Balasore Train Tragedy: 'आपने पुलवामा देखा था न...', ममता बनर्जी ने BJP पर ओडिशा ट्रेन हादसे की सच्चाई छिपाने का लगाया आरोप
Edited By Bhola Sharma

Mamta Banerjee
Edited By Bhola Sharma

Mamta Banerjee
Balasore Train Tragedy: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि ओडिशा में रेल दुर्घटना के कारणों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सीबीआई का इस्तेमाल खामियों को छिपाने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि पीड़ित परिवार सवाल पूछ रहे हैं। मैंने सोचा था कि मैं यह नहीं कहूंगी, लेकिन स्थिति ने मुझे यह कहने के लिए मजबूर किया है। इतना बड़ा हादसा हो गया। खामियों को ढंकने का प्रयास किया जा रहा है। जिन परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया है, वे जवाब चाहते हैं। वे चाहते हैं सही जानकारी बाहर आए।
ममता बनर्जी ने सवाल पूछते हुए कहा कि दुर्घटना क्यों हुई? इतने लोग क्यों मारे गए? यह इस सदी की सबसे बड़ी घटना है। सीबीआई क्या करेगी? अगर यह एक आपराधिक मामला है तो सीबीआई कुछ कर सकती है। क्या आपने पुलवामा नहीं देखा? वहां के तत्कालीन राज्यपाल ने क्या कहा था? बनर्जी ने दावा किया कि असल में ट्रेन दुर्घटना की जांच नहीं की जा रही है बल्कि सब कुछ साफ किया जा रहा है। मैं चाहती हूं कि सच्चाई सामने आए।
#WATCH इतना बड़ा रेल हादसा हुआ, इसे दबाया न जाए। क्यों यह रेल हादला हुआ? आपने पुलवामा देखा था ना, क्या कहा था वहां के राज्यपाल ने, इसलिए सच सामने आना चाहिए। रेल हादसे की जांच न करके CBI की टीम 14-15 नगर निगम में घुस गई है, नगर उन्नय विभाग में घुस गई है। यह सब करके आप सच दबा नहीं… pic.twitter.com/M1U4S2DtdD
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 7, 2023
ममता बनर्जी ने कहा कि सीबीआई को दिल्ली से यहां (बंगाल) भेजा गया है और उन्होंने कोलकाता में 14 से 16 नगर पालिकाओं में प्रवेश किया है। वे शहरी विकस विभाग में प्रवेश कर चुके हैं। उनसे पूछो, क्या अब वे शौचालय में भी प्रवेश करेंगे? ऐसा करके वे इतने बड़े हादसे पर पर्दा नहीं डाल सकते। बता दें कि सीबीआई पश्चिम बंगाल में नगर निगमों की नौकरियों में कथित अनियमितताओं के संबंध में राज्य में तलाशी ले रही है।
ममता बनर्जी ओडिशा के बालासोर जिले के बहनागा बाजार में कोरोमंडल एक्सप्रेस दुर्घटना के पीड़ितों के को मुआवजे के चेक और रोजगार पत्र वितरित करने के एक कार्यक्रम में बोल रही थीं। हादसे में 288 लोगों की मौत हुई है और पीड़ितों में से अधिकांश पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं, जो शुक्रवार को हावड़ा के शालीमार स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि हादसे में पश्चिम बंगाल के अनुमानित 103 लोगों की मौत हुई है और बंगाल के करीब 40-50 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के 172 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें 1 लाख रुपये की मदद मिलेगी। जबकि 635 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें 50 हजार रुपये की मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि राहत राशि तत्काल जारी करके परिवारों में स्थिरता आए।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: