IndiGo Airlines Advisory: इंडिगो एयरलाइंस ने अपने यात्रियों के लिए स्पेशल एडवाइजरी जारी की है और यात्रियों से सहयोग की अपील की है. एयरलाइन की ओर से कहा गया है कि रविवार को उत्तरी भारत के कई राज्यों और शहरों में घना कोहरा छाने की संभावना है. इसके चलते कई एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ानें बाधित हो सकती हैं. उड़ानें डिले हो सकती हैं या कैंसिल भी की जा सकती हैं, क्योंकि विजिबिलिटी कम होने से लैंडिंग और टेकऑफ संभव नहीं होगा, इसलिए यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेट्स अपडेट जरूर लें.
मौसम और उड़ानों की स्थिति पर है पूरी नजर
इंडिगो एयरलाइन की ओर से कहा गया है कि उनकी टीमें एयरपोर्ट पर तैनात हैं, जो उड़ानों और मौसम की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. हर तरह की स्थिति के बारे में यात्रियों को SMS भेजकर अपडेट दिया जाएगा. मौसमी संबंधी प्रॉब्लम के कारण सुबह के समय कुछ घंटों के लिए उड़ानों का टाइम टेबल बिगड़ सकता है. यात्रियों की सुरक्षा एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसलिए यात्रियों को सलाह है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले दिए गए लिंक (bit.ly/3ZWAQXd) से अपनी फ्लाइट की अपडेट चेक कर लें.
री-बुकिंग और रिफंड की सुविधा भी मिलेगी
एयरलाइन की ओर से कहा गया है कि जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट (goindigo.in/plan-b.html) से अपनी फ्लाइट फिर से बुक कर सकते हैं या रिफंड के लिए अप्लाई कर सकते हैं. एयरलाइन के अधिकारी यात्रियों को हर तरह की स्थिति के बारे में बताएंगे और खराब मौसम के बावजूद सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे. अधिकारी सतर्क रहेंगे और यात्रा को सरल बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे, लोग धैर्य बनाए रखें. कंपनी की लोगों से सहयोग की अपील है.
घनी धुंध और खराब मौसम के कारण समस्या
बता दें कि दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में घनी धुंध के कारण हवाई, रेल और सड़क परिवहन प्रभावित हो रहा है. शनिवार को घने कोहरे के कारण कम विजिबिलिटी की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 66 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं. श्रीनगर हवाई अड्डे से 4 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं. अमृतसर और दिल्ली से आने-जाने वाली 3 उड़ानें भी खराब मौसम के कारण रद्द की गई थीं. एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ-साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी करके लोगों से कंपनियों को सहयोग करने की अपील की थी.