प्रदेश के मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद प्लेन दिल्ली जाएगा, जहां अन्य राज्यों के मृतकों के शव उनके परिजनों के हवाले किए जाएंगे।

G7 समिट में प्रधानमंत्री मोदी का शेड्यूल

इटली के Apulia में G7 देशों की बैठक में भाग लेने गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज पहला कार्यक्रम भारतीय समय के अनुसार दिन के 2.15 बजे है, जब वे France के राष्ट्रपति Macron से मिलेंगे। इसके बाद 2.40 बजे UK के प्रधानमंत्री Rishi Sunak के साथ द्वीपक्षीय वार्ता करेंगें।

* शाम 5 बजे G7 Outreach Summit के लिए कार्यक्रम स्थल Borgo Egnazia पहुंचेंगे, जहां 5.30 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में उनका सम्बोधन होगा।

* रात 9.20 pm पर जर्मन Chancellor Olaf Scholz से वार्ता होगी, जबकि इटली की प्रधानमंत्री Georgia Meloni से पीएम मोदी 9.50 pm पर मिलेंगे।

* आखिरी मुलाक़ात जापान के प्रधानमंत्री Kishida के साथ रात 11 बजे है, लेकिन मिल रही ख़बरों के अनुसार Meloni और Kishida की मुलाक़ात के बीच Biden से भी मुलाक़ात की संभावना है।

प्रधानमंत्री आज रात ही भारत के लिए प्रस्थान करेंगे।

सिक्किम में भारी बारिश से आई बाढ़ ने मचाई तबाही

सिक्किम में लैंड स्लाइड से आज सुबह भारी तबाही मची। भूस्खलन से अब तक 6 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं 1500 टूरिस्ट फंसे हुए हैं। पिछले 3 दिन से सिक्किम के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। भूस्खलन और बाढ़ में कई घर और सड़कें बह गई हैं। सबसे ज्यादा तबाही सिक्किम के मंगन जिले में हुई है। यहां एक दिन में 220 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

बाढ़ से संगकालांग पुल भी गुरुवार दोपहर को ढह गया। इससे दजोंगू, चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग से संपर्क टूट गया है। इन इलाकों में अब न फोन कनेक्टिविटी है और न ही रोड। बिजली के खंभे भी बह गए हैं। दक्षिण सिक्किम में तीस्ता नदी उफान पर है। पिछले साल उत्तरी सिक्किम में एक हिमनद झील के फटने से अचानक आई बाढ़ में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

दिल्ली के चांदनी चौक में अग्निकांड

दिल्ली के चांदनी चौक में कपड़े की दुकान में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 2 इमारतें भी ढह गई। हालांकि किसी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन आग की चपेट में आने से कपड़े की दुकान जलकर राख हो गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।

रूस में मारे गए 3 भारतीय छात्रों के शव पहुंचे वतन

रूस से 3 भारतीय छात्रों के शव गुरुवार देर रात मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। गत 7 जून को 4 भारतीय छात्रों की वोल्खोव नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इनमें से 3 छात्रों के शव भारत लाए गए हैं। इनमें जिशान अशपाक पिंजारी, जिया फिरोज पिंजारी और हर्षल अनंतराव देसाले शामिल हैं।

चारों स्टूडेंट्स वेलिकि नोवगोरोड में यारोस्लाव-द-वाइज नोवगोरोड स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे। हादसे के बाद रूस में इंडियन एम्बेसी ने एडवाइजरी जारी करके भारतीय छात्रों से समुद्र बीच, नदी या तालाब में जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। एम्बेसी ने बताया कि रूस में साल 2023 में भारतीय छात्रों की डूबने से मौत होने की 2 घटनाएं हो चुकी हैं। 2022 में 6 घटनाएं हुई थीं।

संसद के मानसून सेशन को लेकर अपडेट आया सामने

मोदी 3.0 सरकार का पहला बजट 22 जुलाई को पेश होगा। संसद का मानसून सत्र 22 जुलाई से 9 अगस्त तक चल सकता है। पिछले कार्यकाल में मोदी सरकार ने अंतरिम बजट पेश किया था। क्योंकि अब एक बार फिर केंद्र में मोदी सरकार है तो मोदी सरकार पूर्ण बजट पेश करने की तैयारियों में जुट गई है।

MP में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा

मध्य प्रदेश के दतिया में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में 5 श्रद्धालुओं की ट्रॉली के नीचे दबने से मौत हो गई। 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार हुए लोग रातनगढ़ मंदिर में जवारे चढ़ाने जा रहे थे। दुरसड़ा थाना के जौरा मेथाना पाली ग्राम की घटना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे इटली

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीती रात इटली पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत हुआ। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। इटली में वे 7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ G7 समिट में हिस्सा लेंगे। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और पोप फ्रांसिस से मुलाकात का भी प्रोग्राम है।

हिमाचल प्रदेश में भूकंप आया

हिमाचल प्रदेश में आज सुबह भूकंप आया। सुबह करीब पौने 4 बजे भूकंप के झटकों से हिमाचल प्रदेश की धरती डोल गई। भूकंप कुल्लू में आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3 मापी गई। हालांकि भूकंप से किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ