Kal Ka Mausam: दिल्ली में छाए रह सकते हैं बादल, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; चक्रवाती तूफान का भी खतरा
Kal Ka Mausam: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 और 25 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. (Photo: AI)
दक्षिण भारत के कई राज्यों बारिश से बुरा हाल है, इस बीच उत्तर भारत में भी मौसम करवट बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली-NCR में 25 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. जबकि राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस बीच, बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान और अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण देश के कई राज्यों में भारी से जोरदार बारिश होने की आशंका है.
विज्ञापन
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका
वहीं, मौसम विभाग ने दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है. 26 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने और इसके भयानक रूप लेने की संभावना है. चक्रवात का प्रभाव 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर देखने को मिल सकता है, जिसकी वजह से भारी बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और आसपास के लक्षद्वीप क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
विज्ञापन
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अलर्ट
पूर्वी भारत में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 25 से 27 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है. ओडिशा में कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. बिहार में 29 अक्टूबर को भारी और 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को आंधी-तूफान के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उत्तर भारत और मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 और 25 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 25 अक्टूबर को छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29-30 अक्टूबर को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी 27 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश और गरज-चमक की संभावना है.