Mamata Banerjee Head injury Latest Update: तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को माथे पर टांके लगाने के बाद कोलकाता के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इससे पहले कोलकाता SSKM के डाक्टरों ने ममता बनर्जी का हेल्थ अपडेट भी जारी किया। उनका कहना है कि जख्म गहरे हैं। सीटी स्कैन के बाद माथे पर टांके लगाकर पट्टी कर दी गई।
अस्पताल सूत्र बताते हैं कि ममता डाक्टरों की निगरानी में हैं। मेडिकल बोर्ड भी गठित कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक ममता को चोट लगने की असली वजह सामने नहीं आई। कहा यह जा रहा है कि घर पर टहलने के दौरान ममता बनर्जी गिर गईं, जिस वजह से उनके सिर पर चोट लगी। वहीं, कुछ यह बात भी कहते सुने गए कि ममता को ट्रेड मिल पर एक्सरसाइज के दौरान पैर फिसलने से गिरने के कारण चोट लगी है।
दीदी को चार टांके लगे : राजीव बनर्जी
टीएमसी नेता राजीव बनर्जी ने कहा कि दीदी की चोट तो गंभीर थी। डाक्टर दीदी को अस्पताल में ही रखना चाहते थे, लेकिन आप तो जानते ही हैं, दीदी को आम जनता की बहुत फिक्र रहती है और वह उनके बीच ही रहना पसंद करती हैं। हालांकि, डाक्टरों ने यह भी कहा है कि दीदी ठीक हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। उनके सिर पर चार टांके लगे हैं।
टीएमसी ने गुरुवार को अपने एक्स पर एक ट्वीट किया, जिसमें ममता बनर्जी को चोट लगनी की सूचना थी। साथ ही पार्टी ने तीन तस्वीरें भी शेयर की थीं, जिसमें ममता बनर्जी के माथे पर चोट लगी थी और चेहरे पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। हालांकि, बाद में इलाज के बाद वह व्हीलचेयर पर बैठक बाहर आईं और उनके सिर पर पट्टी बंधी थी।
पीएम मोदी और यूसुफ पठान ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स हैंडल पर ट्वीट कर ममता दीदी के जल्द ठीक होने की कामना की है। वहीं, क्रिकेटर और टीएमसी उम्मीदवार यूसुफ पठान ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि ममता दीदी के साथ हुई घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की आशा है।