'यह आपका पार्टी कार्यालय नहीं है...', बीजेपी विधायकों पर क्यों आगबबूला हुईं ममता बनर्जी?

Mamata Banerjee Attacks BJP: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को विधानसभा में बीजेपी विधायकों पर आगबबूला हो गईं। उन्होंने विधायकों को बंगाल विरोधी करार दिया।

mamata banerjee targets bjp

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर साधा निशाना (फोटो- एक्स)

Mamata Banerjee Attacks BJP MLAs Over Ruckus In Bengal Assembly: पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को बजट पेश किया गया। इस दौरान भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया और सदन से वॉकआउट कर दिया। इस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगबबूला हो गईं। उन्होंने कहा कि यह बीजेपी पार्टी कार्यालय नहीं है। अगर विपक्ष की कोई राय है तो वे सत्र पूरा होने के बाद इस पर चर्चा कर सकते हैं।

बीजेपी विधायकों ने की नारेबाजी

इससे पहले, बजट की शुरुआत टीएमसी विधायकों ने राज्य गीत गाकर की। बीजेपी विधायकों ने राष्ट्रगान भी गाया। इस दौरान हंगामा तब शुरू हो गया, जब वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य बजट पढ़ रही थीं। भाजपा विधायकों ने वित्त मंत्री को रोका और नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर ममता बनर्जी आगबबूला हो गईं। उन्होंने इसे बंगाल विरोधी गतिविधि करार दिया।

‘बंगाल विरोधी है बीजेपी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विपक्ष के पास कोई राय है, तो वे बजट पूरा होने के बाद इस पर चर्चा कर सकते हैं। उन्हें अपनी राय व्यक्त करने की आजादी है, लेकिन यह बीजेपी कार्यालय और राजनीति करने की जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों के पास यह जानने का अधिकार है कि हमने क्या काम किया है। हम इस गंदी राजनीति की निंदा करते हैं। भाजपा राज्य के खिलाफ है और बंगाल विरोधी है।

‘बीजेपी विधायक बंगाल के लोगों का भला नहीं चाहते’

ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी विधायक बंगाल के लोगों का भला नहीं चाहते। उन्होंने बीजेपी विधायकों से सवाल किया कि क्या आपको शर्म नहीं आती कि आप हमें बजट पेश नहीं करने दे रहे? आपकी राय आपके भाषण में व्यक्त की जा सकती है, लेकिन यह आपकी भाजपा पार्टी का कार्यालय नहीं है, यह विधानसभा है।

‘अगर आपमें साहस है तो बजट पेश होने के बाद बोलें’

केंद्र पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने यह भी याद किया कि कैसे 147 सांसदों को संसद से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजवा विधायकों को याद रखना चाहिए कि उन्होंने 147 सांसदों को संसद से निलंबित कर दिया है, लेकिन हम उस रास्ते पर नहीं जाना चाहते हैं। आप कमजोर हो सकते हैं, लेकिन हम नहीं, हम इससे लड़ेंगे। अगर आपमें साहस है तो बजट पेश होने के बाद बोलें, उससे पहले नहीं।

महिलाओं के लिए बढ़ाई गई वित्तीय सहायता 

बता दें कि वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने गुरुवार को 3,66,166 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लक्ष्मीर भंडार के तहत सामान्य श्रेणी की महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता 1,000 रुपये और एससी/एसटी महिलाओं के लिए 1,200 रुपये तक बढ़ा दी गई है।

सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना

विधानसभा सत्र में हुए हंगामे पर विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी राष्ट्र-विरोधी हैं। वह अपने मनमुताबिक काम नहीं कर सकतीं। यह उनका घर नहीं हैं। अधिकारी ने कहा कि बंगाल का गाना राष्ट्रगान नहीं है। ममता बनर्जी देशद्रोही हैं। सरकार को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

‘बकवास है बजट ‘

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बजट बकवास है। वित्त मंत्री का भाषण चुनावी भाषण था।  उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘चोर ममता’ बताते हुए कहा कि उन्होंने 21 हजार नई शराब की दुकानें दीं। बीजेपी ने उनकी चुनौती स्वीकार की। अगर उनका बस चले तो वे कल संसद बंद कर देंं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Achyut Kumar

Achyut Kumar

अच्युत कुमार द्विवेदी न्यूज 24 वेबसाइट में 19 दिसंबर 2023 से कार्यरत हैं। लगभग 6 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं। इन्होंने अभी तक ईटीवी भारत, प्रभात खबर और जागरण न्यू मीडिया जैसे संस्थानों में काम किया है। इससे पहले, लखनऊ से संचालित इंडिया वाच और यूपी पत्रिका डॉट कॉम में काम किया था। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर लेखन का अनुभव रखते हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ