हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

Exit Poll 2024 Live: एग्जिट पोल्स में सामने आया चुनाव परिणाम का खाका; किसने किसे कितनी सीटें दीं?

Lok Sabha Election 2024: देश में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग संपन्न हो गई है। 4 जून को मतगणना होगी और पता चल जाएगा कि इस बार केंद्र में सरकार किसकी बनेगी। लेकिन 4 जून से पहले आज मतदान के बाद एग्जिट पोल्स के E आंकड़े सामने आने लगे हैं जो अंदाजा दे रहे हैं कि इस चुनावी दौड़ में कौन आगे है और कौन पीछे। एग्जिट पोल्स से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिए न्यूज24 के साथ।

विज्ञापन

Live Updates

21:08 (IST) 01 Jun 2024

यूपी के लिए टुडेज चाणक्या का एनालिसिस

न्यूज24-टुडेज चाणक्या ने उत्तर प्रदेश के लिए भी अपना लोकसभा एनालिसिस जारी कर दिया है। इसके हिसाब से प्रदेश में एनडीए को 68 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं, विपक्षी गठबंधन के खाते में 12 सीटें आ सकती हैं। अन्य दलों को एक भी सीट नहीं मिलने के आसार हैं।

20:53 (IST) 01 Jun 2024

मोदी तीसरी बार पीएम बने तो सिर मुंडवा लूंगा: सोमनाथ भारती

लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण के मतदान के बाद आज देश की विभिन्न सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के आंकड़े जारी कर दिए। सर्वे में कई जगह एनडीए को तो कई जगहों पर इंडिया गठबंधन को झटका लगा है। इस बीच नई दिल्ली लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने दावा करते हुए कहा कि अगर मोदीजी तीसरी बार पीएम बनेंगे तो मैं सिर मुंडवा लूंगा। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

20:40 (IST) 01 Jun 2024

UP में अपना दल को कितनी सीटें

एनडीए की साथी अपना दल को भी इस बार बहुत नुकसान होता नहीं दिख रहा है।एग्जिट पोल में उसे दो सीटें मिल सकती हैं।

20:31 (IST) 01 Jun 2024

यूपी में Congress की हालत हो सकती है पतली

यूपी में बीजेपी एक बार फिर से भारी बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में कांग्रेस 1-3 सीटों पर सिमटती दिख रही है।

20:24 (IST) 01 Jun 2024

यूपी में भाजपा को बढ़त!

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से भाजपा को 62 से 68 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा सपा के खाते में 10 से 16, कांग्रेस को 1 से 3, अपना दल को 2 और रालोद को 1 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

20:18 (IST) 01 Jun 2024

कश्मीर-लद्दाख में क्या होने के आसार?

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की कुल 6 सीटों में से भाजपा को 2 से 3 सीटों पर जीत मिल सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीन नेशनल कॉन्फ्रेंस के काते में 3, कांग्रेस को 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।

20:10 (IST) 01 Jun 2024

बंगाल में भाजपा को बढ़त

पश्चिम बंगाल में सी वोटर के एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। इसके हिसाब से भगवा दल को यहां 23 से 27 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 1 से 3 तो टीएमसी को 13 से 17 सीटों पर जीत मिलने की संभावना है।

20:06 (IST) 01 Jun 2024

4 मई को 400 पार का इतिहास बनेगा: शिवराज

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने न्यूज24-टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि न्यूज24 के मध्यप्रदेश के एग्जिट पोल पूरी तरह सटीक हैं। सभी 29 सीटों पर बीजेपी जीत रही है, छिंदवाड़ा भी कमलनाथ के हाथ से निकल रहा है। दिल्ली और राजस्थान में भी हम सभी सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में 'मोदी है तो मुमकिन है' ही मुद्दा रहा।

20:02 (IST) 01 Jun 2024

गोवा में बराबरी की टक्कर

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के हिसाब से गोवा में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। अनुमान इशारा करते हैं कि 4 जून को मतगणना के दौरान 2 लोकसभा सीटों वाले इस तटीय राज्य में एक-एक सीट पर जीत हासिल कर सकते हैं।

19:54 (IST) 01 Jun 2024

बंगाल में भाजपा करेगी कमाल!

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। इंडिया टीवी ने बंगाल में भाजपा को 22 से 26 सीटें दी हैं। वहीं, सत्ताधारी टीएमसी को 14 से 18 सीटों पर जीत मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस को 1 से 2 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है।

19:50 (IST) 01 Jun 2024

असम में भाजपा दिख रही आगे

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के हिसाब से असम की 14 सीटों में से भाजपा को 9 से 10 पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस 1 से 2 सीटें तो एआईयूडीएफ को 1 सीट मिलने का अनुमान है।

19:47 (IST) 01 Jun 2024

हिमाचल में ऐसा हो सकता है रिजल्ट

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के मुताबिक हिमाचल प्रदेश की चार सीटों में से भाजपा 3 से 4 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं कांग्रेस 1 सीट जीत सकती है।

19:44 (IST) 01 Jun 2024

राजस्थान में भाजपा कर पाएगी क्लीन स्वीप?

न्यूज24-टुडेज चाणक्या के अनुसार राजस्थान की 25 सीटों में से भाजपा को 22 सीटों मिल सकती हैं। इनमें 3 की कमी या इजाफा भी हो सकता है। कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आने का अनुमान है, इस आंकड़े में 2 की कमी या इजाफा हो सकता है। वहीं, अन्य को 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है। बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राजस्थान की सभी सीटों पर जीत हासिल की थी।

19:39 (IST) 01 Jun 2024

पंजाब में होगा बड़ा खेल?

पंजाब में भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के अनुसार राज्य में आप को 2 से 4 सीटें मिल सकती हैं वहीं कांग्रेस भी 4 से 6 सीटें जीत सकती है। भाजपा को पंजाब में 2-3 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं अकाली दल के खाते में 1 से 3 सीटें आ सकती हैं।

19:38 (IST) 01 Jun 2024

दिल्ली में कैसी बनेगी तस्वीर?

इंडिया टीवी ने दिल्ली की सभी सीटों पर भाजपा के जीतने की संभावना जताई गई है। इसके हिसाब से भाजपा के 6-7 सीटें मिल सकती हैं। इसके साथ ही उम्मीद है कि एक सीट कांग्रेस भी जीत सकती है। आम आदमी पार्टी को इस एग्जिट पोल में एक भी सीट नहीं मिली है।

19:33 (IST) 01 Jun 2024

एमपी में भाजपा जीतेगी सभी 29 सीटें!

न्यूज24-टुडेज चाणक्या के लोकसभा चुनाव एनालिसिस के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप कर सकती है। एनालिसिस में राज्य की 29 सीटों में से सभी पर भाजपा को जीतते दिखाया गया है। यानी राज्य में इंडिया गठबंधन का खाता भी खुलना मुश्किल दिख रहा है।

19:28 (IST) 01 Jun 2024

राजस्थान में भाजपा को 21-23 सीटें: इंडिया टीवी

इंडिया टीवी ने अपने एग्जिट पोल में राजस्थान की 25 सीटों में से भाजपा को 21 से 23 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, कांग्रेस को 2-4 सीटों मिल सकती हैं।

19:25 (IST) 01 Jun 2024

TV9 के आंकड़ों में INDIA को बढ़त

TV9 ने 543 लोकसभा सीटों में से 136 पर एग्जिट पोल के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इसके हिसाब से इंडिया गठबंधन को एनडीए पर बढ़त मिलती दिख रही है। 136 में से एनडीए को 51 तो इंडिया को 70 सीटें मिलती दिख रही हैं।

19:18 (IST) 01 Jun 2024

ओडिशा में भाजपा को 15-17 सीटें

ओडिशा की 21 सीटों में से इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के हिसाब से भाजपा को 15 से 17 पर जीत मिल सकती है। बीजू जनता दल की सीटें 4 से 6 के बीच रह सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को जीरो से एक सीट पर जीत मिलने की संभावना है।

19:16 (IST) 01 Jun 2024

छत्तीसगढ़ में क्या हो सकता है?

छत्तीसगढ़ में न्यूज24-टुडेज चाणक्या ने भाजपा को सभी सीटों पर जीतते हुए दिखाया है। इसके अनुसार भाजपा के 59 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं, कांग्रेस के खाते में 33 फीसदी वोट आने की संभावना है। वहीं, इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के अनुसार राज्य में भाजपा को 10-11 और कांग्रेस को जीरो से एक सीट मिल सकती है।

19:14 (IST) 01 Jun 2024

एमपी में सभी सीटें जीतेगी भाजपा: टुडेज चाणक्य

न्यूज24-टुडेज चाणक्या के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप करने वाली है। राज्य की सभी 29 सीटों पर भाजपा को जीत मिलते दिखाया जा रहा है।

19:13 (IST) 01 Jun 2024

झारखंड में एनडीए को 50 प्रतिशत वोट!

आज तक माई एक्सिस के अनुसार झारखंड में एनडीए को 50 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। एनडीए के खाते में 8 से 10 सीटें आ सकती हैं। वहीं, इंडिया को 4 से 6 सीटों पर जीत मिल सकती है।

19:11 (IST) 01 Jun 2024

दिल्ली में कांग्रेस को 1 सीट: टुडेज चाणक्या

न्यूज24-टुडेज चाणक्या के लोकसभा एनालिसिस के मुताबिक राजधानी दिल्ली की सात सीटों में से भाजपा को इस बार 6 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान जताया गया है। एक सीट कांग्रेस के खाते में आ सकती है। पिछले चुनाव में भाजपा ने सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की थी। दिल्ली में एनडीए को 52 प्रतिशत और कांग्रेस को 44 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

19:09 (IST) 01 Jun 2024

महाराष्ट्र में रोचक होगा मुकाबला!

महाराष्ट्र में सी वोटर के सर्वे के अनुसार एनडीए को 22 से 26 सीटें मिल सकती हैं। वहीं इंडिया को 23 से 25 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। यानी महाराष्ट्र में इस बार कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

19:01 (IST) 01 Jun 2024

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर

इंडिया टीवी के एग्जिट पोल के अनुसार अभी तक 130 सीटों पर आंकड़े सामने आए हैं। इनमें से एनडीए के खाते में 57 से 65 सीटें जाती दिख रही हैं तो इंडिया को 59 से 66 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, अन्य को 4 से 7 सीटों पर जीत मिलने की संभावना व्यक्त की गई है।

18:58 (IST) 01 Jun 2024

एक्सिस माई इंडिया: अब तक 87 सीटों में INDIA आगे

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार अभी तक 87 सीटों पर रुझान सामने आ चुके हैं। इसके हिसाब से अभी एनडीए पर इंडिया को बढ़त मिलती दिख रही है। इंडिया को 53 में से 61 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान जताया जा रहा है तो एनडीए के खाते में 27 से 32 सीटें दी जा रही हैं।

18:56 (IST) 01 Jun 2024

केंद्र शासित प्रदेशों की तस्वीर

केंद्र शासित प्रदेशों में एनडीए को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है।

18:50 (IST) 01 Jun 2024

केरल में लेफ्ट को जीरो सीट: सी वोटर

केरल में सी वोटर के हिसाब से 20 में से एनडीए को 1 से 3 सीटें, यूडीएफ को 17 से 19 और एलडीएफ को जीरो सीटें मिलने का अनुमान है। सी वोटर के सर्वे में लेफ्ट को एक भी सीट नहीं मिलने का अनुमान जताया गया है। माई एक्सिस के अनुसार केरल में एनडीए को 27 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

18:47 (IST) 01 Jun 2024

तेलंगाना में कैसी हो सकती है स्थिति?

तेलंगाना में सी वोटर के अनुसार एनडीए को 33 परसेंट वोट मिल सकते हैं। वहीं, इंडिया के खाते में 39 प्रतिशत, बीआरएस को 20 व एआईएमआईएम को 2 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। सी वोटर ने तेलंगाना में एनडीए और इंडिया दोनों को 7-9 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।

18:45 (IST) 01 Jun 2024

कर्नाटक में भाजपा को कितनी सीटें?

एक्सिस माई इंडिया के अनुसार कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों में से भाजपा के 20 से 22 सीटें मिलने की संभावना है। इंडिया गठबंधन को 3 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है।

18:43 (IST) 01 Jun 2024

उत्तराखंड में सभी सीटें भाजपा की: न्यूज24 टु़डेज चाणक्या

न्यूज24 टुडेज चाणक्या के लोकसभा एनालिसिस के अनुसार उत्तराखंड में भाजपा सभी पांच सीटों पर क्लीन स्वीप करने वाली है। इसके अनुसार भाजपा को 59 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस का वोट शेयर 32 प्रतिशत रह सकता है।

18:41 (IST) 01 Jun 2024

आंध्र में नहीं खुलेगा INDIA का खाता

सी वोटर के सर्वे के अनुसान आंध्र प्रदेश में NDA को 21 से 25 सीटें मिल सकती हैं। सी वोटर ने INDIA को जीरो सीटें दी हैं। वहीं, जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआरसीपी को जीरो से 4 सीटें मिलने का अनुमान है।

18:40 (IST) 01 Jun 2024

तमिलनाडु में भाजपा के 2 से 4 सीटें मिलने का अनुमान

आजतक-माई एक्सिस के एग्जिट पोल रुझानों के अनुसार तमिलनाडु में भाजपा के 2 से 4, कांग्रेस को 13 से 15, डीएमके को 20 से 22 और एआईएडीएमके को शून्य से 2 सीटें मिलने का अनुमान है।

18:37 (IST) 01 Jun 2024

तमिलनाडु से आया पहला रुझान

मतदान समाप्त होने के साथ ही एग्जिट पोल के रुझान सामने आ गए हैं। पहला आंकड़ा तमिलनाडु से सामने आया है। आजतक-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार तमिलनाडु में एनडीए को 22 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन के खाते में 46 प्रतिशत मत आ सकते हैं। यहां एनडीए को 2 से 4 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, विपक्षी गठबंधन को 33 से 37 सीटें मिल सकती हैं। यह एनडीए के लिए अच्छी खबर है क्योंकि पार्टी का राज्य में खाता खुलने की संभावना दिख रही है।

18:33 (IST) 01 Jun 2024

आने ही वाले हैं एग्जिट पोल्स

लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) को लेकर एग्जिट पोल (Exit Poll 2024 Live Updates) का पहला रुझान अब कुछ ही देर में सामने आने वाला है। बता दें कि अंतिम चरण के मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अब लोगों को एग्जिट पोल्स इंतजार है जिनमें इस बात के अनुमान जताए जाएंगे कि चुनावी दौड़ में कौन आगे दिख रहा है और कौन सरकार बना सकता है।

18:28 (IST) 01 Jun 2024

राजस्थान: कांग्रेस का खुलेगा खाता या क्लीन स्वीप करेगी BJP?

राजस्थान में दो चरणों में 25 सीटों पर वोटिंग हुई थी। 19 अप्रैल को पहले चरण में राजस्थान की सीटों पर मतदान हुआ था। वहीं 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग हुई थी। ऐसे में अब 4 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। बात करें 2019 के परिणामों की तो प्रदेश की सभी 25 सीटों पर भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार भाजपा की राह आसान नहीं है। पार्टी को जैसलमेर-बाड़मेर, चुरू और नागौर जैसी सीटों पर कड़ी टक्कर मिल रही है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

18:15 (IST) 01 Jun 2024

देश का मूड कैसे बता देती है चंद वोटर्स की बात?

वोटों की गिनती से पहले ही न्यूज चैनल और समाचार एजेंसियां अपना एग्जिट पोल जारी करती हैं। जो वोटिंग के बाद लोगों के सामने आता है। इस बार एग्जिट पोल क्या कहते हैं? यह तो जल्द पता लग जाएगा, लेकिन अब एग्जिट पोल्स से जुड़ी कुछ खास बातों पर जिक्र करते हैं। क्या अब तक हुए एग्जिट पोल सही रहे हैं? 2019 लोकसभा चुनाव और उसके बाद हुए विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के बारे में जानना जरूरी है। सही और एग्जिट पोल के परिणामों में कितनी समानता, असमानता रही? इस बारे में बताते हैं। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

18:09 (IST) 01 Jun 2024

BJD के गढ़ में क्या सेंध लगा पाएगी BJP?

ओडिशा की 21 सीटों पर 4 चरणों (चाैथे से सातवें तक) में चुनाव हुआ। चौथे चरण में 4 सीटों पर, 5वें चरण में 5 सीटों पर, छठवें चरण में 6 सीटों पर और 7वें चरण में 6 सीटों पर मतदान हुआ। अंतिम चरण का मतदान 1 जून का हुआ। ओडिशा के सभी चरणों में बंपर वोटिंग हुई। ओडिशा में बीजेपी सरकार के कई बड़े चेहरे चुनावी मैदान में रहे। इनमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संबित पात्रा, अपराजिता सारंगी आदि हैं। बीजेपी को राज्य की मुख्य राजनीतिक पार्टी बीजू जनता दल (BJD) से चुनौती मिल रही है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

18:03 (IST) 01 Jun 2024

5 बजे तक 58.3 प्रतिशत वोटिंग

लोकसभा चुनाव के सातवें यानी अंतिम चरण में शाम 5 बजे तक 58.3 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। पिछले लोकसभा चुनाव में सातवें चरण में वोटिंग का आंकड़ा 65.3 प्रतिशत था। इस चरण में आठ राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल जारी हो जाएंगे। एग्जिट पोल से जुड़ी हर अपडेट के लिए न्यूज24 के साथ जुड़े रहिए।

17:40 (IST) 01 Jun 2024

एग्जिट पोल का सच सामने लाएंगे: खड़गे

लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024)के आखिरी चरण के मतदान खत्म होने से पहले आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे घर पर इंडिया गठबंधन के आला नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से कहा कि एग्जिट पोल (Exit Poll 2024) पर भाजपा वाले नैरेटिव सेट करने की कोशिश करेंगे। हम लोग भी टीवी डिबेट में हिस्सा लेंगे और लोगों को एग्जिट पोल की सच्चाई दिखाएंगे। खड़गे ने कहा कि हम 295 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे हैं। इससे कम हमारी सीटें नहीं आएंगी। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

17:33 (IST) 01 Jun 2024

Exit Poll पर क्या बोले तेजस्वी यादव?

आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल आने से पहले ही इंडिया गठबंधन की जीत पर भरोसा जताया है। तेजस्वी यादव ने आज सुबह ही भाई तेज प्रताप यादव के साथ पटना में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसी के साथ तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से भी वोट देने की अपील की। हालांकि जब तेजस्वी यादव से एग्जिट पोल पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 4 जून का इंतजार करें। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

17:21 (IST) 01 Jun 2024

INDIA की बनेगी सरकार: मनोज झा

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने कहा है कि लोग अपनी पहचान और सामाजिक व आर्थिक मुद्दों को देखते हुए वोट कर रहे हैं। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि स्पॉन्सर्ड एग्जिट पोल क्या कहते हैं। 4 जून को जब रिजल्ट आएगा तब सबको पता चल जाएगा कि इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ केंद्र में सरकार बना रहा है। बता दें कि आज लोकसभा चुनाव के मतदान का अंतिम चरण है और 4 जून को परिणाम सामने आएंगे।

17:08 (IST) 01 Jun 2024

एग्जिट पोल में इन राज्यों पर रहेगी नजर

अंतिम चरण का मतदान समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल्स जारी हो जाएंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु उन राज्यों में हैं जिन पर लोगों की खास नजर रहने वाली है। बता दें कि आज शाम एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे लेकिन असल परिणाम 4 जून को सामने आएंगे।

16:54 (IST) 01 Jun 2024

इंडिया की बैठक में क्या अहम फैसला हुआ?

लोकसभा चुनाव का आखिरी चरण कुछ देर में खत्म हो जाएगा। हालांकि वोटिंग समाप्त होने से पहले इंडिया महागठबंधन के नेताओं ने बैठक का आयोजन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर इंडिया महागठबंधन की बैठक हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। पूरी रिपोर्ट देखें

16:45 (IST) 01 Jun 2024

भाजपा के बहकावे में न आएं: अखिलेश

सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम चरण के मतदान के दौरान सतर्क रहिए। भाजपा के बहकावे में नहीं आना है। उन्होंने कहा कि मतों की गणना में गड़बड़ी हो सकती है, इसका खास ध्यान रखें। भाजपा के लोग चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। इसीलिए हमारा सावधान रहना बहुत जरूरी है।

16:33 (IST) 01 Jun 2024

थिएटर में दिखाए जाएंगे लाइव नतीजे

लोकसभा चुनाव का आज आखिरी चरण का मतदान हो रहा है। मतदान खत्म होते ही शाम को एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने वाले हैं। 4 जून को चुनाव के नतीजे आएंगे लेकिन इस बार चुनाव के नतीजे बड़ी स्क्रीन पर भी देखे जा सकेंगे। कई थिएटरों में इसको लेकर तैयारी चल रही है और बुकिंग भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के कई थिएटर्स में लोकसभा चुनाव के नतीजे लाइव दिखाए जाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें

16:22 (IST) 01 Jun 2024

पिछले चुनाव में कैसे रहे थे अनुमान?

2019 के लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स में भाजपा की विशाल जीत की भविष्यवाणी की गई थी। उस समय वीएमआर-टाइम्स ने भाजपा को 306 और कांग्रेस को 132 सीटें दी थीं। आईपीएसओएस न्यूज18 ने भाजपा को 336 और कांग्रेस को 82 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। रिजल्ट आने पर भाजपा के खाते में 303 सीटें आई थीं जबकि कांग्रेस केवल 52 सीटों पर सिमट गई थी। देखना है कि इस बार के एग्जिट पोल्स कितने सटीक साबित होते हैं।

16:11 (IST) 01 Jun 2024

Exit Polls के आंकड़े कितने सटीक?

लोकसभा चुनाव पांच साल में एक बार होते हैं। वहीं चुनाव के बाद केंद्र में किसकी सरकार बनेगी? ये जानने को सभी उत्सुक रहते हैं। 18वें लोकसभा चुनाव का आखिरी चरण आज खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग की एडवाइजरी के मुताबिक 6:30 बजे के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े जारी किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव का आखिरी चरण खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने लगेंगे। मगर एग्जिट पोल को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। तो आइए जानते हैं एग्जिट पोल कितने सही साबित होते हैं? पूरी रिपोर्ट पढ़ें

16:00 (IST) 01 Jun 2024

आखिरी चरण में कहां-कहां हो रहा है मतदान?

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आठ राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। 809 पुरुष और 95 महिला प्रत्याशियों के साथ कुल 904 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिनकी किस्मत का फैसला जनता आज कर रही है। जहां-जहां आज मतदान हो रहा है उनमें बिहार की 8, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3, ओडिशा की 6, पंजाब की सभी 13, उत्तर प्रदेश की 13 और पश्चिम बंगाल की 9 सीटें शामिल हैं। अब तक हुए चुनाव के 6 चरणों में 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 486 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो चुकी है।

15:51 (IST) 01 Jun 2024

वोटिंग खत्म होने तक नहीं आ सकता एग्जिट पोल

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के सेक्शन 126ए के अनुसार समाचार चैनलों और चुनावी एजेंसियां अंतिम चरण का मतदान खत्म होने से पहले एग्जिट पोल जारी नहीं कर सकते। इस नियम का उल्लंघन करने पर अधिकतम 2 साल की जेल या जुर्माना या दोनों लगाया जा सकता है। इस नियम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता निष्पक्ष रहें और वोटिंग प्रक्रिया की इंटेग्रिटी बनी रहे। आज शाम मतदान होने के बाद एग्जिट पोल जारी कर दिए जाएंगे।

15:40 (IST) 01 Jun 2024

आज चुनाव का आखिरी चरण

लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया आज समाप्त हो जाएगी। इसके बाद अब लोग बेसब्री से एग्जिट पोल्स का इंतजार कर रहे हैं जिनमें देश की राजनीति के भविष्य का खाका खींचने की कोशिश की जाती है। यह आम चुनाव सात चरणों में संपन्न हुआ। मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडी गठबंधन के बीच है। हालांकि, भाजपा की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है। लेकिन, असल तस्वीर 4 जून को ही साफ होगी।

Lok Sabha Election 2024 Exit Polls Live : आज यानी शनिवार को लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण का मतदान पूरा हो गया है। इसके साथ ही विभिन्न एजेंसियों की ओर से एग्जिट पोल के आंकड़े जारी होने लगे हैं। इनमें अनुमान लगाया जा रहा है कि केंद्र में इस बार किसकी सरकार बनती दिख रही है। न्यूज24 पर देखिए टुडेज चाणक्या के लोकसभा एनालिसिस समेत सभी एग्जिट पोल्स की तस्वीर। इस रिपोर्ट में जानिए किस एजेंसी के एग्जिट पोल के आंकड़े क्या कहते हैं और इससे जुड़े सभी लाइव अपडेट्स।

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola