Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में डबल मर्डर में बड़ा खुलासा
दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में शुक्रवार रात हुए डबल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, साकेत से सूचना मिली कि सीआर पार्क के ताराअपार्टमेंट, अलकनंदा से तीन लोगों को अस्पताल लाया गया है।
डॉक्टरों ने जांच के बाद 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके रिश्तेदार राहुल घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। जांच के दौरान सामने आया कि यह हमला पुरानी दुश्मनी के चलते हुआ। आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है, जो उसी सोसायटी का रहने वाला है। उसने धारदार हथियार से हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ सीआर पार्क थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।