Aaj Ki Taaza Khabar: दिल्ली एयरपोर्ट पर दूर हुई तकनीकी समस्या, सामान्य हो रही है स्थिति

भारत का राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को 150 साल हो गए हैं। इसके लिए पीएम मोदी ने स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया है। बिहार में पीएम मोदी और अमित शाह ने जन सभाओं को संबोधित किया।

Breaking News

आज की ताजा खबर

Breaking News: आज 7 नवंबर है। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे हो गए हैं। पीएम मोदी इसके लिए सालभर चलने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वहीं पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के बीच लगातार शांति बैठक चल रही है। इसी बीच पाक-अफगान सीमा पर फिर गोलीबारी शुरू हो गई। अफगानिस्तान ने इसका आरोप पाकिस्तान पर लगाया है। अफगानिस्तान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की सेनाओं ने कंधार प्रांत के Spin Boldak सीमा क्षेत्र में बिना उकसावे के गोलीबारी की। उधर, राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें महान बताया है।

विज्ञापन

आज की हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए बने रहिए लाइव ब्लॉग के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: दिल्ली एयरपोर्ट पर दूर हुई तकनीकी समस्या, सामान्य हो रही है स्थिति

Indigo की तरफ से जानकारी दी है है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर चल रही समस्या का समाधान हो गया है. कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल को प्रभावित करने वाली AMSS प्रणाली की अस्थायी खराबी अब ठीक हो गई है और दिल्ली हवाई अड्डे तथा उत्तरी क्षेत्र के अन्य प्रभावित हवाई अड्डों पर सामान्य परिचालन धीरे-धीरे बहाल हो रहा है. हम इस समस्या के समाधान और प्रणालियों को पुनः चालू करने में हवाई अड्डे और ATC अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: छत्तीसगढ़ में 12 जगहों पर NIA का छापा, IED ब्लास्ट मामले को लेकर चल रही छापेमारी

NIA ने बताया कि राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा और सुकमा ज़िलों में 12 जगहों पर 2023 में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) आतंकी संगठन के सशस्त्र कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट और घात लगाकर किए गए हमले से जुड़े एक मामले में तलाशी ली।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: बिजनेसमैन समीर मोदी मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कथित बलात्कार मामले में एफआईआर रद्द करने की समीर मोदी की याचिका पर नोटिस जारी किया है. न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. साकेत जिला न्यायालय ने 25 सितंबर को उन्हें जमानत दे दी थी, उन्हें 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था. न्यायमूर्ति संजीव नरूला ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. मामले की सुनवाई 12 जनवरी, 2026 को निर्धारित की गई है. समीर मोदी की ओर से एफआईआर और अन्य सभी कार्यवाहियों को रद्द करने के लिए याचिका दायर की गई है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: टैक्सी और कार में भीषण टक्कर के बाद लगी आग, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र: एयर इंडिया जंक्शन के पास दो वाहनों के बीच टक्कर के बाद आग लग गई. यातायात पुलिस निरीक्षक नीलेश वाजे ने बताया, "शाम करीब 7:45 बजे एयर इंडिया जंक्शन के पास एक टैक्सी और एक कार में टक्कर हो गई, जिससे कार और टैक्सी दोनों में आग लग गई. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. दमकल विभाग मौके पर पहुँच गया और आग पर काबू पा लिया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने पर दिखा जवानों का जोश

तंगधार नियंत्रण रेखा, जम्मू-कश्मीर: स्थानीय लोग और सेना के जवान राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति से एकजुट हुए। यह भारत के गौरव और भावना का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: बाबा सिद्दीकी की पत्नी ने मुंबई उच्च न्यायालय का रुख किया

बाबा सिद्दीकी की पत्नी ने मुंबई उच्च न्यायालय का रुख किया है. शहज़ीन सिद्दीकी ने हत्या की जांच के लिए विशेष जाँच दल (SIT) के गठन की माँग की. याचिका में मुंबई पुलिस की जाँच पर सवाल उठाए गए हैं. याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुंबई पुलिस हत्या के असली दोषियों को पकड़ने में विफल रही है. पूछताछ के दौरान उनके बयानों को पुलिस द्वारा नजरअंदाज करने का आरोप लगाया गया है.

याचिका में हत्या में राजनीतिक और प्रभावशाली व्यक्तियों के हस्तक्षेप और ऐसे लोगों को बचाने के प्रयासों का आरोप लगाया गया है. इसके साथ ही भ्रामक जाँच और जाँच को छोड़ देने का आरोप लगाया गया है. इस मामले को लेकर11 नवंबर को सुनवाई हो सकती है. बता दें कि बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: श्रीलंका की अदालत गिरफ्तार 29 भारतीय पुडुचेरी मछुआरों की पेशी

जाफना: श्रीलंका की अदालत ने सीमा पार मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 29 पुडुचेरी मछुआरों को 10 नवंबर तक रिमांड पर भेज दिया।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित ट्राइडेंट होटल के पास भीषण हादसा

मुंबई, महाराष्ट्र: मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित ट्राइडेंट होटल के पास एक टैक्सी और कार की टक्कर से भीषण आग लग गई। आग तेज़ी से फैलती गई, जिसके कारण इलाके को खाली कराना पड़ा।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: काशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रोड शो में उमड़ी भीड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचे हैं. जहां प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सुनील पटेल, विधायक टी राम, कमिश्नर एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया. वहीं जब पीएम मोदी बरेका पहुंचे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री सड़क मार्ग द्वारा बीएलडब्ल्यू स्थित गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए. उनका काफ‍िला बाबतपुर से हरहुआ होते हुए ग‍िलट बाजार, जेपी मेहता, फुलवरिया फ्लाईओवर होते हुए बरेका पहुंचा. रास्‍ते में कई जगह पर स्थानीय लोगों सहित पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाध‍िकार‍ियों ने उनका स्‍वागत क‍ि‍या. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो भी किया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी का हुआ स्वागत

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पाकिस्तान के परमाणु टेस्टिंग पर आया भारत के विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियां पाकिस्तान के इतिहास का हिस्सा हैं, जो दशकों से तस्करी, निर्यात नियंत्रण उल्लंघन, गुप्त साझेदारियों, ए.क्यू. खान नेटवर्क और परमाणु प्रसार पर केंद्रित है. भारत ने हमेशा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान पाकिस्तान के इन पहलुओं की ओर आकर्षित किया है. इस पृष्ठभूमि में, हमने राष्ट्रपति ट्रम्प की पाकिस्तान के परमाणु परीक्षण संबंधी टिप्पणी पर ध्यान दिया है."

डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा के बारे में टिप्पणियों का सवाल है, मेरे पास इस बारे में साझा करने के लिए कुछ नहीं है. जब मेरे पास इसके बारे में साझा करने के लिए कुछ होगा, तो मैं आपको बताऊंगा.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: मुंबई एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई ने यात्रियों के लिए एक चेतावनी जारी की है। तकनीकी समस्या के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है। इस तकनीकी समस्या का असर दिल्ली स्थित स्वचालित संदेश स्विचिंग सिस्टम (AMSS) पर पड़ रहा है, जो हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) की उड़ान योजना में सहायक है। संबंधित अधिकारी इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: 'हिन्दुओं को एकजुट करने के लिए रैली', दिल्ली से वृंदावन तक पदयात्रा को लेकर बोले बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री

पदयात्रा के दौरान, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज हम सनातनी हिंदू एकता के लिए रैली निकाल रहे हैं, जिसमें लाखों सनातनियों ने हिंदू धर्म और हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना के समर्थन में ज़मीनी स्तर पर भाग लिया है. यह रैली हिंदुओं को एकजुट करने, उनके हितों की रक्षा करने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के दृढ़ विश्वास पर आधारित है. भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के अपने निरंतर प्रयास में हम ऐसी रैलियों का आयोजन करते रहेंगे.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: जुमे के दिन जर्काता की मस्जिद में धमाका

इंडोनेशिया की राजधानी जर्काता में जुमे के दिन धमाका हो गया। इसमें 50 से ज्यादा घायल हो गए।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: रिटायर होने वाला अग्निवीरों का पहला बैच

पाकिस्तान से महज कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर भारतीय थल सेना एक बड़ा युद्द अभ्यास कर रही है,इस अभ्यास का नाम त्रिशूल दिया गया है। साउदर्न कमांड की तरफ से इस युद् अभ्यास किया जा रहा है। इस युद् अभ्यास में पहली बार अग्निवीरों को भी शामिल किया गया है। आपको बता दे कि अगले साल यानी 2026 में अग्निवीरों के पहले बैच का टर्म पूरा होने वाला है। और यह अभ्यास ही अग्निवीरों के परमानेंट होने का रास्ता साफ करेगा। युद्धाभ्यास में हाई-टैम्पो ऑपरेशन का अभ्यास किया जा रहा है. साथ ही किसी भी मौसम में कमांडो के दुश्मनों पर अटैक करना है उसका भी विमानन और मैकेनाइज्ड फॉर्मेशन का तालमेल किया जा रहा है। कोनार्क और सुदर्शन चक्र कॉर्प्स के साथ मेक इन इंडिया से बने तमाम हथियारों का इस्तेमाल इस युद्दअभ्यास में किया जा रहा है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: बिहार में बोले सीएम योगी- बिहार में 15 सालों में 30000 लोग किडनैप हुए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के रक्सौल में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के बीच बिहार में जातीय नरसंहार की 60 से ज़्यादा घटनाएं हुईं। 30,000 से ज़्यादा अपहरण हुए। ये लोग जो आज लालटेन लेकर वापस आए हैं, उनके लिए ये लालटेन नहीं, डकैती का प्रमाण पत्र थे।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: फडणवीस ने महिला टीम को दी बधाई

मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह खुशी का दिन है। महिला टीम ने विश्व कप जीता है। पहले हम विश्व कप को कुछ ही देशों में जाते हुए देखते थे। लेकिन आपने सब कुछ बदल दिया और विश्व कप को घर ले आए। आपने इतिहास रच दिया है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: अखिलेश यादव से मिले आजम खान

सपा नेता आजम खान अपने बेटे अब्दुल्लाह आजम खान के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे करीब 1 घंटे तक चली मुलाकात के बाद आजम खान निकल कहा दिल के आरजू की बात हुई है कुछ उन्होंने कहा कुछ हमने कहा बस इतना ही कहना चाहता हूं सरकार पर तंज करते हुए उन्होंने कहा हम पर इतनी मुकदमें दर्ज किए गए हैं गिनीज बुक में कहां हमें जगह मिलेगी यह तो पता नहीं देश का सबसे बड़ा माफिया मैं हूं अखिलेश यादव से मुलाकात हुई उन्होंने हमसे मुलाकात की जाकर रामपुर इतना कहना चाहूंगा कि दोनों दलों में कोई गिला शिकवा नहीं है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: महाराष्ट्र के भिवंडी में एक कंपनी में लगी आग

महाराष्ट्र के भिवंडी में एक डाइंग कंपनी में भीषण आग गई है। सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंच चुकी हैं।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: बंगाल के स्कूलों में बदली प्रार्थना

बंगाल सरकार का बड़ा फैसला लिया है। सरकारी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना में अब ‘बांग्लार माटी, बांग्लार जल’ अनिवार्य कर दी गई है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: दिल्ली एयरपोर्ट से भाग गया एक विदेशी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, एक ब्रिटिश नागरिक इमिग्रेशन से भागने में सफल रहा और दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकल गया है। एजेंसियों ने बताया कि ये शख्स यूके डिपोर्ट किया जाना था और उसे थाईलैंड से दिल्ली होते हुए यूके ले जाया जाना था। हालांकि दिल्ली में लेओवर और बाकी फॉर्मेलिटी के दौरान वो बाहर निकल आया और फरार हो गया। फिलहाल दिल्ली पुलिस और दूसरी सिक्योरिटी एजेंसियां ब्रिटिश नेशनल की तलाश में है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: .यूपी के ग्रेटर नोएडा में लगी आग

ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे बनी झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं। 1 दर्जन से अधिक झुग्गियों को भीषण आग ने चपेट में लिया। हालांकि अभी तक कोई भी जनहानि होने की सूचना नहीं मिली है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: यूपी के हाथरस में बड़ा हादसा, दूध टेंकर से टकराई रोडवेज

यूपी के हाथरस में बड़ा हादसा हो गया है। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक रोडवेज बस दूध के टैंकर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: दिल्ली और गोवा में हवाला ऑपरेटरों पर ईडी की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हेडक्वार्टर यूनिट ने शुक्रवार को दिल्ली और गोवा में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। ये कार्रवाई हवाला कारोबार से जुड़े ऑपरेटरों के खिलाफ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ये छापे फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत कर रही है। जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ हवाला ऑपरेटरों के ज़रिए भारतीय नागरिकों ने दुबई में बेहिसाब संपत्तियां खरीदी हैं, जिनकी जानकारी उन्होंने भारत में अधिकारियों को नहीं दी थी। अधिकारियों का कहना है कि इन हवाला नेटवर्क के ज़रिए विदेशों में काले धन को सफेद करने और अवैध रूप से संपत्ति खरीदने का खेल चल रहा था।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: लैंड स्लाइड से पीड़ित अभी भी तंबू में

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के रेंगी गांव के 18 परिवार भूस्खलन के बाद संघर्ष का सामना कर रहे हैं और सर्दियों से पहले स्थायी पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीण शालू देवी ने कहा कि हम पिछले 2-3 महीनों से तंबू में रह रहे हैं। भूस्खलन के कारण हमारे घर नष्ट हो गए। 16-17 परिवार तंबुओं में रह रहे हैं। हम सरकार से मांग करते हैं कि हमें घर या आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। हमें सरकार से किसी भी प्रकार की सहायता नहीं मिली है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: पीएम मोदी जारी करेंगे डाक टिकट और सिक्का

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में 'वंदे मातरम' के पूर्ण संस्करण के सामूहिक गायन में शामिल हुए। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे। यह कार्यक्रम 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक एक वर्ष तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव का औपचारिक शुभारंभ है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: गोवा में कलेक्टरों को मिली नई पॉवर

गोवा सरकार ने बढ़ती गैंग हिंसा और सार्वजनिक सुरक्षा चिंताओं के कारण जिला मजिस्ट्रेटों को तीन महीने के लिए एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत शक्तियां प्रदान की हैं।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: एनकाउंटर में वाकिफ ढेर

यूपी के आजमगढ़ में एसटीएफ और पुलिस की मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश वाकिफ मारा गया। वाकिफ पर पशु तस्करी समेत करीब 40 मामले दर्ज थे।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: नोएडा में नाले में मिला शव

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर 82 के पास एक नाले में एक अज्ञात महिला का शव मिला था... सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत शव को नाले से बाहर निकाला। एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा, महिला की पहचान और आगे की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Update: अफगान-पाकिस्तान सीमा पर हुई गोलीबारी

अफगानिस्तान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की सेनाओं ने कंधार प्रांत के Spin Boldak सीमा क्षेत्र में बिना उकसावे के गोलीबारी की। काबुल स्थित रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अफगान सुरक्षा बल संयम बरत रहे हैं ताकि वार्ता प्रक्रिया पर असर न पड़े। अफगानिस्तान की Taliban सरकार के अनुसार गोलीबारी गुरुवार रात हुई जिसके चलते कुछ सीमावर्ती गांवों में दहशत फैल गई और लोग घरों को छोड़कर भागने लगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ