Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: अमरनाथ यात्रा के 5 श्रद्धालु समेत 6 घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे पांच श्रद्धालुओं सहित छह लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) उधमपुर में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के अनुसार, यह वाहन जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना हुए 3,600 से अधिक श्रद्धालुओं के काफिले का हिस्सा था.
सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखैनी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गया. हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच अमरनाथ श्रद्धालु और गांदरबल जिले का एक चालक घायल हो गया. सभी घायलों का जीएमसी उधमपुर में उपचार जारी है. इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना के बाद स्थिति की समीक्षा की.
उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा और चिकित्सा अधिकारियों से फोन पर बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उपराज्यपाल ने कहा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना भी की.