Breaking News: मुंबई के वर्ली में सड़क पर गिरा इमारत का हिस्सा

Today News Headlines: आज मकर संक्रांति पर महाकुंभ 2025 में लोग पवित्र स्नान कर रहे हैं। आज मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव नामांकन भरेंगी। आज प्रधानमंत्री मोदी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

Breaking News Live Updates

Breaking News Today 14 January: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज मकर संक्रांति है और आज त्योहार के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरा। गाजा युद्ध के लिए अगले 24 घंटे सबसे अहम हैं। हमास-इजरायल के बीच 2 शर्तों पर बातचीत अटकी है, सहमति बनी तो युद्धविराम हो जाएगा।

विज्ञापन

ओडिशा सरकार ने घोषणा की है कि इमरजेंसी के दौरान जेल जाने वालों को 20 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। PM मोदी ने IMD के 150वें स्थापना दिवस पर ‘मिशन मौसम’ की शुरुआत की। इसका उद्देश्य देश को ‘वेदर रेडी’ और ‘क्लाइमेट स्मार्ट’ बनाना है। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

मुंबई में सड़क पर गिरा इमारत का हिस्सा

मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बीबीडी चाल की एक इमारत को गिराते समय उसका हिस्सा मुख्य सड़क पर गिर गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

ग्रेनो में पार्किंग को लेकर विवाद, युवक ने सिक्योरिटी गार्ड पर की 6 राउंड फायरिंग

यूपी के ग्रेनो वेस्ट में स्थित श्री राधा स्काई गार्डन्स सोसायटी में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। मामले में नाइट क्लब के मालिक ने कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्ड्स पर 6 राउंड फायरिंग कर दी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायरिंग के बाद से ही सोसायटी के लोग दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर शुरू कर दी है।

भाजपा को दिल्ली की सुरक्षा से कोई मतलब नहीं

आप सांसद संजय सिंह ने कहा जो खुलासे पुलिस नहीं करती, वे बीजेपी के सांसद करते हैं। बीजेपी छोटे-छोटे बच्चों को मिल रही धमकी का राजनैतिक लाभ उठा रही है। भाजपा को दिल्ली की सुरक्षा से कोई मतलब नहीं है। इनके पास नेता, नीति और नियत नहीं बल्कि केवल आरोप और प्रत्यारोप है।

मैं दिन-रात जनता की सेवा करूंगा- चंद्रभान पासवान

मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार चंद्रभान पासवान ने कहा, मैं मिल्कीपुर की जनता, भाजपा नेताओं, योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और मैं दिन-रात जनता की सेवा करूंगा। मुद्दा विकास पर केंद्रित रहेगा और जनता और भगवान राम के आशीर्वाद से मैं भाजपा के लिए सीट जीतने का काम करूंगा।

छिंदवाड़ा में कुंआ खोदते समय मिट्टी धंसी

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में कुंआ खोदते समय मिट्टी धंस गई। हादसा मंगलवार शाम को हुआ। मामले में 3 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है।

चिन्मय कृष्ण दास ने जमानत के लिए याचिका दायर की

बांग्लादेश में इस्काॅन के चिन्मय कृष्ण दास ने हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की।

वाल्मीक कराड को भी आरोपी बनाया जाना चाहिए- जितेंद्र आव्हाड

महाराष्ट्र की एक अदालत ने एनसीपी मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कराड बीड जिले में एक सरपंच की हत्या से जुड़े 2 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में वांछित है। एनसीपी-एससीपी के जितेंद्र आव्हाड ने कहा, वाल्मीक कराड को भी हत्या के मामले में आरोपी बनाया जाना चाहिए। महाराष्ट्र को न्याय नहीं मिल रहा है। यह कहना कि वह (वाल्मीकि कराड) हत्या के मामले में शामिल नहीं है, संतोष देशमुख के साथ अन्याय करने के समान है।

चुनाव से 15 दिन पहले वे मनगढ़ंत कहानियां सुना रहे- संजय सिंह

दिल्ली में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी के आरोपों पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा, भाजपा स्कूली बच्चों को मिल रही धमकियों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। पहली धमकी मई 2024 में दी गई थी। अब लगभग 9 महीने बाद, दिल्ली पुलिस ने कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। वह अलग-अलग एनजीओ की कहानियां बता रहे हैं, उन्हें सब पता है। 10 महीने तक कोई जांच नहीं हुई लेकिन अब चुनाव से 15 दिन पहले वे मनगढ़ंत कहानियां सुना रहे हैं।

अरविंदर सिंह लवली ने केजरीवाल पर कसा तंज

गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने कहा यह दिल्ली में आने वाले बदलाव का प्रतीक है और दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने में गांधीनगर का महत्वपूर्ण योगदान होगा।

भाजपा पर अरविंद केजरीवाल के बयान पर वे कहते हैं अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाले से इतना पैसा कमाया और उन्हें लगता है कि सबके पास उतना ही पैसा है।

दिल्ली वक्फ बोर्ड ने जारी की इमामों की सैलरी

दिल्ली वक्फ बोर्ड ने इमामों की सैलरी जारी कर दी है। अभी 6 महीने की सैलरी जारी हुई है। अभी भी 17 महीने की सैलरी बाकी है। बोर्ड का कहना है कि जल्द ही बचे हुए महीनों की सैलरी भी जारी हो जाएगी। बता दें कि दिल्ली में इमामों का वेतन मामला फिलहाल तूल पकड़ा हुआ है। मामले को लेकर कई बार दिल्ली के इमाम केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं।

न्याय की जीत होगी- ताहिर हुसैन

दिल्ली दंगों के मामले में बड़ी साजिश के सिलसिले में कड़कड़डूमा कोर्ट से ले जाए जाने के दौरान ताहिर हुसैन ने कहा, न्याय की जीत होगी। जनता मुझे जिताएगी। AIMIM ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मुस्तफाबाद से पूर्व AAP पार्षद ताहिर हुसैन को अपना उम्मीदवार बनाया है।

सांसद अमृतपाल सिंह ने नई पार्टी बनाई

खालिस्तान समर्थक और पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने नई पार्टी का गठन किया है। उन्होंने अकाली दल वारिस पंजाब दे नामक नई पार्टी बनाई है। बता दें कि अमृतपाल फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है।

नौशेरा में बारूदी सुरंग में धमाका

जम्मू कश्मीर के नौशेरा में आज बारूदी सुरंग में विस्फोट हुआ। भवानी सेक्टर के मकरी इलाके में एलओसी पर बारूदी सुरंग फटी, जिसमें 5-6 जवान घायल हो गए। घायलों को राजौरी स्थित आर्मी अस्पताल में भेजा गया है, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शरद पवार ने दिए NCP में बदलाव के संकेत

शरद पवार ने NCP में बदलाव के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अगले 10 से 12 दिन में होंगे। हमारे प्रदेश अध्यक्ष स्वास्थ्य उपचार के लिए बाहर गए हैं। उनके लौटने पर हम इसकी घोषणा करेंगे। यह निर्णय लिया गया कि हम इंडिया अलायंस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ चुनाव लड़ेंगे। जब हमें सफलता मिली तो हमने राज्य में मिलकर लड़ाई लड़ी, लेकिन पंचायत समिति और स्थानीय निकाय चुनाव एक साथ लड़ने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। वहीं अगर हमें राज्य के बारे में बात करनी है तो हम अगले 8-10 दिन में तीनों दलों के साथ राज्य स्तर पर एक बैठक करेंगे।

आगरा में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर

आगरा में आज वेल्डिंग की दुकान पर काम करते समय धमाके के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। हादसे में दुकान पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। वहीं बड़ा हादसा होने से भी टल गया। फतेहाबाद कस्बा के शमशाबाद रोड का मामला है।

आगरा छेड़छाड़ केस में वांछित स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार

आगरा में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ केस में आरोपी वांछित स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गत 26 दिसंबर को स्कूल प्रबंधक पर कार्यालय में बुलाकर छात्रा से छेड़छाड़ करने और धमकी देने का आरोप लगा था। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू किए थे, लेकिन वह फरार हो गया। मुखबिर की सूचना पर आरोपी स्कूल प्रबंधन को कोटा राजस्थान से पुलिस ने गिरफ्तार किया।

दिल्ली चुनाव को लेकर कांग्रेस CEC की बैठक आज

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आज कांग्रेस CEC की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक शाम 5 बजे होगी। इस बैठक में बची हुई 22 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन होगा। नाम फाइनल होने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।

आज मौसम विभाग की 150वीं वर्षगांठ

आज भारतीय मौसम विभाग को 150 साल हो गए हैं। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भारत मंडपम में पहुंचे। भारतीय मौसम विभाग के 150वें स्थापना दिवस समारोह पर यहं एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

कर्नाटक के मंत्री और MLC का एक्सीडेंट

कर्नाटक के मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर और MLC चेन्नराज हत्तीहोली का एक्सीडेंट हो गया है। दोनों एक ही कार में सवार थे। बेलगावी के पास मंगलवार सुबह 6 बजे उनकी कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार पेड़ से टकरा गई। हेब्बालकर के बेटे मृणाल ने बताया कि पिता को पीठ और चेहरे पर मामली चोटें आई हैं। वहीं, MLC चेन्नाराज हत्तीहोली को सिर पर हल्की चोटें आईं।

कर्नाटक में 4 बच्चों के साथ सुसाइड

कर्नाटक के बेनाला गांव में भाग्यश्री भजनत्री (26) अपने 4 बच्चों के साथ सोमवार को नहर में कूदी थी। लोगों ने महिला को बचा लिया, लेकिन उसके चारों बच्चे नहर में बह गए थे। पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चों के शव बरामद हो गए हैं। 2 बेटियां और 2 जुड़वा बेटे थे। पारिवारिक कलह के कारण महिला ने सामूहिक सुसाइड का प्रयास किया था। मरने वालों की उम्र 13 महीने से 5 साल की थी। चारों बच्चे कोलहरा तालुक के तेलगी गांव के निवासी थे।

अनशन पर बैठे डल्लेवाल से जुड़ी याचिका पर सुनवाई

अनशनकारी किसान नेता डल्लेवाल को चिकित्सा सहायता देने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट 15 जनवरी को सुनवाई करेगा। अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के स्वास्थ्य और अन्य मामलों पर याचिकाएं दायर की गई हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ डल्लेवाल की ओर से दायर एक याचिका पर सुनवाई करेगी, जिसमें केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव को लागू करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है, जिसमें फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी भी शामिल है, जो कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने के बाद 2021 में प्रदर्शनकारी किसानों को दिया गया था।

मदुरै के अवनियापुरम में जल्लीकट्टू प्रतियोगिता शुरू

तमिलनाडु में मदुरै जिले के अवनियापुरम में जल्लीकट्टू प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इस प्रतियोगिता में सख्त नियमों और सुरक्षा उपायों के साथ 1100 सांड और 900 बैलों को काबू करने के लिए लोग शामिल होंगे। सर्वश्रेष्ठ सांड को काबू करने वाले को 11 लाख रुपये का ट्रैक्टर दिया जाएगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ बैल को काबू करने वाले को अन्य पुरस्कारों के साथ 8 लाख रुपये की कार दी जाएगी।

इजरायल हमास युद्ध खत्म कराने की कोशिश

गाजा में 15 महीने से छिड़े युद्ध के लिए अगले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। वहां से बंधक बने इजरायली और विदेशी नागरिकों की रिहाई हो सकती है और युद्ध रुक सकता है। रविवार रात वार्ता में आया गतिरोध खत्म करके गया समझौते का अंतिम फॉरमेट तैयार हुआ, जो दोनों पक्षों (इजरायल और हमास) को नेतृत्व की स्वीकृति के लिए सौंपा गया है।

गाजा में युद्धविराम के लिए हुई अंतिम दौर की वार्ता में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत भी मौजूद रहे। वार्ता में कतर के प्रधानमंत्री शेख मुहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी भी शामिल हुए, जबकि अमेरिका, कतर और मिस्त्र के अधिकारियों ने दोनों पक्षों में मध्यस्थता की।

सूत्रों के अनुसार हमास बंधकों को रिहा करने के लिए तैयार है और इजरायल सरकार बदले में फलस्तीनी कैदियों को जेल से रिहा करने को सहमत है। मगर गतिरोध का बड़ा बिंदु गाजा में स्थायी युद्धविराम और इजरायली सेना की गाजा को खाली करने की हमास की मांग है। समझौते के मसौदे में इन दोनों बिंदुओं पर क्या कहा गया है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ