Jammu Kashmir के दूसरे चरण में 56.05% हुई वोटिंग, EVM में कैद हुई 239 उम्मीदवारों की किस्मत

Jammu Kashmir Phase 2 Voting: जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण का मतदान संपन्न हो गया। 239 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई। लोग घरों से निकलकर पोलिंग बूथ पहुंचे और मतदान किया। हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Jammu Kashmir Elections Phase 2 Voting Live Updates

Jammu Kashmir Phase 2 Voting: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण की वोटिंग संपन्न हो गई। बूथों के बाहर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। 6 जिलों की 26 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। 26 सीटों में से 15 सीटें सेंट्रल कश्मीर और 11 सीटें जम्मू की हैं। जनता ने 239 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। बता दें कि पहले चरण के मतदान 18 सितंबर को हुए थे और 7 जिलों की 24 विधानसभा सीटों पर 61.38% वोटिंग हुई थी। किश्तवाड़ में सबसे ज्यादा 80.20% और पुलवामा में सबसे कम 46.99% मतदान हुआ। देखें दूसरे फेज के मतदान से जुड़े अपडेट।

LIVE UPDATES

दूसरे चरण में 56.05 प्रतिशत हुआ मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 56.05 प्रतिशत मतदान हुआ।

दूसरे चरण का मतदान संपन्न

जम्मू कश्मीर चुनाव के दूसरे चरण में शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हो गया। लोगों ने बूथों पर जाकर अपने मत का इस्तेमाल किया।

शाम 5 बजे तक 54% हुई वोटिंग

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक 54 प्रतिशत मतदान हुआ।

राहुल गांधी बोले- जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोपोर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम चाहते थे कि चुनाव से पहले राज्य का दर्जा बहाल हो जाए। जम्मू-कश्मीर के सभी लोग चाहते थे कि राज्य का दर्जा बहाल होने के बाद चुनाव हों, ऐसा नहीं हुआ, पहला कदम चुनाव है। लेकिन इसके बाद जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करना होगा। इसके लिए इंडिया अलायंस संसद में पीएम मोदी पर दबाव बनाएगा। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम केंद्र में इंडिया अलायंस की सरकार बनते ही आपका राज्य का दर्जा बहाल कर देंगे। अगर हम चाहते हैं कि यह सेब अमेरिका और जापान तक पहुंचे तो राज्य का दर्जा बहाल करना होगा।

दूसरे चरण में 3 बजे तक 46.12% मतदान

केंद्र शासित प्रदेश के छह जिलों की 26 सीटों पर दूसरे चरण के मतदान में दोपहर 3 बजे तक 46.12% मतदान हुआ।

आगे आएं और अपनी सरकार चुनें, रियासी के मतदाता ने की अपील

रियासी में वोट डालने के बाद मोहम्मद कालू ने कहा कि मैं सभी से आग्रह करना चाहूंगा कि आगे आएं और अपनी सरकार चुनें। इससे एक अच्छा जीवन मिलेगा। वह अतीत था, कुछ मजबूरियां थीं कि जिसके कारण हम लोगों को बंदूक की नोक पर लेना पड़ता था। यह वह दौर नहीं है। मैं 2004 से शांति से रह रहा हूं। मैं लोकतंत्र में विश्वास करता हूं। लोग जैसे चाहें वैसे रह सकते हैं- वे दाढ़ी रख सकते हैं, टोपी पहन सकते हैं, सलवार-कमीज पहन सकते हैं, चोटी रख सकते हैं। मैं युवाओं से कहना चाहूंगा कि वे उस रास्ते को छोड़ दें और मुख्यधारा में आएं, अपनी सरकार बनाएं और शांति से रहें।

एक बजे तक 36.93% मतदान

  • बडगाम- 39.43
  • गांदरबल- 39.29
  • पूंछ- 49.94
  • राजौरी- 46.93
  • रियासी- 51.55
  • श्रीनगर- 17.95
  • राहुल गांधी पहुंचे जम्मू कश्मीर

    जम्मू कश्मीर में आज दूसरे फेज के मतदान चल रहे हैं और तीसरे फेज की वोटिंग के लिए प्रचार शुरू हो गया है। इसके लिए आज कांग्रेस सांसद वोटिंग के बीच ही जम्मू कश्मीर पहुंचे, जहां वे एक चुनावी रैली कर सकते है। इससे पहले वे किसी मतदान केंद्र का दौरा भी कर सकते हैं।

    जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज की वोटिंग को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का कहना है कि लोग बड़ी संख्या में वोट करने आ रहे हैं। यह एक इतिहास बन रहा है। हमें बहुत खुशी है कि पूरी घाटी और जम्मू में उत्साह के साथ मतदान हो रहा है। चाहे श्रीनगर की घाटी हो, चाहे ऊंची पर्वत चोटियां हों, हर जगह लोग वोट देने के लिए निकल रहे हैं, यहां तक ​​कि उन क्षेत्रों में भी, जहां बहिष्कार के आह्वान होते थे, मतदाताओं में उत्साह है।

    श्रीनगर में पौने 8 लाख वोटर्स करेंगे मतदान

    श्रीनगर के जिला चुनाव अधिकारी बिलाल मोहिदीन ने मीडिया से बात करते हुए बतया कि जिले में 8 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें 932 मतदान केंद्रों पर 7.76 लाख मतदाता वोट डाल रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें हैं, हम अच्छे मतदान प्रतिशत की उम्मीद कर रहे हैं।

    विदेशी राजनयिकों की टीम आई मतदान प्रक्रिया देखने

    विभिन्न देशों के राजनयिकों का एक प्रतिनिधिमंडल ने दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया को देखने के लिए श्रीनगर के मतदान केंद्रों का दौरा किया। एस.पी. कॉलेज, चिनार बाग में एक मतदान केंद्र में टीम गई। टीम में अमेरिका, मैक्सिको, गुयाना, दक्षिण कोरिया, सोमालिया, पनामा, सिंगापुर, नाइजीरिया, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, नॉर्वे, तंजानिया, रवांडा, अल्जीरिया और फिलीपींस के राजनयिक शामिल रहे।

    11 बजे तक 24.10% मतदान

  • बडगाम- 25.53
  • गांदरबल- 27.20
  • पूंछ- 33.06
  • राजौरी- 30.04
  • रियासी- 33.39
  • श्रीनगर- 11.67
  • एक शख्स के पास नहीं मिली वोटर पर्ची

    रिटर्निंग ऑफिसर 27-बडगाम अफ़रोज़ा से मीडिया ने वोटिंग के बारे में सवाल किया। उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। एक वोटर आया और उसने कहा कि उसका वोट पहले ही डाला जा चुका है। चिह्नित चुनावी कॉपी की जांच की तो उसके नाम की पर्ची नहीं थी। पीओ ने उससे कुछ पहचान पत्र दिखाने का अनुरोध किया, जिसे देखने के बाद उसे मतदाता पर्ची मिल गई। उसने अब अपना वोट डाल दिया है।

    राहुल गांधी की वोटरों से खास अपील

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से एक खास अपील की है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि मेरे भाइयों और बहनों, आज दूसरे चरण का मतदान है। बड़ी संख्या में निकल कर अपने हक़, खुशहाली और बरकत के लिए वोट करें - INDIA को वोट करें। आपसे आपका statehood छीन कर भाजपा सरकार ने आपका अपमान और आपके संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ किया है। INDIA को दिया आपका एक-एक वोट भाजपा के बनाए अन्याय के इस चक्रव्यूह को तोड़ कर जम्मू-कश्मीर को खुशहाली की राह पर लाएगा।

    उमर और फारूक अब्दुल्ला ने डाला वोट

    जेकेएनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला और अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला श्रीनगर में वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए। इस दौरान उनके साथ उमर अब्दुल्ला के बेटे ज़हीर अब्दुल्ला और ज़मीर अब्दुल्ला भी मौजूद नजर आए।

    9 बजे तक मतदान प्रतिशत

  • बडगाम- 10.91
  • गंदरबाल- 12.61
  • पुंछ- 14.41
  • राजौरी- 12.71
  • रियासी- 13.37
  • श्रीनगर- 4.70
  • उमर अब्दुल्ला ने सरकार पर लगाए आरोप

    जेकेएनसी के उपाध्यक्ष और गांदरबल और बडगाम से पार्टी के उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि हम 10 साल से (चुनाव के लिए) इंतजार कर रहे थे, और पहला चरण अच्छा रहा। हमें दूसरे चरण से भी अच्छे मतदान की उम्मीद है... यह भागीदारी भारत सरकार के कारण नहीं है, यह भारत सरकार द्वारा किए गए हर काम के बावजूद है, उन्होंने लोगों को अपमानित किया है, और सरकार की सभी मशीनरी ने लोगों को हिरासत में लिया है और उन्हें परेशान किया है... हां, सभी चुनाव के दिन महत्वपूर्ण हैं। इसमें मेरी व्यक्तिगत हिस्सेदारी है लेकिन सभी चरण महत्वपूर्ण हैं

    102 साल के वोटर ने रियासी में दिया वोट

    जम्मू-कश्मीर के 102 वर्षीय वोटर हागी करम दीन भट ने रियासी के एक मतदान केंद्र पर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अपना वोट डाला। वह कहते हैं कि अच्छी सरकार बनेगी तो बहुत काम होंगे। युवाओं को अच्छी शिक्षा मिलेगी, कारोबार स्थापित होगा। सभी आएं और वोट डालें और सभी मतदाताओं से अपील करें कि आओ और वोट करो।

    जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के आज दूसरे फेज के मतदान में गांदरबल निर्वाचन क्षेत्र के बागू रामपोरा में एक मतदान केंद्र पर पहले 3 मतदाताओं ने वोट डालने के बाद पौधे लगाए। यहां से जेकेएनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला पीडीपी के बशीर अहमद मीर से है।

    श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बलदेव राज शर्मा कहते हैं कि मैं सभी मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करना चाहता हूं। हम इस बात से बहुत खुश हैं कि हमारे निर्वाचन क्षेत्र का नाम उनके नाम पर रखा गया है।

    रविंद्र रैना नौशेरा में मंदिर में माथा टेकने पहुंचे

    भाजपा नेता रविंद्र रैना मतदान से ठीक पहले नौशेरा में मंदिर में माथा टेकने पहुंचे। रविंद्र रैना राजौरी जिले के नौशेरा विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार हैं और इनका मुकाबला नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार सुरेंद्र चौधरी से है। रविंदर रैना का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि अच्छी वोटिंग होगी और वोटिंग के नए रिकॉर्ड बनेंगे। यह लोकतंत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों से आग्रह किया है कि लोकतंत्र को मजबूत करने, नए और खुशहाल जम्मू-कश्मीर के लिए स्वतंत्र रूप से और बिना किसी डर के मतदान करें।

    उमर अब्दुल्ला 2 सीटों पर लड़ रहे चुनाव

    आज दूसरे चरण की वोटिंग में 5 हॉट सीटों पर कई मजबूत दावेदार अपनी किस्मत आजमाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला गांदरबल और बीरवाह से चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में उमर अब्दुल्ला बारामुला सीट तिहाड़ जेल से चुनाव लड़ने वाले इंजीनियर राशिद से हार गए थे। इस बार भी गांदरबल सीट पर उनके खिलाफ जेल में बंद सरजन अहमद वागे उर्फ आजादी चाचा मैदान में हैं। जम्मू कश्मीर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना की सीट राजौरी पर भी आज मतदान होगा।

    25.78 लाख लोग आज मतदान करेंगे

    जम्मू कश्मीर में आज दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया के तहत 25.78 लाख वोटिंग करेंगे। इन 26 लाख वोटर्स में 13.13 लाख पुरुष, 12.56 लाख महिला और 53 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं। 239 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। इनमें भी 233 पुरुष हैं और 6 महिला उम्मीदवार हैं। बता दें कि तीनों चरणों में 873 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। 346 उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

    न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

    First published on:

    और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

    लेख समाप्त

    लेखक के बारे में

    Khushbu Goyal

    Khushbu Goyal

    खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
    ... और पढ़ें
    होम पेज पर वापस जाएँ