असम पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम बिस्वा ने किया स्वागत

Aaj Ki Breaking News: जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते नदियां उफान पर बह रही हैं। वहीं दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आने का खतरा मंडरा गया है। राष्ट्रपति ने समयसीमा निर्धारित करने के मुद्दे पर जो संदर्भ मांगा है, उस पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update

Photo Credit- News24GFX

Aaj Ke Hindi Samachar: नमस्कार, आज 28 अगस्त दिन गुरुवार को खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबरों की बात करें तो नैनीताल की हेरिटेज बिल्डिंग में भीषण अग्निकांड हुआ है, जिसमें एक शख्स की जान चली गई। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आग लगने से 6 घर बुरी तरह डैमेज हो गए और 7 लोग घायल हुए हैं।

विज्ञापन

वहीं दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिस वजह से आस-पास के इलाकों में बाढ़ आने का खतरा मंडरा गया है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 30 नक्सलियों ने सरेंडर भी कर दिया है। दूसरी ओर, अगर आज की बात करें तो सुप्रीम कोर्ट में राष्ट्रपति और राज्यपालों द्वारा बिलों को मंजूरी देने, रोकने या फैसला आरक्षित करने की शक्तियों से संबंधित राष्ट्रपति के संदर्भ मामले की सुनवाई होगी।

विज्ञापन

इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

LIVE UPDATES

Aaj Ki Breaking News: केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने असम बीजेपी ऑफिस की बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम दौरे पर हैं। गुरुवार शाम को अमित शाह गुवाहटी एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह ने असम के बीजेपी ऑफिस में बीजेपी नेताओं के साथ बैठक की।

Aaj Ki Breaking News: विदेश यात्रा पर पीएम मोदी, कहा- यह यात्रा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा को बढ़ाएगी

जापान और चीन की अपनी यात्रा की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी प्रस्थान वक्तव्य में कहा गया कि जापान की मेरी यात्रा के दौरान, हम अपनी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आकार देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसने पिछले ग्यारह वर्षों में स्थिर और महत्वपूर्ण प्रगति की है। कहा कि मुझे विश्वास है कि जापान और चीन की मेरी यात्राएं हमारे राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगी, और क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा और सतत विकास को आगे बढ़ाने में उपयोगी सहयोग के निर्माण में योगदान देंगी।

Aaj Ki Breaking News: सीएम योगी ने होमगार्ड के खाली पदों पर की समीक्षा बैठक

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री आवास पर होमगार्ड स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर भर्ती के सम्बन्ध में नीति निर्धारण बैठक की समीक्षा की।

Aaj Ki Breaking News: पीएम मोदी पर अपशब्द प्रयोग करने पर पटना में एफआईआर दर्ज

प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कहे गए अपशब्द को लेकर बिहार बीजेपी मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने भी पटना के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।

Aaj Ki Breaking News: दिनेश के. पटनायक बने कनाडा में भारत के उच्चायुक्त

भारत सरकार ने दिनेश के. पटनायक को कनाडा में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है।

Aaj Ki Breaking News: असम पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम बिस्वा ने किया स्वागत

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार देर शाम गुवाहटी के एलजीबीआई हवाई अड्डे पहुंचे। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने शाह का स्वागत किया।

Aaj Ki Breaking News: हरियाणा में महिलाओं को मिलेंगे हर महीने 2100 रुपये

दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना पर हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हमने चुनाव के दौरान वादा किया था कि हमारी सरकार बनने पर महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह आर्थिक सहायता देंगे। कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। 25 सितंबर से 1 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों की 23 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करेंगे।

Aaj Ki Breaking News: नई दिल्ली में हुई भारत-सऊदी अरब संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक

नई दिल्ली मेंभारत-सऊदी अरब संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेसीडीसी) की सातवीं बैठक 28 अगस्त को हुई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और पिछली जेसीडीसी बैठक में लिए गए अधिकांश महत्वपूर्ण निर्णयों के क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। रक्षा संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के उद्देश्य से, दोनों देशों ने प्रशिक्षण सहयोग, औद्योगिक साझेदारी, समुद्री सहयोग और सैन्य अभ्यास जैसे क्षेत्रों में चर्चा की।

Aaj Ki Breaking News: केरल में सड़क हादसे में 6 की मौत

केरल में कासरगोड के थलप्पडी में कर्नाटक आरटीसी की एक बस के वेटिंग शेड और एक ऑटोरिक्शा से टकराने से 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ऑटोरिक्शा चालक और ऑटो में सवार यात्री शामिल हैं। बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे 2 लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। हादसे में कुछ अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

Aaj Ki Breaking News: तेलंगाना के सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई निरीक्षण

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पेड्डापल्ली, कामारेड्डी और मेडक जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ भी रहे।

Aaj Ki Breaking News:दिल्ली हाईकोर्ट ने कपिल मिश्रा की अंतरिम याचिका पर सुरक्षित रखा फैसला

दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को कानून मंत्री कपिल मिश्रा की अंतरिम याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया। इससे पहले, उन्होंने उन्हें समन जारी करने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी थी। निचली अदालत ने उनकी अपील खारिज कर दी थी।

Aaj Ki Breaking News: उत्तराखंड में सीएम ने किया मां नंदा देवी मेले का उद्घाटन

उत्तराखंड के नैनीताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां नंदा देवी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में वर्चुअली भाग लिया। सीएम ने कहा कि यह एक प्राचीन प्रतीकात्मक परंपरा है। इससे क्षेत्रीय विकास और प्रगति को गति मिलती है। मां नंदा देवी राजजात यात्रा 2026 में आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। 12 वर्षों में एक बार आयोजित होने वाली इस यात्रा को सफल बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Aaj Ki Breaking News: एसआई भर्ती परीक्षा रद्द पर कांग्रेस ने साधा निशाना

राजस्थान उच्च न्यायालय ने मिलीभगत की जांच के बीच एसआई भर्ती 2021 रद्द कर दी। इस पर राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह राज्य सरकार के मुंह पर करारा तमाचा है। दो साल से ज्यादा समय से यह सरकार, जो विभाजित हो चुकी है, कोई भी फ़ैसला नहीं ले पा रही थी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे क्योंकि जब उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया था, तो शर्त यह थी कि वे अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं करेंगे और सिर्फ़ दिल्ली से आने वाले निर्देशों के अनुसार ही बात करेंगे।

Aaj Ki Breaking News: तेलंगाना में गणेश उत्सव और नवरात्रि में पंडालों को मिलेगी फ्री बिजली

तेलंगाना सरकार ने घोषणा की है कि वह गणेश उत्सव और आगामी दुर्गा नवरात्रि समारोहों के दौरान पंडालों को रोशनी के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएगी। यह पहल इस वर्ष गणेश चतुर्थी समारोह के लिए 11 दिनों और दुर्गा नवरात्रि के लिए नौ दिनों तक चलेगी।

Aaj Ki Breaking News: सचिन तेंदुलकर ने परिवार के साथ किए लालबागचा राजा के दर्शन

मुंबई में दिग्गज पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन किए। इस मौके पर अर्जुन तेंदुलकर भी रहे।

Aaj Ki Breaking News:सीपी राधाकृष्णन ने किए लालबागचा राजा के दर्शन

मुंबई में महाराष्ट्र के राज्यपाल और एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने आज लालबागचा राजा गणपति के दर्शन किए।

Aaj Ki Breaking News: लालबागचा राजा के पंडाल में दान की गिनती

मुंबई के लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में गणेश चतुर्थी महोत्सव 2025 के पहले दिन प्राप्त दान की गिनती की जा रही है। कोषाध्यक्ष मंगेश दत्ताराम दलवी कहते हैं कि यह पहले दिन का दान-पेटी है। अभी तो गिनती शुरू ही हुई है। 3 पेटियां हैं। अभी तक एक पेटी खोली जा चुकी है। गिनती के लिए 80 लोग यहां मौजूद हैं। पिछले साल हमें पहले दिन 48 लाख रुपये मिले थे।

Aaj Ki Breaking News: हिमाचल में मृतकों की संख्या हुई 310

हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन में 20 जून से 27 अगस्त तक मृतकों की संख्या बढ़कर 310 हो गई है। 158 लोगों की जान भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने, डूबने, बिजली का झटका लगने जैसी घटनाओं में गई है। 152 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई। वहीं कुल आर्थिक नुकसान 262336 लाख रुपये का हुआ है। बिजली सप्लाई और सड़क मार्गों को भारी नुकसान पहुंचा है।

Aaj Ki Breaking News: योगी सरकार को मिली संभल हिंसा जांच रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश में संभल हिंसा की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया गया था। 24 नवंबर 2024 को संभल की मस्जिद में सर्वे करने के दौरान हिंसा हुई थी। न्यायिक आयोग में इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस देवेंद्र कुमार अरोड़ा और रिटायर्ड IAS अमित मोहन, रिटायर्ड IPS अरविंद कुमार जैन जांच कर रहे थे, जिन्होंने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके जांच रिपोर्ट सौंपी।

Aaj Ki Breaking News: ट्रंप टैरिफ पर अरविंद केजरीवाल का बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ पर अरविंद केजरीवाल ने बयान जारी किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि वे भी ट्रंप पर 100% टैरिफ लगा दें। आम आदमी पार्टी इस फैसले में उनका साथ देगी। अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाया तो हमें भी टैरिफ लगाना चाहिए था, जैसे दुनिया के बाकी देशों ने लगाया है। चीन ने भी 125 परसेंट टैरिफ लगाया तो ट्रंप को झुकना पड़ा। हर सरकार ने ट्रंप को जवाब दिया, भारत को भी देना चाहिए।

Aaj Ki Breaking News: कपास पर छूट पर बोले अरविंद केजरीवाल

ट्रंप टैरिफ विवाद के बीच कपास पर छूट की समयावधि बढ़ाने पर अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसानों ने कर्जा लेकर कपास की पिराई की है, जिसकी फसल कटने के बाद स्टॉक अक्टूबर से बाजार में आएगा, तब तक सारी इंडस्ट्री अमेरिका से कपास खरीद लेगी। जब हमारे किसानों की फल आएगी तो कोई खरीदार नहीं होगा।

Aaj Ki Breaking News: LG हाउस का घेराव करेंगे दिल्ली के वकील

दिल्ली के 2 लाख वकील कल LG हाउस का घेराव करेंगे। सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन सेक्रेटरी विजय बिश्नोई ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि LG के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। राऊज एवेन्यू में बड़ी संख्या में वकील इकठ्ठा है। कल वकील कोर्ट से BJP दफ्तर HQ तक प्रदर्शन करेंगे। CM रेखा गुप्ता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, LG के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

बता दें कि दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन ने LG के नोटिफिकेशन के विरोध में हड़ताल की है। LG के नोटिफिकेशन के अनुसार पुलिसकर्मियों का पुलिस स्टेशन में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बयान दर्ज होगा। इसी को लेकर विरोध जारी है। वकील 22 अगस्त से हड़ताल पर हैं। वकीलों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ भी बैठक भी की थी, लेकिन मांगों पर बात नहीं बनी।

Aaj Ki Breaking News: आज जापान-चीन यात्रा पर जाएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी आज रात जापान और चीन की यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। वे पहले जापान पहुंचेंगे, जहां 29 अगस्त और 30 अगस्त को 15वां भारत-जापान एनुअल समिट होना है। प्रधानमंत्री के जापान पहुंचने से पहले वहां के अखबारों में इस यात्रा की चर्चा है। खासकर यह लिखा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान दक्षिण चीन सागर में सुरक्षा से जुड़े सरोकारों को लेकर एक साझा बयान लाया जाएगा।

Aaj Ki Breaking News: जेलेंस्की से मुलाकात नहीं करना चाहते पुतिन

रूस ने राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच जल्द बैठक कराने के विचार का विरोध किया है। क्रेमलिन ने बुधवार को कहा कि वह यूरोपीय देशों द्वारा यूक्रेन में शांति सैनिक भेजने के भी खिलाफ है। इस बीच रूस ने कीव पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। बीती रात राजधानी कीव में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेनी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कीव पर रूस का भीषण हमला हमला हो सकता है।

Aaj Ki Breaking News: कपास पर छूट की समयसीमा बढ़ी

ट्रंप टैरिफ विवाद के बीच भारत सरकार ने टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बड़ी राहत दी है। कच्चे कपास के आयात पर लगने वाले 11% आयात शुल्क (ड्यूटी) पर छूट पर अवधि 31 दिसंबर 2025 तक के लिए बढ़ा दी है। वहीं इस छूट से कपड़ा उद्योग को कच्चा माल सस्ता मिलेगा, जिससे लागत कम करेगी और भारतीय टेक्सटाइल इंडस्ट्री को फायदा होगा।

Aaj Ki Breaking News: वोटर अधिकार यात्रा का आज 12वां दिन

बिहार में वोटर अधिकार यात्रा का आज 12वां दिन है। आज राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी के जानकी देवी मंदिर में पूजा की। इसके बाद वे यात्रा शुरू करेंगे। वहीं आज भी यात्रा में प्रियंका गांधी नजर आएंगी। वे राहुल गांधी और तेजस्वी के साथ यात्रा जॉइन कर सकती हैं।

Aaj Ki Breaking News: मुंबई के विरार में बिल्डिंग हादसा

मुंबई के विरार में बिल्डिंग ढहने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। अब तक 15 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। 30 से ज्यादा घंटे हो चुके हैं और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। NDRF की 2 टीमें, विरार पुलिस और महानगरपालिका की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

Aaj Ki Breaking News: दिल्ली में 2 बदमाशों का एनकाउंटर

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में स्पेशल सेल ने लॉरेंस गैंग के 2 बदमाशों को एनकाउंटर करके पकड़ा है। एक बदमाश के पैर में गोली लगी। एक बदमाश का नाम कार्तिक जाखड़ है और दूसरे का नाम कविश है। यह दोनों बदमाश US में बैठे गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के लड़के हैं, जिनके खिलाफ 6 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। स्पेशल सेल को उनके न्यू अशोक नगर इलाके में आने का इनपुट मिला था, जिसके बाद स्पेशल सेल की टीम ने ट्रैप लगाया और इन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मार कर इन्हें काबू किया।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ