बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया. पुलिस तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई लेकर आई और यहां पहुंचते ही अनिवार्य चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया. आरोपियों को चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ के कार्यालय ले जाया गया.
घटना के एक दिन बाद सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से इन कथित हमलावरों को पकड़ा गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और हरियाणा के रेहान और फूल सिंह को गिरफ्तार किया था. ये तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे, उससे पहले ही कोटा पुलिस ने इन दबोचकर मुंबई पुलिस को सौंप दिया.
3 कारों में 3 राज्यों से गुजरा काफिला
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे कोटा से दो प्राइवेट कारों, एक सफेद रंग की और दूसरी सिल्वर-मेटैलिक रंग की इनोवा क्रिस्टा में इन्हें लेकर काफिला कोटा से रवाना हुआ. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर करीब 900 किलोमीटर के इस सफर में शुरुआत में आरोपियों को सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा में रखा गया था, जबकि पुलिस अधिकारी दूसरी कार में बैठे थे.
शाम करीब 6.45 बजे गुजरात के भरूच के पास दोनों कारें रुकीं और आरोपियों को सिल्वर-मेटैलिक रंग की इनोवा में शिफ्ट कर दिया गया. इसके बाद सफेद रंग की इनोवा की रफ्तार धीमी होकर 40 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो गई, जबकि दूसरी कार एक्सप्रेसवे पर लगभग 130-140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ती रही.
इसके बाद इस काफिले में सिल्वर-मेटैलिक रंग की एक इनोवा क्रिस्टा कार रात करीब 9.30 बजे इस काफिले में शामिल हो गई. महाराष्ट्र नंबर वाली इस कार में सादे कपड़ों में अधिकारी सवार थे. इसके बाद वे एक रेस्तरां के पास रुके, वहां एक अधिकारी रेस्तरां में जाता है और कुछ देर बाद बाहर आ जाता है.
चार बार बदली गई कार
रात करीब 10.10 बजे गुजरात के वलसाड में एक पेट्रोल पंप पर तीनों गाड़ियां एक साथ इकट्ठा हो गईं. इसके बाद काफिला वापी से होकर गुजरा और रात करीब 10.50 बजे महाराष्ट्र में दाखिल हुआ. करीब 16 घंटे के सफर के बाद काफिला रात करीब 2.30 बजे मुंबई पहुंचा, जहां आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. आरोपियों को कम से कम चार बार एक गाड़ी से दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, सफर के दौरान अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे थे.
बता दें, मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर रविवार शाम गोलियां चलाई थीं और वे फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे. इस हमले में अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई लेकिन उनका वाहन चालक और घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गए थे. मुंबई पुलिस के मुताबिक, कार पर पांच-छह गोलियां चलाई गईं. हमलावरों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली थी.
आरोपी वारदात के बाद सूरत भाग गए थे और वहां से जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे. तीनों की योजना बस से दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की थी.