Aaj Ki Taaza Khabar, 30 June 2025 Hindi News: चीन, भारत के साथ परिसीमन वार्ता के लिए तैयार, ऋषिकेश में बढ़ा गंगा का जलस्तर

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कैलाश मानसरोवर की यात्रा आज से शुरू हो रही है। वहीं अमरनाथ यात्रा की तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही है। आज से महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर और विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिका के दौरे पर रहेंगे।

Breaking News | Aaj Ki Taaza Khabar | Hindi Samachar

आज की ब्रेकिंग न्यूज, Today Latest News in Hindi

Aaj Ki Taaza Khabar: नमस्कार, आज 30 जून दिन सोमवार की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबरों की बात करें तो कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 58 पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी मिजोरम में 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से उत्तर प्रदेश के 2 दिवसीय दौरे पर जा रही हैं। देश के विदेश मंत्री जयशंकर भी क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आज से 3 दिन के अमेरिकी टूर पर जाएंगे। दूसरी ओर, करीब 5 साल बाद आज से कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू होने जा रही है। महाराष्ट्र में आज से विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हो रही है, जो 18 जुलाई तक चलेगा, लेकिन सेशन के हंगामेदार रहने के आसार हैं। इसके अलावा आज दिनभर की खबरों के लाइव और ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

चीन भारत के साथ परिसीमन वार्ता के लिए तैयार

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन भारत के साथ परिसीमन वार्ता और सीमा प्रबंधन सहित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा सीमा पार आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सहमत है।

गुजरात के पुलिस महानिदेशक को गृह मंत्रालय ने सेवा विस्तार को दी मंजूरी

मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने जनहित में एक विशेष मामले के रूप में एआईएस (डीसीआरबी) नियम, 1958 के नियम 16(1) में छूट देते हुए गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विकास सहाय को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि यानी 30.06.2025 से छह महीने की अवधि के लिए सेवा विस्तार देने के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

भोपाल के बैरागढ़ की फैक्ट्री में भीषण आग, मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद

गैंगस्टर नीरज बवाना को मिली एक दिन की पैरोल

गैंगस्टर नीरज बवाना को एक दिन की पैरोल मिली है। नीरज की पत्नी काफी बीमार है जिसको देखने के लिए कल नीरज को तिहाड़ जेल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की पैरोल मिली है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: गोरखनाथ मंदिर पहुंचीं राष्ट्रपति, सीएम योगी के साथ की पूजा अर्चना

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: ऋषिकेश में बढ़ा गंगा नदी का जलस्तर, प्रशासन ने लोगों को किया आगाह

संगारेड्डी के केमिकल फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुःख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "तेलंगाना के संगारेड्डी में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए दुखद हादसे से दुखी हूं। एनडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बचाव अभियान जारी रखे हुए है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

हासन जिले में बढ़ते हार्ट अटैक को लेकर मंत्री ने दिए जांच के आदेश

हासन जिले में हृदयाघात के कारण मौतों में वृद्धि की रिपोर्ट पर, कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा कि मैंने अपने विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे सभी डेटा एकत्र करें और इसके पीछे की सच्चाई की जांच करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

भतीजा बनकर ठग लिए डेढ़ लाख रुपये, मध्य प्रदेश से पकड़े गए तीन आरोपी

रोहतक साइबर पुलिस स्टेशन के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि किसी ने विदेश से उसका भतीजा मयंक बनकर उसे कॉल किया और बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। व्यक्ति से 1.5 लाख रुपए ठगे गए। इस मामले में मध्य प्रदेश से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 56 एटीएम कार्ड, 15 चेक बुक, सात सिम कार्ड और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

'जारी है संविधान पर आरएसएस का हमला', सीपीआई महासचिव डी राजा ने कहा

सीपीआई महासचिव डी राजा ने कहा कि आरएसएस संविधान पर अपना हमला जारी रखे हुए है। आरएसएस ने कभी भी उस संविधान को स्वीकार नहीं किया जो आज हमारे पास है। हमारा संविधान यह बहुत स्पष्ट करता है कि भारतीय राष्ट्र क्या है। शुरू से ही आरएसएस भारतीय राष्ट्र के बारे में अपना विचार थोपता रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वे भारतीय राष्ट्र को फिर से परिभाषित करेंगे और भारतीय इतिहास को फिर से लिखेंगे। भारतीय राष्ट्र के बारे में उनका विचार क्या है? यह भारतीय राष्ट्र का एक धर्म-आधारित विचार है। डॉ. अंबेडकर कभी भी इससे सहमत नहीं हुए, उन्होंने भारतीय राष्ट्र के धर्म-आधारित विचार को जोरदार तरीके से खारिज कर दिया।

एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल्स को हटाने पर विचार कर रही दिल्ली सरकार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट और CAQM समेत प्रदूषण नियंत्रण निकायों ने लगातार कहा है कि एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल्स (ELV) को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाना चाहिए। ऐसे वाहनों को पेट्रोल नहीं दिया जाना चाहिए। सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि इसे प्रभावी तरीके से कैसे लागू किया जा सकता है। कोर्ट ने पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने का उल्लेख किया है और हम इसकी व्यवहार्यता की भी जांच कर रहे हैं।

किस वजह से हुई शेफाली मी मौत? विसरा रिपोर्ट का है इतंजार

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कूपर अस्पताल के डॉक्टरों ने शेफाली के पोस्टमार्टम रिपोर्ट को रिजर्व रखा है।

डॉक्टर शेफाली के विसरा रिपोर्ट सहित, कुछ अन्य रिपोर्ट्स का इंतजार कर रहे हैं ताकि मौत के सही कारणों का पता लग सके।

सूत्रों की माने तो डॉक्टरों को शक है कि लो ब्लाड प्रेशर की वजह से शेफाली को कार्डिक अरेस्ट हुआ होगा। मुंबई पुलिस को अभी भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

बीजेपी की फैक्ट फाइंडिंग टीम पर पश्चिम बंगाल की मंत्री ने बोला हमला

कोलकाता लॉ कॉलेज में कथित सामूहिक बलात्कार मामले में भाजपा की टीम पर पश्चिम बंगाल की मंत्री डॉ. शशि पांजा ने कहा कि भाजपा की चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग टीम पश्चिम बंगाल में है। इससे यह साबित होता है कि राज्य में लोकतंत्र है। यह एक राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल है। हालांकि, जब टीएमसी प्रतिनिधिमंडल ने हाथरस या त्रिपुरा जाने का प्रयास किया, तो उन्हें रोक दिया गया। इससे साबित होता है कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में नहीं।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि घटना के 12 घंटे के भीतर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और कोलकाता पुलिस की एक विशेष जांच टीम गठित की गई। पीड़िता के परिवार ने भी कहा है कि कोलकाता पुलिस द्वारा की जा रही जांच से उन्हें भरोसा है और उन्हें न्याय मिलेगा। बिप्लब देब के बारे में सच्चाई क्या है? त्रिपुरा के सीएम के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, बलात्कार और हत्याएं हुईं और राज्य में प्रेस की स्वतंत्रता नहीं थी।

कोलकाता रेप कांड: BJP प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रोका, हुई बहस

कोलकाता रेप कांड को लेकर बीजेपी की फैक्ट फाइंडिंग कमिटी कॉलेज में जा रही थी लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया है। इसके बाद बीजेपी नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई है।

तीन दिन गुजरात दौरे पर जाएंगे अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व सीएम और आप अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल गुजरात के दौरे पर जा रहे हैं। वह विसावदर उपचुनाव जीत के बाद कल से 3 दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे।

नजीब अहमद मामले में कोर्ट ने स्वीकार की क्लोजर रिपोर्ट

जेएनयू छात्र नजीब अहमद लापता मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली है। जेएनयू छात्र नजीब अहमद अक्टूबर 2016 में लापता हो गये थे।

प्रयागराज में उपद्रव करने वाले भीम आर्मी के 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार

प्रयागराज के करछना में कल भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा उपद्रव किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। 50 उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संगारेड्डी में फैक्ट्री में आग की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुःख

तेलंगाना के संगारेड्डी में फैक्ट्री में आग लगने की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख व्यक्त किया है। PMO की तरफ से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

ईरान की जीत के दावे पर व्हाइट हाउस के अधिकारियों से बात करेगा इजराइल, आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

ईरान द्वारा इजराइल और अमेरिका के खिलाफ जीत के दावे और तेहरान में जश्न की खबर के बीच इजराइल के मंत्री रॉन डर्मर सोमवार को व्हाइट हाउस अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। वार्ता में गाजा में जारी युद्ध पर जंगबंदी की संभावना पर भी बात होनी है, लेकिन सबसे अहम विषय है ये कि ईरान को लेकर अमेरिका और इजराइल आगे कैसे रोडमैप पर चलने का मन बनाते हैं। ईरान की युद्धबंदी के बाद की प्रतिक्रिया काफी आक्रामक रही है और जंगबंदी कितने दिन चलेगी, इसको लेकर अशांकाएं हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के जुलाई में अमेरिका यात्रा और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के विषय पर उनकी मुलाकात की रूपरेखा भी इस बैठक में तय होगी।

जयपुर में गुर्जर आरक्षण पर बनी कमेटी

राजस्थान के जयपुर में गुर्जर आरक्षण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। संघर्ष समिति की मांगों पर कैबिनेट सब कमेटी बनी, जिसमें मंत्री जोगाराम पटेल, अविनाश गहलोत कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं। मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी कमेटी में शामिल हैं। गुर्जर आरक्षण मामले पर कैबिनेट सचिवालय का आदेश है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कोलकाता पहुंची भाजपा की जांच समिति

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कोलकाता गैंगरेप केस में 4 सदस्यीय जांच समिति कोलकाता के दौरे पर हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और समिति की सदस्य मीनाक्षी लेखी कहती हैं कि पक्षपात किए बिना मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि यह एक सार्वजनिक मुद्दा है और हम भी इसे सुलझाने में मदद कर सकते हैं। आप (पश्चिम बंगाल सरकार) एक बार हमसे बात करें, सुनें और मिलें, ताकि अगर हम कोई सहायता कर सकें तो हम करना चाहेंगे। आधिकारिक तौर पर, हमने अभी तक उनसे (पश्चिम बंगाल सरकार) कोई संपर्क नहीं किया है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: आप का मंत्री सिरसा के खिलाफ प्रदर्शन

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पूर्वांचल के लोगों को रोहिंग्या कह दिया था। उनके इस बयान के खिलाफ आप विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन में आप के विधायक और पूर्वांचल समाज के लोग शामिल हुए।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: चारधाम यात्रा पर गढ़वाल मंडल आयुक्त का बयान

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे कहते हैं कि कल रेड अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगाया गया था। आज सुबह फिर से स्थिति की समीक्षा की गई और यात्रा पर प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया। यात्रा मार्ग पर डीएम, एसएसपी और स्थानीय प्रशासन को यह अधिकार दिया गया है कि अगर उन्हें स्थानीय मौसम और परिस्थितियों के मद्देनजर जरूरत महसूस होती है तो वे अपने-अपने जिलों में होल्डिंग प्वाइंट पर वाहनों को रोक सकते हैं। सभी परिस्थितियों पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया है। यमुनोत्री में अभी बचाव और सड़क बहाली का काम चल रहा है, इसे पूरा कर लिया जाएगा। पंजीकरण भी बहाल कर दिया गया है और यात्रा पर प्रतिबंध भी हटा दिया गया है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: मुंबई के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: मुंबई के एक और स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी ईमेल भेजकर दी गई। पिछले 10 दिन में तीसरे स्कूल को धमकी मिली है। आज कांदिवली के KES स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है, जिसकी जांच जारी है। स्कूल में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: आगरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खेरिया एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। ईमेल में लिखा है कि बैकपैक में विस्फोटक छुपाए गए हैं, एयरपोर्ट तुरंत खाली करें।

ईमेल roadkillandkyokill@atomicmail.io नामक आईडी से भेजा गया है। मेल में Roadkill और Kyo ने आतंकी हमला होने की जिम्मेदारी ली गई है। एयरपोर्ट की मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुकीर्ति निगम ने थाना शाहगंज में धमकी मिलने की शिकायत दी है। थाना शाहगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कोलकाता केस की जांच के लिए भाजपा की समिति रवाना

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कोलकाता गैंगरेप केस की जांच के लिए भाजपा की 4 सदस्यीय जांच समिति कोलकाता के लिए निकल गई है। इस समिति को केस की जांच करके रिपोर्ट हाईकमान को सौंपने के आदेश मिले हैं। वारदात 25 जून को अंजाम दी गई थी और केस में 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा का कनेक्शन ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी से बताया जा रहा है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: बरेली में दीक्षांत समारोह में पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 दिन के लिए उत्तर प्रदेश आई हुई हैं। यहां वे बरेली में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। बरेली के इज्जतनगर में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के स्वामी विवेकानंद सभागार में दीक्षांत समारोह हुआ।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: हिमाचल में आज भारी बारिश का अलर्ट

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: हिमाचल के कई जिलों में आज भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है। इसलिए मंडी के बाद मनाली में भी सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। एसडीएम मनाली ने इस संबंध में आदेश जारी किया। इससे पहले मंडी जिले के सभी स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश जारी हुए थे।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: मजीठिया को लेकर विजिलेंस हिमाचल रवाना

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार किए गए शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर शिकंजा कस दिया है। पंजाब विजिलेंस मजीठिया को लेकर हिमाचल रवाना हो गई है। विजिलेंस अब तक 4 लोगों की स्टेटमेंट दर्ज कर चुकी है, जिसमें कई अहम सुराग मिले। इन सुरागों की तस्दीक करवाने में विजिलेंस की टीमें जुटी हैं।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: आज से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: 5 साल के अंतराल के बाद आज से शुरू कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू हो रही है। कैलाश मानसरोवर यात्रा साल 2020 से बंद थी। इसके श्रद्धालुओं की संख्या भी घटाकर 750 कर दी गई है। साल 2019 में इस यात्रा पर जाने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या की सीमा 1580 थी।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: आज अमेरिका ट्रिप पर जाएंगे विदेश मंत्री

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: विदेश मंत्री जयशंकर से आज 30 जून से 2 जुलाई के बीच अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। वे अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर जा रहे हैं। विदेश मंत्री जयशंकर वाशिंगटन में QUAD विदेश मंत्रियों की अगली बैठक में हिस्सा लेंगे। क्वाड विदेश मंत्री पिछली क्यूएफएमएम के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे, जो 21 जनवरी 2025 को वाशिंगटन डीसी में हुई थी। वे क्षेत्रीय और वैश्विक विकास, विशेष रूप से इंडो-पैसिफिक से संबंधित विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और क्वाड लीडर्स समिट की तैयारी में विभिन्न क्वाड पहलों पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिसकी मेजबानी भारत करेगा। मंत्रियों से एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करने की भी उम्मीद है।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: उत्तर प्रदेश के दौरे पर जाएंगी राष्ट्रपति

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से उत्तर प्रदेश के 2 दिवसीय दौरे पर जाएंगी। राष्ट्रपति मुर्मू आज सोमवान को एम्स गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कल मंगलवार को आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद बरेली जाएंगी और वहां से दिल्ली लौट आएंगी।

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कांग्रेस ने नियुक्त किए 58 पर्यवेक्षक

LIVE Aaj Ki Taaza Khabar: कांग्रेस ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 58 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी पदाधिकारियों को AICC पर्यवेक्षकों के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सूची में अंबा प्रसाद, विंग कमांडर अनुमा आचार्य, अमरजीत भगत, अजीत भारतीय, अली मेहंदी, आरिफ मसूद, अरुण विद्यार्थी, अशोक चांदना, भुवनेश्वर बघेल, दीन बंधु बोईपई, दीपक मिश्रा, देवेंद्र निषाद, देवेंद्र सिंह राजपूत, धीरेश कश्यप, ग्रवित सिंघवी, हरीश पवार, हेमंत ओगले, इफ्तिखार अहमद, जयकरण वर्मा, जयेंद्र रमोला, कैलाश चौहान और कमलेश ओझा के नाम शामिल हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ