Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पश्चिम बंगाल में 3 बैंक धोखाधड़ी मामलों में CBI की छापेमारी
CBI ने 17 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 8 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया.
यह कार्रवाई तीन अलग-अलग बैंक धोखाधड़ी मामलों में दर्ज FIR के आधार पर की गई, जिनमें M/s Tantia Construction Ltd., M/s Brahm Alloys Ltd. और M/s Amrit Feeds Ltd. शामिल हैं.
Tantia Construction Ltd. मामले में CBI ने कंपनी के निदेशकों के आवासीय परिसरों पर तलाशी ली. इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं. मामले की जांच जारी है.
ये मामला पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को करीब 73 करोड़ रुपये के नुकसान से जुड़ा है. आरोप है कि कंपनी ने बैंक से ली गई कैश क्रेडिट और टर्म लोन सुविधाओं का गलत इस्तेमाल किया.
जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी ने बैंक से प्राप्त धनराशि को अपनी सहायक और सहयोगी कंपनियों में लंबी अवधि की पूंजी जरूरतों के लिए लगाया और अन्य खातों के जरिए बड़ी रकम ट्रांसफर की.
Brahm Alloys Ltd. मामले में CBI ने कंपनी के निदेशकों के आवासीय परिसरों पर छापेमारी की और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए. जांच जारी है. यह मामला PNB को करीब 58 करोड़ रुपये के नुकसान से जुड़ा है. आरोप है कि कंपनी ने बैंक से ली गई कैश क्रेडिट सुविधा की राशि को समूह की अन्य कंपनियों में निवेश, दूसरे बैंकों में चालू खाते रखने और खातों में हेरफेर के जरिए डायवर्ट किया.
Amrit Feeds Ltd. मामले में CBI ने कंपनी के निदेशकों के ठिकानों पर तलाशी ली और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए.
यह मामला PNB को करीब 60 करोड़ रुपये के नुकसान से जुड़ा है. आरोप है कि कंपनी ने बैंक से कारोबार चलाने के लिए मिली धनराशि का दुरुपयोग किया, उसे अपने इस्तेमाल में लिया और सहयोगी व संबंधित कंपनियों के फायदे के लिए फंड डायवर्ट किया. आरोप यह भी है कि कंपनी ने ऋणदाताओं की अनुमति के बिना अपनी कुछ संपत्तियां बेच दीं.
इन तीनों मामलों में पंजाब नेशनल बैंक को हुए कथित नुकसान की कुल राशि करीब 191 करोड़ रुपये है. CBI मामले की आगे जांच कर रही है.