Aaj Ki Taaza Khabar: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी गाड़ी, कई लोगों की मौत

अलसुबह अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके झटके भारत और पाकिस्तान में भी महसूस किए गए हैं। दिल्ली में एक्यूआई करीब 400 पहुंच गया है। बहरीन के विदेश मंत्री फिलहाल भारत यात्रा पर हैं।

news (46)

आज की ताजा खबर

Breaking News: आज 3 नवंबर है। इसरो ने नया मिशन CMS-03 संचार सेटेलाइट लॉन्च किया है। इसे LVM3-M5 की सहायता से लॉन्च किया गया। यह अगले 5 दिनों में सौर पैनल स्थापित होते ही हमारा काम शुरू कर देगा। उसके बाद पेलोड संचालन होगा। अलसुबह अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके झटके भारत और पाकिस्तान में भी महसूस किए गए हैं। दिल्ली में इन दिनों हवा की गुणवत्ता काफी खराब होती जा रही है। इसको लेकर आगरा से दिल्ली घूमने आए एक विदेश नागरिक ने भी चिंता जताई है।

विज्ञापन

आज की हर छोटी-बड़ी हर अपडेट के लिए बने रहिए लाइव ब्लॉग के साथ…..

विज्ञापन

LIVE UPDATES

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुआ हादसा, 6 लोगों की मौके पर ही मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. दो लोग गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किये गए हैं. बिना नंबर की अर्टिगा गाड़ी पर सभी मृतक और घायल सवार थे. तेज रफ्तार ट्रक से अर्टिगा गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हुई है. हादसा बाराबंकी में देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतलूपुर गांव के पास हादसा हुआ है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: मध्य प्रदेश के इंदौर में बड़ा हादसा, 4 की मौत

इंदौर जिले के महू में बड़ा हादसा हो गया है. यहां यात्रियों से भरी एक बस और कार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहन खाई में गिर गए. मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 2 महिलाओं समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई. प्रशासन की तरफ से 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: 'SIR के विरोध में कल मार्च निकालेगी TMC', सांसद अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से की अपील

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कल तृणमूल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर घोषणा की कि एसआईआर के विरोध में कल एक मार्च निकाला जाएगा. नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुलाया गया है और चूंकि कल से गणना फॉर्म वितरित किए जाने शुरू हो जाएंगे, इसलिए हमने पड़ोसी जिलों के लोगों से नहीं आने को कहा है. एसआईआर की घोषणा के बाद से दुखद घटनाओं की एक श्रृंखला शुरू हो गई है; मुश्किल से 5-6 दिन बीते हैं और पहले ही छह आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पानीहाटी में प्रदीप कर और इलमबाजार में 95 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति, बारासात में एक मामला, तमिलनाडु के बर्धमान से एक व्यक्ति और दानकुनी में एक और मामला शामिल है, ये सभी एसआईआर को लेकर घबराहट और चिंता से प्रेरित हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: देव दीपावली से पहले सीएम योगी ने कानून व्यवस्था को लेकर की बैठक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी देव दीपावली उत्सव के लिए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक की।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: नैनीताल पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दो दिन का है दौरा

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में ट्रक से टकराई पिकअप, कई लोग घायल

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में NH-62 पर ट्रक से पिकअप टकरा गई है. हादसे में महिलाओं सहित 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं. हाईवे पर संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास ये घटना हुई है. सभी घायलों को सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लाया गया है. बताया जा रहा है कि सभी घायल खेत में नरमा चुगाई कर वापस लौट रहे थे.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: हैदराबाद जा रही बस पलटी, एक की मौत, कई घायल

धर्मजीगुडेम के सब इंस्पेक्टर वेंकन्ना ने बताया कि एलुरु से हैदराबाद जा रही एक निजी बस पलट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए. पुलिस ने बस को घटनास्थल से हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: 'देव दीपावली के दिन जलाए जाएंगे 5100 दीपक', काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विश्व भूषण मिश्र

देव दीपावली की तैयारी पर काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विश्व भूषण मिश्र ने कहा, "काशी में देव दीपावली का काम उत्साह के साथ मनाया जाता है...5100 दीपक हमारे यहां जलाए जाएंगे और सजावट घाट से लेकर मंदिर परिसर तक होगी। रंगोली हमारे परिसर में जगह-जगह बनाई गई है। जो भक्त आ रहे हैं वो इसका आनंद ले रहे हैं..

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: कल होने वाले हैं JNU छात्र संघ के चुनाव, 4 नवंबर को दो चरणों में होगा मतदान

कल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रसंघ चुनाव हैं. लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहे इस चुनाव में छात्र संगठनों ने पूरी ताकत झोंक दी है. JNUSU चुनाव समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान कल यानी 4 नवंबर को दो चरणों में होगा. पहले चरण में वोटिंग सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और फिर दूसरे चरण में मतदान दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी. वहीं मतगणना के बाद जेएनयू चुनाव के परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: अफगानिस्तान में आया भूकंप, मदद के लिए भारत ने बढ़ाया हाथ, भेजी राहत सामग्री

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, "आज दोपहर अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी अमीर ख़ान मुत्ताक़ी से बात की और बल्ख, समांगन और बगलान प्रांतों में आए भूकंप में हुई जानमाल की हानि पर संवेदना व्यक्त की. भूकंप प्रभावित समुदायों के लिए भारतीय राहत सामग्री आज सौंपी जा रही है. दवाओं की और आपूर्ति जल्द ही पहुँच जाएगी. उनकी यात्रा के बाद से हमारे द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की. भारत और अफगानिस्तान के बीच लोगों के बीच बेहतर होते संपर्कों का स्वागत किया. क्षेत्रीय स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान की सराहना की.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले और एसआईटी जांच पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा बयान

ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले और एसआईटी जांच पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कहते हैं, "लोग न्यायिक हिरासत में हैं। सभी को हत्या के मामले में आगे भेजा जा रहा है। इसलिए यह मेरे लिए कोई नया खुलासा नहीं है; यह पहले दिन से ही स्थिति है। अगर मामला हत्या का है या आजीवन कारावास या अन्य गंभीर दंड का है, तो पुलिस गिरफ्तारी के दिन से 90 दिनों के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने के लिए बाध्य है। इसलिए हमारी समय सीमा गिरफ्तारी के दिन से 90 दिन है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से हमने घटना की तारीख से 90 दिन का समय लिया है। हमने आंतरिक रूप से 8 दिसंबर के आसपास आरोप पत्र दाखिल करने का फैसला किया है।"

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जयपुर सड़क हादसे को लेकर पीएम मोदी ने जताया दुःख

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: गलती से फायर हुई राइफल, सेना का जवाब शहीद

पुंछ जिले के केजी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक सैनिक की सर्विस राइफल गलती से चल गई, जिससे वह शहीद हो गया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पुणे में तेंदुए ने ली 13 साल के बच्चे की जान, भड़के लोगों ने फूंका वन विभाग का ऑफिस

पुणे ग्रामीण पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले के शिरुर तालुका में कल एक 13 वर्षीय लड़के को तेंदुए ने मार डाला. तेंदुआ गन्ने के खेत में छिपा हुआ था और पास में खेल रहे लड़के पर उसने हमला कर दिया. बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई और ग्रामीणों के मौके पर पहुँचने से पहले ही तेंदुआ भाग निकला. इस घटना से गाँव में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग के कार्यालय और वाहन में आग लगा दी और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: 16 फ्लोर का होगा अहमदाबाद स्टेशन, रेल मंत्री ने दी जानकारी

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि देश भर में 1,300 स्टेशनों का नवीनीकरण किया जा रहा है. हम यहां अहमदाबाद स्टेशन की चौथी मंजिल पर खड़े हैं. यहां 16 मंजिल का स्टेशन बनाया जाएगा यहां काम बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: अशोकनगर में खाद वितरण केंद्र पर किसानों ने क्यों किया पथराव? खिड़की-दरवाजे तोड़े

मध्यप्रदेश में खाद की मारामारी के बीच अशोकनगर में खाद का टोकन लेने के लिए लाइन में खड़ा किसान बेहोश होकर गिर गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इससे गुस्साए किसानों ने खाद वितरण केंद्र पर जमकर हंगामा किया। ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी। गेट और खिड़कियों पर पत्थर फेंके, लातें भी मारीं, इस बीच हंगामे के दौरान एक और किसान बेहोश हो गया। उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान टोकन का बंडल छीनने की कोशिश भी की गई।

अशोक नगर में की पुरानी कृषि उपज मंडी में हंगामे की जानकारी के बाद मौके पर पुलिस पहुंची गई, किसानों को समझाइश देकर मामला शांत कराया गया, जिसके बाद फिर से टोकन वितरण शुरू हुआ.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: RJD ने प्रत्याशी को निकाला

RJD ने गौरा बौराम से प्रत्याशी अफजल अली खान को पार्टी से 6 साल के लिए बाहर किया। वोटिंग से पहले आरजेडी का बड़ा एक्शन है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पीएम मोदी करेंगे विश्व विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात

विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दिल्ली में अपने आवास पर मुलाकात करेंगे।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: चंडीगढ़ में कांग्रेस की बैठक

आज चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और अन्य विधायक शामिल हुए।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: भूकंप से कांपी रूस की धरती

अफगानिस्तान के बाद रूस में भी भूकंप आया। इसकी तीव्रता 6.4 रही। हालांकि अभी तक नुकसान की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जयपुर में कई गाड़ियों पर चढ़ा ट्रक, कई मरे

जोधपुर में हादसे में 15 लोगों की मौत के बाद दूसरे दिन राजस्थान में फिर बड़ा हादसा हुआ है। जयपुर में लोहा मंडी में बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक डम्पर कई गाड़ियों पर चढ़ा गया। इसमें कई लोग दब गए। हादसे में कई लोगों की मौत भी हुई है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जयशंकर से मिले बहरीन के विदेश मंत्री

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दिल्ली में बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलज़ायानी से मुलाकात की।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: अमिताभ बच्चन को जान का खतरा

मुंबई में अमिताभ बच्चन के प्रतीक्षा और जलसा दोनों बंगले के बाहर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। चौबीस घंटे पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। बंगले पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मुंबई पुलिस को मिली खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। फिलहाल पुलिस खुफिया इनपुट को लेकर विस्तृत जानकारी देने से कतरा रही है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: उत्तराखंड विधानसभा को राष्ट्रपति ने किया संबोधित

उत्तराखंड विधानसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि राज्य में साक्षरता दर बढ़ी है। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मैं विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करती हूं। कहा कि उत्तराखंड विधानसभा ने ऋतु खंडूरी भूषण को राज्य की पहली महिला अध्यक्ष नियुक्त करके अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाई है। मुझे आशा है कि सभी हितधारकों के सक्रिय प्रयासों से उत्तराखंड विधानसभा में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: डिप्टी सीएम चौधरी ने तेजस्वी पर साधा निशाना

पटना में राजद नेता तेजस्वी यादव के 18 नवंबर को सीएम पद की शपथ लेने के बयान पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता इसका फैसला करेगी। लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस को प्रताड़ित कर तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के लिए मजबूर किया, लेकिन बिहार की जनता तय करेगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा और मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता एनडीए का समर्थन करेगी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: उत्तराखंड पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा पहुंचीं। वह राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित पांचवीं उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में भाग ले रही हैं।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जोधपुर बस हादसे में मुआवजे का ऐलान

राजस्थान सरकार ने फलोदी बस हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों को 10-10 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जम्मू-कश्मीर में ऐतिहासिक दरबार मूव की परंपरा फिर से हुई बहाल

चार साल के लंबे इंतजार के बाद जम्मू-कश्मीर में ऐतिहासिक दरबार मूव की परंपरा फिर से बहाल हुई। कश्मीर से शिफ्ट होकर जम्मू में सिविल सचिवालय में आज से कामकाज शुरू हो गया है। दरअसल, चार साल पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस परंपरा को समाप्त कर दिया था। लेकिन अब, शीतकालीन राजधानी जम्मू में एक नई शुरुआत हो गई रही है। वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आज अपने सरकारी आवास से सचिवालय तक पैदल गए और सरकारी कार्यालयों के औपचारिक रूप से फिर से खुलने के मौके पर औपचारिक सलामी ली।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पीएम मोदी ने किया ESTIC 2025 का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन (ESTIC) 2025 का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने 1 लाख करोड़ रुपये के अनुसंधान विकास और नवाचार (RDI) योजना कोष का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य देश में निजी क्षेत्र द्वारा संचालित अनुसंधान और विकास पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पश्चिम बंगाल में ईडी की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक पाकिस्तानी नागरिक आजाद मलिक के मामले में पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में बिप्लब सरकार के ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। सरकार पर पासपोर्ट जारी करने में धोखाधड़ी करने का आरोप है। बिप्लब सरकार का नाम इंदु भूषण हलदर से पूछताछ के दौरान सामने आया, जिसे पैसे के बदले विदेशियों को भारतीय पहचान पत्र (पासपोर्ट) दिलाने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बिप्लब सरकार के परिवार के सदस्य भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जांच के घेरे में हैं: अधिकारी

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: तेलंगाना में हादसा, कई घायल

तेलंगाना के रंगारेड्डी में एक सड़क हादसा हो गया है। मामले में चेवेल्ला पुलिस ने कहा कि रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत खानपुर गेट के पास एक टीजीएसआरटीसी बस और ट्रक के बीच सड़क दुर्घटना हुई। कई यात्री घायल हुए हैं, और अधिक जानकारी अभी पता नहीं चल पाई है। यह घटना आज सुबह हुई। हम घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, और अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: दिल्ली में AQI पर बोला विदेशी नागरिक

भारत घूमने आए एक विदेशी नागरिक शेन ने कहा कि हालात बहुत बुरे हैं। मैं आगरा से बस से आया था और जैसे-जैसे मैं दिल्ली के करीब पहुंचता गया, धुंध उतनी ही घनी होती गई। आप साफ तौर पर फर्क समझ सकते थे। जैसे-जैसे मैं दिल्ली के करीब पहुंचता गया, स्थिति इतनी बदतर होती गई कि अब मैं मुश्किल से सूरज देख पा रहा था।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पूंछ में शुरू हुआ केजीपीएल टी-20

भारतीय सेना की एनटी बटालियन, कृष्णा घाटी ब्रिगेड ने पुंछ के झूलास ग्राउंड में कृष्णा घाटी प्रीमियर क्रिकेट लीग (केजीपीएल) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण का उद्घाटन समारोह शुरू किया।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: महाराष्ट्र में डॉक्टरों का बड़ा ऐलान

महाराष्ट्र के डॉक्टरों का 3 नवंबर से राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान सभी OPD बंद रहेंगे। यह हड़ताल कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले डॉ. मुंडे को न्याय दिलाने के लिए हो रही है। डॉक्टरों के प्रतिनिधियों ने डॉ. मुंडे के मूल गांव जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पीएम मोदी आज करेंगे ESTIC का उद्धाटन

दिल्ली में आज उभरते विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार सम्मेलन (ESTIC)-2025 का शुभारंभ होगा। पीएम मोदी सुबह 9.30 बजे इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: दिल्ली पहुंचे बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलजयानी

बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलजयानी भारत दौरे पर आए हैं। वह विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ पांचवीं भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया किया कि बहरीन साम्राज्य के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अलजयानी का हार्दिक स्वागत है। वह विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ 5वीं भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। यह यात्रा भारत-बहरीन संबंधों में सकारात्मक गति लाने का अवसर प्रदान करती है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: इसरो ने लॉन्च किया नया मिशन

श्रीहरिकोटा में इसरो के LVM3-M5 द्वारा CMS-03 संचार उपग्रह लॉन्च किया गया। इस मौके पर अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र के निदेशक नीलेश एम देसाई ने कहा कि यह एक बहुत ही शानदार मिशन है। इसे बहुत सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया, और अब दूसरे लोगों, यानी उपग्रह और पेलोड से जुड़े लोगों, यानी पीछे स्थित अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, का काम है। तो अगले 5 दिनों में सौर पैनल स्थापित होते ही हमारा काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद बिजली उत्पादन शुरू होगा, उसके बाद पेलोड संचालन होगा, और फिर हम पूरे पेलोड का कक्षा में परीक्षण करेंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ