अमरनाथ यात्रा का मेनेजमेंट श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) के द्वारा किया जाता है। बोर्ड ने रजिस्ट्रेशन के लिए देशभर में 533 बैंक शाखाओं का नाम दिया है। इसके साथ ही श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। इस यात्रा में बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी श्रद्धालु को जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अगर आप भी इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनने का सपना देख रहे हैं, तो आज ही रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वहीं, यात्रा से जुड़ा कोई भी सवाल आपके मन में है, तो उनका जवाब आप SASB की वेबसाइट से ले सकते हैं। इसके लिए साइट पर दो मेल आईडी दी गई हैं, जहां पर अपनी क्वेरी लिखकर भेजकर जवाब मांगा जा सकता है।
कब से शुरू हो रही यात्रा?
हर साल देशभर से अमरनाथ यात्रा के लिए लाखों लोग जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले साल 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु गए थे। इस बार फिर से लोगों के यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की उम्मीद है, क्योंकि रजिस्ट्रेशन के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। SASB की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन खोल दिए गए हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी, जो 9 अगस्त तक चलेगी। अगर आप भी रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं, लेकिन यात्रा से जुड़े कई सवाल आपके मन में हैं, तो उसके समाधान के लिए भी इसी साइट पर मेल आईडी दी गई है।
कैसे मिलेगी हेल्प?
यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की क्वेरी के लिए SASB की आधिकारिक साइट https://jksasb.nic.in/ पर जाएं। वहां पर सबसे ऊपर सपोर्ट एनी क्वेरी पर क्लिक करें। इसके बाद नया पेज खुलकर सामने आ जाएगा। यहां पर IT Help Desk SASB का ऑप्शन दिखेगा, जिसके नीचे ITHELPDESKSASB1@GMAIL.COM ईमेल एड्रेस दिया गया है। इसके अलावा, IT Help Desk SASB 2 के तहत दूसरा ईमेल एड्रेस ITHELPDESKSASB2@GMAIL.COM दिया गया है। इन दोनों आईडी पर यात्रा से जुड़ी किसी भी समस्या के बारे में केवल ऑफिस आवर्स में जानकारी ले सकते हैं।