कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक ऐसी कहानी सामने आई है जो किसी को भी डरा देगी. यहां एक युवक का उसकी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था. दोनों रिलेशनशिप में थे. लेकिन महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था. गुस्साए युवक ने महिला को किडनैप कर लिया और जबरन कैब में डाल लिया.
इतना ही नहीं, इसके बाद रास्ते में पुरुष महिला से कहने लगा कि तुम्हें भी मार दूंगा और फिर खुद को भी खत्म कर लूंगा. युवक ने महिला पर चाकू से भी हमला किया. कैब रुकी तो वह बाहर निकल गई. इसके बाद कार में जोरदार ब्लास्ट हो गया और वह आग का गोला बन गई. इसमें युवक जिंदा जल गया.
---विज्ञापन---
बता दें कि यह घटना शनिवार को तुमकुरु जिले के सिरा तालुक में जोगिहल्ली के पास हुई. यहां एक कार में ब्लास्ट हुआ और फिर उसमें आग लग गई. आग लगने से 30 साल का युवक कार में जिंदा जल गया. मृतक की पहचान बेंगलुरु में रहने वाले अंकोला के मूल निवासी नागेंद्र के रूप में हुई है. इस पूरी घटना में महिला और कैब ड्राइवर प्रवीण घायल हो गए. दोनों को तुमकुरु के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
---विज्ञापन---
बेंगलुरु से अंकोला जा रही थी कैब
शुरुआती जांच से सामने आया है कि कैब नेशनल हाइवे-48 पर बेंगलुरु से अंकोला जा रही थी, तभी गाड़ी में ब्लास्ट हुआ. पुलिस को शक है कि कार के अंदर विस्फोटक था. धमाके के बाद एक किलोमीटर से भी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.
---विज्ञापन---
---विज्ञापन---
दोनों के बीच हुआ झगड़ा
पुलिस का कहना है कि नागेंद्र और महिला रिलेशनशिप में थे, लेकिन उनके बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. महिला बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन है. उसने नागेंद्र का फोन ब्लॉक कर दिया था. इसी बीच शनिवार की सुबह नागेंद्र जयनगर में महिला के किराए वाले घर पर पहुंचा. वहां दोनों के बीच झगड़ा होने लगा. इसी दौरान नागेंद्र ने जबरन महिला को कैब में बैठा लिया और निकल पड़ा.
---विज्ञापन---
कैब में था पेट्रोल बम?
इसके पूरे मामले के बीच महिला के माता-पिता ने जयनगर पुलिस स्टेशन में किडनैपिंग की शिकायत दर्ज करा दी. इसके बाद तुरंत मामले की जांच शुरू हो गई. पुलिस का कहना है कि नागेंद्र ने कैब में महिला को जान से मार देने की धमकी दी और कहा कि पहले तुम्हें मारूंगा, फिर खुद भी जान दे दूंगा. पुलिस को ये भी शक है कि नागेंद्र ने कैब में जाते समय महिला को पेट्रोल बम जैसी चीज भी दिखाई थी.
नागेंद्र ने किया महिला पर चाकू से हमला
वहीं, जब कैब जोगिहल्ली के पास पहुंची तो नागेंद्र ने महिला पर चाकू से हमला किया. इस दौरान ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी. इसी बीच महिला कैब का गेट खोलकर बाहर कूद गई. फिर कुछ ही देर में कार में धमाका हो गया और वह आग की लपटों में घिर गई. इस दौरान नागेंद्र बाहर नहीं निकल सका, वह जिंदा जल गया. पुलिस का कहना है कि कैब से बम जैसा विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया है. कल्लामबेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ब्लास्ट की असल वजह और घटनाक्रम की तफ्तीश की जा रही है.