Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुंबई एयरपोर्ट पर 1.61 करोड़ का सोना जब्त
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुंबई हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने मुस्तैदी दिखाते हुए 1.61 करोड़ मूल्य का संदिग्ध तस्करी का सोना जब्त किया है. सुरक्षा बलों ने व्यवहार पहचान तकनीक के जरिए एक संदिग्ध लोडर और अंतरराष्ट्रीय महिला यात्री को रंगे हाथों पकड़ा. अधिकारियों ने आरोपी के पास से 4 अंडाकार कैप्सूल बरामद किए, जिनमें लगभग 1,311 ग्राम तस्करी का सोना छिपा हुआ था. जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 1,61,38,417 आंकी गई.
दुबई से आई एक अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट महिला यात्री, जिसे बैंकॉक जाना था, उसने अंतरराष्ट्रीय बोर्डिंग गेट के पास स्मोकिंग जोन में हवाई अड्डे के एक लोडर को मोजे में छिपाकर यह सोना सौंपा था. CISF की क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग ने लोडर की संदिग्ध गतिविधियों को भांप लिया. पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसकी सघन तलाशी ली गई, जिसके बाद सोना बरामद. पकड़ी गई महिला यात्री, हवाई अड्डा कर्मचारी और बरामद सोने को आगे की कानूनी और विस्तृत जांच के लिए एयर इंटेलिजेंस यूनिट और कस्टम्स विभाग को सौंप दिया गया है.