Breaking News: कर्नाटक में 4 प्रतिशत मुस्लिम आरक्षण के खिलाफ आंदोलन करेगी बीजेपी

PM मोदी आज तमिलनाडु पहुंचे और यहां एशिया के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी-ब्रिज का इनॉगरेशन किया। रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा भी की। आज रामनवमी पर अयोध्या के राम मंदिर में रामलला का सूर्य तिलक भी हुआ। IPL 2025 का 19वां मैच हैदराबाद और गुजरात के बीच आज शाम 7.30 बजे से हैदराबाद में खेला जाएगा।

Breaking News Live Updates

नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज 6 अप्रैल दिन रविवार की प्रमुख खबर की बात करें तो फॉरेन डिग्री एजुकेशन को लेकर UGC के नए नियम सुर्खियों में हैं। अब युवाओं को भारत में ही विदेशी कॉलेज की डिग्री मिल जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क की नीतियों और फैसलों के खिलाफ अमेरिका में हजारों लोग सड़ों पर उतर आए हैं। इजरायल के हमलों से हमास घबरा गया है, इसलिए गाजा में इलाके खाली करा दिए गए हैं। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

उम्मीद है लोगों को सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा- शत्रुघ्न सिन्हा

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा वक्फ (संशोधन) विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, क्या राष्ट्रपति के पास कोई और विकल्प था? जब बिल लोकसभा और राज्यसभा से पास हो गया, उसके बाद उन्हें बस इस पर मुहर लगानी थी, तो मुहर लग गई। अब इस पर जनता फैसला करेगी। लोग इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट गए हैं। इसलिए यह मामले की शुरुआत है, अंत नहीं। मुझे उम्मीद है कि हमारे लोगों को सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा।

संभल में रामनवमी के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा

उत्तर प्रदेश के संभल में रामनवमी 2025 के अवसर पर कड़ी सुरक्षा के बीच शोभा यात्रा जुलूस निकाला गया।

रामनवमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में आरती की गई

मध्य प्रदेश के उज्जैन में रामनवमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में आरती की गई।

रामनवमी के अवसर पर रोशनी से नहाया राम मंदिर

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर को रामनवमी के अवसर पर रोशन किया गया।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शोभा यात्रा में जूस और पानी बांटा

पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रामनवमी के अवसर पर कोलकाता में शोभा यात्रा निकाल रहे श्रद्धालुओं को जूस और पानी बांटा।

धर्म के आधार पर लड़ाई न करें- मोहम्मद इरशाद

पश्चिम बंगाल में मोहम्मद इरशाद ने कहा कि हमने इस शोभा यात्रा में शामिल अपने भाइयों और बहनों के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था की है। यह न तो हिंदुओं के लिए है और न ही मुसलमानों के लिए; यह मानवता के लिए है। हमारा सभी को संदेश है कि धर्म के आधार पर लड़ाई न करें।

शाहीन बाग इलाके में खाली प्लॉट में आग लग गई

दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में खाली प्लॉट में आग लग गई। मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंच गई हैं। आग बुझाने का काम जारी है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री का एलजी मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और अन्य भाजपा नेताओं ने स्वागत किया।

हुबली में कार दुर्घटनाग्रस्त, 3 लोगों की मौत

एनएच 48 पुणे बंगलौर हाईवे पर हुबली के पास नूलवी क्रॉस पर एक कार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। धारवाड़ एसपी गोपाल एम बायकोड ने बताया कि हुबली आ रही क्विड कार हाईवे पर एक साइड वॉल से टकरा गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई। सुजाता (61), संपतकुमारी (60), गायत्री (65) और शकुंतला (75) सभी लिंगराज नगर हुबली के निवासी हैं। वीरबसय्या (69) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हुबली ग्रामीण पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया

सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा जिले के कंडी वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इसमें 1 मशीन गन, 7 हथगोले, 90 लूज राउंड, एक चीन निर्मित दूरबीन,

दो सोलर मोबाइल चार्जर और साथ ही विदेशी मूल के स्लीपिंग बैग सहित कपड़े और बड़ी मात्रा में पाकिस्तान निर्मित दवाइयां बरामद की गई हैं।

रामनवमी पर पटना में बाइक रैली

रामनवमी के अवसर पर बिहार के पटना में बाइक रैली का आयोजन किया गया।

इथेनॉल का इस्तेमाल करने से विदेशी खर्च बचेगा- मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, यह सिर्फ एक डिस्टिलरी नहीं है, बल्कि एक इथेनॉल प्लांट है। इथेनॉल का इस्तेमाल सिर्फ कारों के लिए ही नहीं, बल्कि हवाई जहाजों के लिए भी किया जा रहा है। डीजल और पेट्रोल की जगह इथेनॉल का इस्तेमाल करने से विदेशी खर्च बचेगा और किसानों को भी फायदा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिशेष गन्ना उत्पादन से इथेनॉल निकालने की अनुमति दी, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में 177 करोड़ लीटर इथेनॉल का उत्पादन हुआ, जो पहले 22 लाख लीटर था।

तमिल भाषा दुनिया के हर कोने तक पहुंचे- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

रामेश्वरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि तमिल भाषा और तमिल विरासत दुनिया के हर कोने तक पहुंचे। कभी-कभी, मुझे आश्चर्य होता है जब मुझे तमिलनाडु के कुछ नेताओं से पत्र मिलते हैं, उनमें से किसी पर भी तमिल भाषा में हस्ताक्षर नहीं होते हैं। अगर हमें तमिल पर गर्व है, तो मैं सभी से अनुरोध करूंगा कि कम से कम अपने नाम पर तमिल में हस्ताक्षर करें। आज भाजपा का स्थापना दिवस भी है। आज, देश भर के लोग भाजपा सरकारों के सुशासन को देख रहे हैं।

हैदराबाद में भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने शोभा यात्रा निकाली

तेलंगाना के हैदराबाद में भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने रामनवमी के अवसर पर धूलपेट के आकाशपुरी स्थित हनुमान मंदिर से शोभा यात्रा निकाली।

ब्लू इकोनॉमी में तमिलनाडु का बड़ा योगदान

तमिलनाडु के रामेश्वरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, तमिलनाडु में लाखों छोटे किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 12,000 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके अतिरिक्त, तमिलनाडु के किसानों को पीएम फसल बीमा योजना के माध्यम से 14,800 करोड़ रुपये के दावे भी मिले हैं। भारत की विकास कहानी में हमारी ब्लू इकोनॉमी का महत्वपूर्ण योगदान होने वाला है और दुनिया इस क्षेत्र में तमिलनाडु की ताकत को स्पष्ट रूप से देख सकती है। तमिलनाडु का मछुआरा समुदाय बेहद मेहनती है। पिछले 5 वर्षों में पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत तमिलनाडु को मत्स्य विकास के लिए करोड़ों रुपये मिले हैं।

कन्हैया कुमार की यात्रा में शामिल होंगे राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को एकदिवासीय यात्रा पर बिहार में रहेंगे। इस वर्ष यह राहुल गांधी की तीसरी यात्रा है। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया की नई दिल्ली से पटना आने के बाद राहुल गांधी बेगूसराय चले जायेंगे। जहां कन्हैया कुमार की रोजगार दो पलायन रोको यात्रा में शामिल होंगे। उसके बाद राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। राहुल गांधी पटना आएंगे जहां दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। एक संविधान बचाओ सभा दूसरी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओ से संवाद करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट में वक्फ कानून के खिलाफ याचिका

सुप्रीम कोर्ट में वक्फ कानून के खिलाफ मौलानाअरशद मदनी ने रिट याचिका दायर की है। मदनी ने एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड फुजैल अहमद अय्यूबी, इबाद मुश्ताक, आकांक्षा राय और गुरनीत कौर के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट के समक्ष वक्फ संशोधन अधिनियम,2025 को चुनौती देने वाली रिट याचिका दायर की है।

महाराष्ट्र के अंबरनाथ में शख्स पर हमला

महाराष्ट्र के अंबरनाथ में 5 से 7 अज्ञात लोगों ने भाजपा के पूर्व पार्षद रोहित महादिक पर तलवार से हमला बोल दिया। कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं पर तलवार से हमला भी किया। यह पूरा मामला CCTV कैमरे में कैद हो गया। हमलावर बेखौफ होकर दफ्तर में मौजूद कार्यकर्ता पर तलवार से हमला करते रहे और कार्यकर्ता कुर्सी के जरिए खुद को बचाते रहे। हमला करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अंबरनाथ के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस नकाबपोश हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

अनुराधापुरा से भारत के लिए रवाना हुए PM मोदी

आज सुबह प्रधानमंत्री श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा दिशानायके के साथ अनुराधापुरा के Jaya Sri Maha Bodhi Tree के दर्शन के लिए गए। वहां उन्होंने भारत की मदद से हो रहे Maho-Omanthai railway line के ट्रैक अपग्रेडशन को हरि झंडी दी। श्रीलंका के नये राष्ट्रपति डिसानायके ने प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत को भरोसा दिलाया कि श्रीलंका अपनी ज़मीन का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा।अनुराधापुरा से ही प्रधानमंत्री ने भारत के लिए प्रस्थान किया।

श्रीलंका ने रिहा किए 14 भारतीय मछुआरे

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद श्रीलंका से 14 भारतीय मछुआरे रिहा कर दिए हैं। इसके साथ ही प्रधानममंत्री मोदी का श्रीलंका दौरा खत्म हो गया और वे भारत के लिए रवाना हो गए। वे तमिलनाडु के रास्ते भारत आएंगे, जहां वे पम्बन ब्रिज का उद्धाटन करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को थाईलैंड से श्रीलंका पहुंचे थे।

RTO बन ठगने वाला शख्स गिरफ्तार

साइबर पुलिस ने आरटीओ अधिकारी बनकर ऑनलाइन चालान धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़ितों को उनकी वाहन जानकारी साझा करके ठगता था। शिकायतकर्ता को चालान नहीं भरने पर वाहन परमिट रद्द करने की धमकी दी गई थी। पीड़ित से चालान के रूप में 12500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। आरोपी से दो मोबाइल फोन और कई बैंकों की किट बरामद हुई है। आरोपी वाहन मालिक डेटा का दुरुपयोग कर कई राज्यों के निर्दोष लोगों को ठग चुका है। आरोपी की पहचान आशीष शर्मा (38 वर्ष), निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

आगरा में विदेशी महिला से छेड़छाड़

आगरा में विदेशी महिला से छेड़छाड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक ने विदेशी महिला से अश्लील हरकत की थी। पीड़िता चेक रिपब्लिक से आगरा ताजमहल देखने आई थी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज करके युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम करण राठौर है। थाना पर्यटन में महिला ने 3 अप्रैल को करण के खिलाफ शिकायत दी थी।

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके के मालखाने में लगी आग

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके के मालखाने में आग लगने से सब कुछ जलकर राख हो गया। 7 दमकल गाड़ियों नेइ इस पर काबू पाया। मालखाना पीटीसी वजीराबाद के पीछे दक्षिणी जिले के खजूरी खास इलाके में स्थित है। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 4:32 से 4:34 बजे के बीच मिली। तत्काल कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग ने मौके पर 7 गाड़ियों को रवाना किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर सुबह 6:20 बजे तक काबू पा लिया गया। फिलहाल, मौके पर कूलिंग का काम जारी है, ताकि आग पूरी तरह से बुझ जाए और दोबारा भड़कने का खतरा न रहे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और न ही यह जानकारी मिल पाई है कि इस घटना में कितना नुकसान हुआ है।

बिहार के बक्सर में सड़क हादसा

बिहार के बक्सर में नेशनल हाईवे 922 पर भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 4 बुरी तरह घायल हो गए। नेशनल हाईवे एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय पुलिस टीम ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।

रात 3 बजे के करीब हाईवे पर खड़े बालू से लदे ट्रक में लग्जरी वाहन ब्रेजा वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सभी घायल और मृतक रोहतास जिले के बिक्रम गंज इलाके के शिवपुर गांव के निवासी है, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने बक्सर मुक्ति धाम शव लेकर जा रहे थे। बक्सर इंडस्ट्रियल थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।

आज पूरी होगी अनंत अंबानी की यात्रा

अनंत अंबानी की जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक की पदयात्रा आज पूरी हो गई। यात्रा के आखिरी दौर में उनकी पत्नी राधिका भी साथ नजर आईं। दोनों ने मंदिर पहुंचकर द्वारकाधीश के दर्शन किए। इस मौके पर अनंत अंबानी ने मीडिया से बात भी की।

डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क का विरोध

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके सलाहकार एलन मस्क के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होने लगे हैं। वाशिंगटन में हजारों लोगों ने सड़कों पर उतरकर ट्रंप सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप प्रशासन की नीतियों और कार्यकारी आदेशों को तानाशाही बताया और राष्ट्रपति ट्रंप को दूसरे लोगों की कठपुतली बताया। टैरिफ को देश का नुकसान करने वाला हथियार बताया, क्योंकि इससे अमेरिका को भी महंगाई का सामना करना पड़ेगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ