मानसून की एंट्री और पश्चिमी विक्षोभ से मौसम ने करवट बदली। उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में बीते दिन भयंकर आंधी-तूफान आया और भारी बारिश हुई, जिसने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड में तबाही भी मचाई। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश के कारण हुए हादसों में 31 लोगों की मौत हुई। वहीं बिहार में 17 लोगों ने जान गंवाई है। पश्चिम बंगाल में भी 7 लोगों की मौत होने की खबर है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तबाही मची

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में भयंकर तूफान और भारी बारिश हुई। मौसम का सबसे ज्यादा असर बुंदेलखंड और पूर्वांचल में देखने को मिला। सहारनपुर में पहाड़ी से तेज बहाव के साथ आए पानी में इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं। चौरीचौरा और गौरी बाजार रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन पर 4 पेड़ गिर गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम के कारण प्रदेशभर में हुए नुकसान का आकलन करके 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को राहत राशि बांटने के निर्देश दिए हैं।

---विज्ञापन---

IMD ने बढ़ाई टेंशन, जून में 90% बारिश का अनुमान, 10 राज्यों में पड़ेगी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, पढ़ें डराने वाली चेतावनी

---विज्ञापन---

बारिश के कारण पानी भरने से गोरखपुर कैंट से देवरिया के बीच बिजली सप्लाई बाधित होने से कई ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं। उरई और भुआ स्टेशनों के बीच ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन का खंभा टूटने से झांसी लखनऊ रेलखंड पर ट्रेन संचालन बंद रहा। आगरा में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान के साथ बारिश हुई। इससे कई जगहों पर पेड़ और खंभे गिर गए। साईं का तकिया चौराहा पर ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया, जिससे चालक की मौके पर मौत हुई।

---विज्ञापन---

सेब का बाजार में श्री ज्वेलर्स के सामने मकान की दीवार गिर गई। सुल्तानगंज की पुलिया पर ट्रैफिक जाम हो गया था। आवास विकास कालोनी में करकुंज रोड और मुगल रोड पर रश्मि विहार में पेड़ टूटकर गिर गए। वाराणसी में 75 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आई। प्रयागराज में मई के महीने में एक दिन में सर्वाधिक बारिश का 55 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। रात एक बजे से सुबह 5 बजे के बीच 4 घंटे में 61 मिलीमीटर बारिश हुई। 18 मई 1971 को 54 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

---विज्ञापन---

बिहार में ट्रेनें लेट और फ्लाइट डायवर्ट

बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। पटना में 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं। 18 फ्लाइट लेट होने से लोग परेशान हुए। नेपाल में बारिश से पश्चिमी चंपारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे बाढ़ आने का खतरा मंडरा गया है। पटना में 107 और गया में 74 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। बिहार में सबसे ज्यादा बारिश मोतिहारी में 116.0 मिमी हुई। पुजहा घाट के पास नदी का जलस्तर बढ़न से पीपा पुल डैमेज हो गया।कोडरमा रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आपदा प्रबंधन विभाग को राहत राशि जारी का निर्देश दिया है।

---विज्ञापन---

उत्तराखंड में जंगलों की आग बुझ गई

उत्तराखंड में बारिश से जंगलों में लगी आग बुझ गई। गढ़वाल में 305.78 हेक्टेयर और कुमाऊं में 69.29 हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गए थे। वहीं रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चोपता में आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बिजली गिरने से लखनऊ निवासी 2 भाइयों की मौत हो गई है। 50 से अधिक पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया। बिजली गिरने से लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौत हो गई। उनके भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी, उन्नाव निवासी 25 वर्षीय शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल मिले, लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ ले जाते समय अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया।

हिमाचल प्रदेश में कही आंधी के साथ भारी ओलावृष्टि हुई तो रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा में हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू के कई इलाकों में हल्के बादल छाने और हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिली। अनंतनाग में अखरोट के पेड़ के गिरने से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दक्षिण बंगाल में तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी।