कोलकाता कांड से लेकर राहुल गांधी तक, देखें 22 अगस्त की बड़ी खबरें

कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस की स्टेटस रिपोर्ट CBI ने सुप्रीम कोर्ट में पेश की। राहुल गांधी जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं। 22 अगस्त की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए News24 के साथ बने रहें।

Breaking News

नमस्कार, 22 अगस्त की खबरों में आपका स्वागत है। देश में फिर भूकंप के झटके लगे। देश में आजकल एक मुद्दा गरमाया हुआ है- कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस। दूसरी खास खबर जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 की है, जिसकी तैयारियों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी प्रदेश के दौरे पर हैं। वक्फ बिल पर चर्चा के लिए बनी JPC की पहली बैठक हुई। आंध्र प्रदेश में फार्मा फैक्ट्री में धमाके में मारे गए 18 लोगों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान मोदी सरकार ने किया।

विज्ञापन

LIVE UPDATES

गुजरात में मेट्रो निर्माण कार्य में लगी क्रेन मकान पर गिरी, मचा हड़कंप

गुजरात के सूरत में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी क्रेन अचानक से एक घर के ऊपर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, किसी व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

रेप केस पर सीएम ममता बनर्जी ने PM मोदी को लिखा पत्र, की ये मांग

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा, जिसमें कहा कि मैं आपके ध्यान में लाना चाहती हूं कि देश भर में बलात्कार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कई मामलों में बलात्कार के साथ हत्या भी की जाती है। यह देखना भयावह है कि देश भर में प्रतिदिन लगभग 90 बलात्कार के मामले होते हैं। इससे समाज-राष्ट्र का विश्वास और विवेक डगमगाता है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम इसे समाप्त करें ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस करें। ऐसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को कठोर केंद्रीय कानून के माध्यम से व्यापक तरीके से संबोधित करने की आवश्यकता है, जिसमें ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर सजा का प्रावधान हो। ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक विशेष अदालतों की स्थापना पर भी प्रस्तावित कानून में विचार किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में सुनवाई अधिमानतः 15 दिनों के भीतर पूरी की जानी चाहिए।

श्रीनगर में बोले राहुल गांधी- कभी स्टेट से यूनियन टेरिटरी नहीं बनी, लेकिन...

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने श्रीनगर में कहा कि मेरी मल्लिकार्जुन खड़गे से बात चल रही थी और मैंने बोला था कि हमें जम्मू कश्मीर जाना चाहिए। आजादी के बाद पहली बार किसी राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाया। हिंदुस्तान में राज्यों को विभाजित कर दिया गया। उत्तराखंड बना, झारखंड बना, तेलंगाना बना। यूनियन टेरिटरी को स्टेट में बदल दिया, लेकिन कभी भी स्टेट से यूनियन टेरिटरी नहीं बनी। उन्होंने आगे कहा कि आप हमारे लिए लड़ते हैं। कांग्रेस और आरएसएस के बीच यह विचारधाराओं की लड़ाई है। मैं संसद में बैठता हूं, मैं उन्हें (पीएम मोदी) देखता हूं। मैं आपको बता सकता हूं, हमने पीएम मोदी के कॉन्फिडेंस को तोड़ दिया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें इतना मानसिक तनाव दिया है कि उनका मनोविज्ञान ही चरमरा गया है।

इटावा में भराभरा कर गिरी दीवार, 3 मनरेगा मजदूरों की गई जान, 2 घायल

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित महेवा ब्लॉक के मेहंदीपुर में नाली निर्माण कार्य के दौरान भराभरा कर दीवार गिर गई, जिसके मलबे में दबकर 3 मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं। ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। निर्माण कार्य में लगे 5 मजदूर हादसे के शिकार हो गए। बकेवर थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर राहत बचाव कार्य शुरू किया। चकरनगर एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया, बीडीओ महेवा सूरज सिंह, एसपी ग्रामीण सत्यपाल, सीओ चकरनगर प्रेम कुमार थापा समेत आलाधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

24 अगस्त को MVA ने बुलाया महाराष्ट्र बंद

बदलापुर केस के विरोध में 24 अगस्त को MVA ने महाराष्ट्र बंद बुलाया है। पार्टी ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाएंगे। इसके लिए हरसंभव लड़ाई लड़ी जाएगी।

राजस्थान में पकड़ा गया अलकायदा का मॉडयूल

राजस्थान में अलकायदा का मॉड्यूल पकड़ा गया है। अलवर के भिवाड़ी में के दिल्ली स्पेशल सेल ने कार्रवाई की है। राजस्थान पुलिस और एटीएस के सहयोग से कार्रवाई की गई। भिवाड़ी में अलकायदा के 6 स्लीपर सेल पकड़े जाने की खबर भी है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने भिवाड़ी में ट्रेनिंग सेंटर बना रखा था, जिनसे बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं।

नाभा जेल ब्रेक का मास्टरमाइंड हाथ लगा

नाभा जेल ब्रेक का मास्टरमाइंड रमनजीत सिंह उर्फ रोमी पुलिस के हाथ लग गया है। उसे कड़ी सुरक्षा में भारत लाया जा रहा है। आज शाम 4 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस की सुरक्षा एजेंसियों के ऑपरेशन में वह भारत में लैंड होगा। रोमी नाभा जेल ब्रेक मामले में भगोड़ा था। उसे हांगकांग से प्रत्यपर्ण करके भारत लाया जा रहा है।

दिल्‍ली के पॉश चाणक्‍यपुरी इलाके में दिनदहाड़े गैंगरेप

दिल्‍ली के पॉश चाणक्‍यपुरी इलाके में दिनदहाड़े गैंगरेप हुआ है। एक लड़की ने 2 लड़कों पर गैंगरेप का आरोप लगाया, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लड़की ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बुद्धा गार्डन में बैठी थी, तभी लड़के का एक और दोस्त आया। फिर दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आगरा में 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म

आगरा में 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। वह मैरिज होम में अचेत हालत में मिली। परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मासूम का मेडिकल कराकर लिखित शिकायत ले ली। वहीं वारदात से गुस्साए लोगों की भीड़ थाना सदर में उमड़ी। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर के तहत आने वाले ताल फिरोज खां गांव का मामला है।

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई। गंभीर हालत में घायल पति को अंबेडकर नगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक्सप्रेस-वे पर गोवंश के सामने आ जाने से हादसा हुआ। बैलेंस बिगड़ने से कार 6 बार पलटी और खाई में जा गिरी। आजमगढ़ जिले के भैसहा थाना अंतर्गत नगवा मैदो गांव निवासी सर्वेश कुमार (38) पुत्र शिवकुमार की पत्नी गीता (35) और पुत्र युग की की मौत हुई है।

बदलापुर यौन शोषण केस पहुंचा हाईकोर्ट

महाराष्ट्र के बदलपुर में स्कूल में नन्ही बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा गया है। हाईकोर्ट ने खुद मामले का संज्ञान लेते हुए सुनवाई तय की है। सुओमोटो याचिका के तहत आज हाईकोर्ट सुनवाई करेगी।

झारखंड में एटीएस की छापेमारी

झारखंड एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। एटीएस की टीम ने 14 जगहों पर छापेमारी करके अलकायदा इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) आतंकी संगठन के सात आतंकियों को पकड़ा है। एटीएस की टीम ने लोहरदगा के कैरो, हजारीबाग के पेलावल समेत अन्य कई जिलों में 14 जगहों पर छापेमारी करके आतंकियों को गिरफ्तार किया है। लोहरदगा से गिरफ्तार हुए आतंकी से हथियार भी बरामद हुए।

वक्फ बिल पर चर्चा के लिए बनी JPC की पहली बैठक आज

आज वक्फ अधिनियम (संशोधन) विधेयक 2024 पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की पहली बैठक होगी। यह बैठक भाजपा सदस्य जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी में करीब 11 बजे होगी। इस बैठक में विधेयक पर अहम फैसला लिए जाने के आसार हैं।

कोलकाता रेप-मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

कोलकाता रेप-मर्डर केस में CBI आज सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करेगी। सीबीआई आज कोर्ट को बताएगी कि केस की जांच में अब तक क्या हुआ और क्या जानकारी मिली? कलकत्ता हाईकोर्ट ने 13 अगस्त को यह केस सीबीआई को सौंपा था, लेकिन सीबीआई अभी तक सिर्फ संजय रॉय के इर्द गिर्द ही घूम रही है।

कांग्रेस का देशभर में सड़कों पर उतरेगी

कांग्रेस आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने ED दफ्तरों का ऐलान करने का फैसला लिया है। SEBI चीफ के इस्तीफे और अडाणी-हिंडनबर्ग मामले की JPC जांच की मांग को लेकर कांग्रेस दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी। इसके बाद देशभर में कांग्रेसी सड़कों पर उतरेंगे।

फार्मा फैक्ट्री धमाके में मारे गए लोगों को मिलेगा मुआवजा

आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में एक फार्मा कंपनी के रिएक्टर विस्फोट होने से 18 लोगों की मौत हो गई। घटना पर शोक जताते हुए PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। हादसे में करीब 50 लोग घायल हो गए, जिन्हें 50,000 का मुआवजा देने की घोषणा हुई है।

त्रिपुरा में अचानक आई बाढ़

त्रिपुरा में बीते दिन अचानक आई बाढ़ से 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता है। अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण त्रिपुरा, गोमती और खोवाई जिलों में 10 लोगों की मौत होने की खबर है, जिनमें एक 12 वर्षीय लड़की भी शामिल है। 6,600 से अधिक परिवारों के 34,000 से अधिक लोगों ने 8 जिलों में राहत शिविरों में शरण ली है, जबकि बाढ़ में 1,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और उन्हें राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अतिरिक्त राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) कर्मियों की तैनाती की मांग की।

जम्मू कश्मीर में फिर लगे भूकंप के झटके

जम्मू कश्मीर में एक बार फिर भूकंप आया। 2 दिन में 3 भूकंप आ चुके हैं। बुधवार रात करीब सवा 10 बजे कश्मीर घाटी में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसने लोगों की नींद उड़ा दी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई और इसका केंद्र उत्तर कश्मीर के बारामूला शहर में धरती के नीचे 3 किलोमीटर की गहराई में मिला। इससे पहले 20 अगस्त दिन मंगलवार की सुबह 6:45 बजे और 6:52 बजे एक के बाद एक 2 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर एक की तीव्रता 4.9 और दूसरे की तीव्रता 4.8 मापी गई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ