Kangana Ranaut Statement On Simranjit Singh Mann : बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। जहां बीजेपी ने उनके बयान से किनारा कर लिया तो वहीं विपक्ष को भी हमला करने का मौका मिल गया। इस बीच शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने एक्ट्रेस-सांसद को लेकर विवादित बयान दिया। इस पर कंगना रनौत ने अपने एक्स पर सिमरनजीत सिंह के वीडियो को शेयर कर पलटवार किया।
जानें भाजपा सांसद ने क्या दी प्रतिक्रिया?
कंगना रनौत ने सिमरनजीत सिंह मान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह देश रेप को महत्वहीन बनाना कभी बंद नहीं करेगा। आज इस वरिष्ठ राजनेता ने रेप की तुलना साइकिल चलाने से कर दी, इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि मजे के लिए महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और हिंसा इस पितृसत्तात्मक राष्ट्र की मानसिकता में इतनी गहरी जड़ें जमा चुकी है कि इसका इस्तेमाल महिलाओं को चिढ़ाने या उनका मजाक उड़ाने के लिए किया जाता है, भले ही वह एक हाई प्रोफाइल फिल्म मेकर या पॉलिटिशियन ही क्यों न हो।
सिमरनजीत सिंह मान का कंगना पर विवादित बयान
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के चीफ सिमरनजीत सिंह मान गुरुवार को हरियाणा के करनाल गए थे। इस दौरान मीडिया ने उसने कंगना रनौत के बयान के बारे में सवाल पूछा, इस पर सिमरनजीत सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि कंगना रनौत को रेप का बहुत तजुर्बा है। उनसे पूछें कि कैसे रेप होता है। लोगों को समझाया जाए कि कैसे होता है रेप।
जानें कंगना ने किसान आंदोलन पर क्या कहा था?
आपको बता दें कि हाल ही में कंगना रनौत ने एक इंटरव्यू में कहा था कि पंजाब में किसान आंदोलन के नाम पर हिंसा फैलाई जा रही थी और रेप एवं हत्याएं हो रही थीं। उन्होंने आगे कहा कि अगर देश का शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो आज देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति हो सकती थी।