Live Updates
21:10 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates : चंडीगढ़ को 4700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे प्रधानमंत्री मोदी

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए चंडीगढ़ दौरे और वहां शुरू होने वाली विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि चंडीगढ़ आना हमेशा बेहद सुखद अनुभव होता है। कल के कार्यक्रम के दौरान 4,700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का या तो उद्घाटन किया जाएगा या फिर शिलान्यास होगा। प्रमुख कार्यों में पीजीआईएमईआर (PGIMER), चंडीगढ़ में ‘एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर’ और ‘एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर’ का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा, सड़क परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।

21:04 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: 100 साल पुरानी 'पारसी डेयरी फार्म' पर FDA की गाज: FSSAI लाइसेंस निलंबित, मिलीं गंभीर कमियां

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुंबई: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मरीन लाइंस स्थित लगभग 100 साल पुरानी मशहूर ‘पारसी डेयरी फार्म’ का FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 14 जुलाई को हुए निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर अनियमियतताएं पाई गईं।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, डेयरी में मक्खियों और चूहों की मौजूदगी, फफूंद लगी दीवारें, सीधे जमीन पर रखा कच्चा माल, ETP का अभाव और कर्मचारियों के अधूरे मेडिकल रिकॉर्ड जैसी खामियां मिलीं। इसके अलावा कई उत्पादों पर ‘Expiry Date’ और ‘Best Before’ भी दर्ज नहीं था, जिसके बाद 15 जुलाई को निलंबन का आदेश जारी हुआ।

---विज्ञापन---

19:18 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां पूरी, DM और SSP ने की संयुक्त PC

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पटना: बिहार के 182-बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पटना के डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्षेत्र के 3,79,616 मतदाता (2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला, 23 थर्ड जेंडर) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

कुल 422 मतदान केंद्रों (247 सरकारी, 175 निजी और 29 चलंत) पर वेबकास्टिंग और मोबाइल जमा करने की व्यवस्था रहेगी। 40 नामांकनों में से अब 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान 2 अवैध हथियार, 16 कारतूस, ₹2.78 लाख नकद और 2652 लीटर शराब जब्त की है। मतदान के बाद वोटों की गिनती एएन कॉलेज, पटना के कला भवन में होगी।

18:03 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पुरी जगन्नाथ रथयात्रा में भारी भीड़ में दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पुरी (ओडिशा): ओडिशा के पुरी में प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, अत्यधिक भीड़ के कारण एक श्रद्धालु को सांस लेने में भारी तकलीफ हुई और वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट पर है और घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

---विज्ञापन---

17:49 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: KGMU के डॉक्टरों ने की बेहद जटिल सर्जरी, बची 23 वर्षीय युवक की जान

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और चमत्कारिक सर्जरी कर 23 वर्षीय युवक उमेश को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। निर्माणाधीन इमारत से गिरने के कारण लोहे की चार भारी सरिया उमेश के फेफड़ों, यूरिन ब्लैडर और शरीर के अन्य संवेदनशील अंगों को छेदती हुई आर-पार हो गई थीं। मरीज को अत्यंत गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने कई घंटों चले इस जटिल ऑपरेशन के बाद चारों सरिया को सुरक्षित बाहर निकाला। KGMU प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर सर्जरी को सफल घोषित किया है। युवक की हालत अब स्थिर बनी हुई है।

17:46 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: AAP ने MCD के 3 पार्षदों को किया पार्टी से निलंबित

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) के तीन पार्षदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए पार्षदों में निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबाद शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि संगठन में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। AAP सूत्रों के अनुसार, इन पार्षदों पर पार्टी की नीतियों के खिलाफ काम करने और निर्देशों का उल्लंघन करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।

---विज्ञापन---

15:32 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: गुजरात के कच्छ में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: गुजरात के कच्छ जिले में धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया. बताया जा रहा है कि आज दोपहर 2:20 बजे 3 मिनट में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं.

14:19 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: NEET UG पेपर लीक मामले में फैसला सुरक्षित

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली के राउज ऐवन्यू कोर्ट ने NEET UG पेपर लीक मामले में आरोपी डॉ. मनोज शिरुरे की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है. CBI ने डॉ. मनोज शिरुरे की जमानत याचिका का विरोध किया. CBI ने विरोध में कहा कि इनका अपराध राष्ट्र के खिलाफ है, इसने देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है, कई छात्रों ने आत्महत्या की है.

---विज्ञापन---

13:54 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मानसून सत्र को लेकर आज कांग्रेस ने की अहम बैठक

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: कांग्रेस ने मानसून सत्र को लेकर आज अपनी रणनीतिक बैठक की. इस दौरान ये तय किया गया है कि पार्टी कई प्रस्तावित विधेयकों का विरोध करेगी. बता दें कि ये बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली.

सरकार ने अभी तक औपचारिक रूप से यह नहीं बताई है कि मानसून सत्र में कौन-कौन से विधेयक लाए जाएंगे. इसलिए संभावित विधेयकों पर चर्चा की गई. सर्वदलीय बैठक महज औपचारिकता बनकर रह गई है. वहां 35 नेता बोलते हैं, 4 लोग सुनते हैं और आखिर में 2 लोग फैसला कर देते हैं.

कांग्रेस जिन संभावित विधेयकों का विरोध करेगी वो हैं-

परिसीमन (Delimitation) विधेयक लाए जाने की संभावना पर कांग्रेस ने विरोध का ऐलान किया. इस मुद्दे पर पूरे विपक्ष की एकजुटता बनाए रखने की कोशिश की जाएगी.

सांसदों, विधायकों, मुख्यमंत्रियों और प्रधानमंत्री के कार्यकाल को एक साथ करने से जुड़े प्रस्तावित विधेयक का भी कांग्रेस विरोध करेगी. यह वही विधेयक है, जिसका संयुक्त संसदीय समिति (JPC) में विपक्ष ने बहिष्कार किया था.

‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से जुड़े प्रस्ताव का भी कांग्रेस विरोध करेगी.

FCRA संशोधन विधेयक का भी पार्टी विरोध करेगी.

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 में प्रस्तावित संशोधनों का भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध करने का फैसला किया है

प्रधानमंत्री अन्न योजना इसी कानून के आधार पर बनाई गई थी और इसमें किसी भी बदलाव का पार्टी विरोध करेगी.

फिलहाल जिन भी विधेयकों के आने की संभावना है, उनमें से किसी का भी समर्थन करने की स्थिति में कांग्रेस नहीं है.

13:03 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: SC से दिल्ली पुलिस को कड़ी फटकार

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: सुप्रीम कोर्ट ने आज गुरुवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है. कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक वकील पर हुए कथित हमले के मामले में दर्ज FIR में ‘हत्या की कोशिश’ का आरोप नहीं जोड़ने पर पुलिस की खिंचाई की गई. साथ ही मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने का निर्देश दे दिया.

---विज्ञापन---

12:11 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: चंदा चोरी पर क्या कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी नहींः संजय राउत

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले पर कहा, “वे (श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज) राम मंदिर ट्रस्ट में कोषाध्यक्ष हैं. उनके होते हुए राम मंदिर की तिजोरी मुड़ गई. क्या उनकी जिम्मेदारी नहीं है? सबसे ज्यादा जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की होती है. अगर उनके होते हुए करोड़ों की लूट हुई है तो उनकी भी जांच होनी चाहिए.”

11:38 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: BIMSTEC में शामिल हुए NSA अजीत डोभाल

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली: BIMSTEC (बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) सिक्योरिटी समिट में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने कहा, ‘ग्लोबल सप्लाई चेन में रुकावटों की वजह से हमारे सभी देशों को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. ऐसे में, हमारे लिए जरूरी है कि हम मिलकर काम करें, आपसी फायदे के लिए ठोस कदम उठाएं और आपसी बातचीत और विचार-विमर्श के जरिए उन समस्याओं का समाधान निकालें जिनका हम सभी सामना कर रहे हैं. BIMSTEC हिंद महासागर के सबसे अहम और जीवंत क्षेत्रों को एक साथ लाता है. यहां 1.7 अरब लोग रहते हैं, जो दुनिया की आबादी का लगभग 22% है, और हमारी कुल GDP लगभग US$ 5 ट्रिलियन है. हम बंगाल की खाड़ी से जुड़े हुए हैं न सिर्फ भौगोलिक रूप से, बल्कि गहरी सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासतों के जरिए भी, जो हजारों सालों के साझे रिश्तों से विकसित हुई हैं.’

---विज्ञापन---

11:23 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: IRCTC घोटाला मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला टला

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: IRCTC घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने पर दिल्ली में राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला टल गया. ED ने RJD प्रमुख लालू यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, तेज प्रताप यादव और अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. कोर्ट को आज आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए फैसला सुनाना था, लेकिन आज जज उपलब्ध नहीं हैं.

10:36 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: आतंक फंडिंग और अवैध घुसपैठ नेटवर्क पर ED का शिकंजा

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लखनऊ जोनल कार्यालय ने 16 जुलाई 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत 13 ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई ECIR No. ECIR/LKZO/14/2024 के तहत दर्ज मामले में की गई, जो कथित आतंकी फंडिंग और अवैध घुसपैठ नेटवर्क से जुड़ा है.

यह मामला उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) द्वारा दर्ज एफआईआर पर आधारित है. जांच के अनुसार, एक संगठित गिरोह कथित तौर पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में अवैध घुसपैठ कराने, उनके लिए फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवाने और देश के विभिन्न हिस्सों में उन्हें बसाने का काम कर रहा था.

प्राथमिक जांच में एक गहरे वित्तीय नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों के अनुसार, कुछ चैरिटेबल ट्रस्ट और अन्य संस्थाएं विदेशों से बड़ी मात्रा में फंड प्राप्त कर रही थीं, जिसे कथित तौर पर कई बैंक खातों, म्यूल अकाउंट्स और लेयर्ड ट्रांजैक्शंस के जरिए अवैध गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.

जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्ध लाभार्थियों तक धन पहुंचाने के लिए नकद निकासी और छोटी-छोटी रकम के कई ट्रांजैक्शन किए गए. ईडी ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.

---विज्ञापन---

09:30 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पालघर और ठाणे समेत कई शहरों में येलो अलर्ट

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज मुंबई और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. जबकि पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग समेत कोंकण के कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी है.

08:23 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मिर्जापुर में घर में घुसा ट्रक, हादसे में 3 की मौत

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में टायर फटने से तेज रफ्तार ट्रक नियंत्रित होकर घर में घुस गया. मलबे में दबने से घर में सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे दो लोग घायल हुए हैं. इनका वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है.

---विज्ञापन---

06:56 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पुरीः जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले बारिश

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ओडिशा के पुरी में सालाना जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले भारी बारिश के बीच भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है. भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के तीन रथ (नंदीघोष, दर्पदलन और तालध्वज) को पुरी जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार पर खड़ा किया गया है.

06:55 (IST) 16 Jul 2026
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: राहुल गांधी आज दिल्ली में करेंगे बड़ी बैठक

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक करेंगे. इसमें आगामी संसद सत्र और विभिन्न राज्यों के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी.

---विज्ञापन---

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: अयोध्या मामले में एसआईटी जांच के लिए दी गई समयसीमा खत्म हो गई. अब एसआईटी आज शाम या शुक्रवार सुबह शासन को रिपोर्ट देगी. राहुल गांधी आज दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक करेंगे, जिसमें आगामी संसद सत्र और विभिन्न राज्यों के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी. दिल्ली हाईकोर्ट आज जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करेगा.

---विज्ञापन---

इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया की हर छोटी-बड़ी खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…

---विज्ञापन---