कांग्रेस समेत ‘इंडिया’ गठबंधन की पार्टियों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था. इस मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से लिखा है कि एक एफआईआर बाराखंभा रोड पुलिस स्टेशन तो दूसरी तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है.
मार्च के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने SIR प्रोसेस के दौरान बड़े पैमाने पर वोटर्स के नाम हटाए जाने और कई गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राजद के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, एनसीपी शरदचंद्र पवार गुट की सुप्रिया सुले, शिवसेना उद्धव गुट के संजय राउत, भाकपा नेता डी. राजा, झामुमो की सांसद महुआ माजी, माकपा के महासचिव एम.ए. बेबी और आईयूएमएल के नेता ई. टी. मोहम्मद बशीर ने भी यह याचिका दायर की है.
याचिका में क्या की गई मांग
इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है. इसमें अनुरोध किया गया है कि एसआईआर के दौरान किए गए बदलावों और हटाए गए नामों का एक तय समय में स्वतंत्र ऑडिट करने के लिए एक स्वतंत्र समिति बनाई जाए. इस समिति की अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे और तकनीकी विशेषज्ञ व गणमान्य नागरिक उनकी मदद करेंगे.
इसमें यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कानून के मुताबिक, बिना नोटिस और सुनवाई का उचित मौका दिए किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए. साथ ही यह भी पक्का किया जाए कि पंजाब और दूसरे राज्यों में जहां चुनाव होने हैं वहां योग्य लोगों को कानून द्वारा तय आखिरी तारीख तक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की इजाजत दी जाए.
राहुल ने विपक्षी सांसदों को चाय पर बुलाया
राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों तथा सामाजिक और छात्र संगठनों के सदस्यों को चाय पर आमंत्रित किया है. सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी. बैठक के दौरान कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शनों की रणनीति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है.