हिमाचल के 3 निर्दलीय विधायकों का इस्तीफा मंजूर
लोकसभा चुनाव 2024 और हिमाचल प्रदेश विधानसभा उप-चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले बड़ा फैसला लिया गया है। विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने 3 निर्दलीय विधायकों केएल ठाकुर, आशीष शर्मा और होशियार सिंह का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। अब ये तीनों विधायक हिमाचल विधानसभा के सदस्य नहीं रहे। इन तीनों ने 72 दिन पहले विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए थे। सत्तापक्ष कांग्रेस ने स्पीकर को याचिका दायर देकर तीनों को दलबदल कानून के तहत अयोग्य ठहराने की मांग की थी। तीनों निर्दलीय विधायकों ने 22 मार्च को अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था। स्पीकर द्वारा इस्तीफा मंजूर न होने पर तीनों निर्दलीय विधायकों ने हाईकोर्ट का भी रुख किया था, लेकिन हाईकोर्ट का फैसला आने से पहले ही इस्तीफे मंजूर हो गए।