देश के गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। वह कई बैठकों में शामिल होंगे, साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी दौरा करेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों को अभी बारिश, भूस्खलन आदि से राहत नहीं मिलने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों वाले राज्यों को अलर्ट किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ, मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण आंदोलन सोमवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने अब पानी भी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कसम खाते हुए कहा कि वह अपनी मांगों के लिए गोली भी खाने को तैयार हैं।
बिहार में कांग्रेस और राजद की वोटर अधिकार यात्रा का आज आखिरी दिन है। यह यात्रा पटना में समाप्त होगी। इस दौरान एक सभा का भी आयोजन किया गया है, जिसमें कई दिग्गज नेता शामिल होने वाले हैं। इस सभा को राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन समेत महागठबंधन के कई नेता संबोधित करने वाले हैं।
गृह मंत्री अमित शाह पर विवादित टिप्पणी करने वाली टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ छत्तीसगढ़ में एक एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा नेता गोपाल सामंतो ने यह एफआईआर दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि महुआ मोइत्रा मेरे समुदाय से हैं और एक सांसद हैं। उन्होंने गृह मंत्री के खिलाफ जो गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया, वह बेशर्मी है। ऐसे लोगों के लिए संसद में कोई जगह नहीं होनी चाहिए, जो बंगाली समुदाय को बदनाम कर रहे हैं।