कुट्टू के आटे से बनी चीजें खाकर फूड पॉइजनिंग, दर्जनभर से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती
यूपी के अलीगढ़ में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद दर्जनभर से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल मलखान सिंह में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। शहर के देहली गेट, सासनी गेट और अन्य इलाकों से प्रभावित मरीजों को अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी, पकौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थ खाने के बाद लोगों को उल्टी, जी मिचलाना, कमजोरी, पेट दर्द और दस्त जैसी समस्याएं होने लगीं। फूड पॉइजनिंग की इस घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कुट्टू के आटे के सैंपल लेकर जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि मिलावटी या खराब गुणवत्ता वाला आटा फूड पॉइजनिंग की वजह बना।