बिहार उपचुनाव: 2 सीट पर बीजेपी और 1-1 सीट पर जेडीयू और हम पार्टी लड़ेगी चुनाव

Today News Headlines: बिहार के बांका ओर उत्तर प्रदेश के सिद्दार्थनगर में हुए सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई है। गाजा में इजरायल ने फिर एयर स्ट्राइक की है।

Breaking Today Live Updates

देश-दुनिया की लाइव खबरों के अपडेट्स देखें...

Today Breaking News Live Updates: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो इजरायल ने एक बार फिर गाजा में एयर स्ट्राइक की है। हमले में 21 महिलाओं समेत 33 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। बिहार के बांका में सड़क हादसे में 4 कांवड़ियों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के सिद्दार्थनगर में श्रद्धालुओं से भरी बस नाले में गिर गई। हादसे में 3 लोग मारे गए। मुंबई के कल्याण रेलवे स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन के पटरी से उतरने से हड़कंप मच गया था। हमास का नया चीफ अल-हय्या हो सकता है। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

बिहार उपचुनाव: 2 सीट पर बीजेपी और 1-1 सीट पर जेडीयू और हम पार्टी लड़ेगी चुनाव

बिहार में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर एनडीए में सीट बटवारा फाइनल हो गया है। यहां बीजेपी दो, एक पर जेडीयू और एक सीट पर हम पार्टी चुनाव लड़ेगी। जानकारी के अनुसार बीजेपी ने तरारी विधानसभा और रामगढ़ विधानसभा में अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। वहीं, तरारी विधानसभा से सुनील पांडे के बेटे विशाल प्रशांत को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

Delhi: वेलकम में दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल, इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला के वेलकम थाना क्षेत्र के वेलकम राजा मार्केट में तकरीबन दर्जनों राउंड गोलियां चली हैं। इस गोलीबारी में अभी तक एक शख्स के घायल होने की खबर है। मौके पर पुलिस के आलाअधिकारी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि 2 गुटों में गैंगवार हुई है।

तेलंगाना: केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार को हिरासत में लिया गया, प्रदर्शन में हुए थे शामिल

तेलंगाना में स्थानीय पुलिस ने केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार को हिरासत में ले लिया है। यहां केंद्रीय मंत्री Telangana State Public Service Commission (TSPSC) ग्रुप 1 सर्विस के उम्मीदवारों के साथ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। बंडी संजय कुमार ने हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली में अशोक नगर एक्स रोड पर समूह 1 सेवा के उम्मीदवारों के साथ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था।

फरीदाबाद: प्रदेश में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा की घोषणा

मुख्यमंत्री का पदभार संभालते ही हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने आज किडनी के मरीजो के लिए प्रदेश के तमाम सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस की मुफ्त सुविधा उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। इसके बाद लोगों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा की किडनी की बीमारी से ग्रस्त मरीजों को डायलिसिस करवाने के लिए बहुत पैसा खर्च करना पड़ता था लेकिन अब सरकार की इस पहल से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के मरीज को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी।

झारखंड चुनाव से पहले चुनाव आयोग का बड़ा निर्देश, कहा-हटाए जाएं DGP अनुराग गुप्ता

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले चुनाव आयोग ने झारखंड सरकार को बड़ा आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार आयोग ने तत्काल प्रभाव से कार्यकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता को उनके पद से हटाने का निर्देश दिया है। आयोग ने अनुराग गुप्ता की जगह विभाग के सबसे वरिष्ठ डीजीपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने की सलाह दी है।

Kolkata Doctor Case: अनशन कर रहे डॉक्टरों से सीएम ममता बनर्जी ने मांगे 3 महीने

कोलकाता में महिला डॉक्टर का रेप कर हत्या करने के मामले में जूनियर डॉक्टर्स का अनशन जारी है। शनिवार को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने अनशन पर बैठे डॉक्टरों से तीन महीने का समय मांगा है। सीएम की तरफ से मनोज पंत ने आमरण स्थल पहुंचकर सीएम का वॉयस संदेश मोबाइल से डॉक्टरों को सुनाया। सोमवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जूनियर डॉक्टरों को मिलने के लिए बुलाया है।

हरियाणा में स्कूल बस खाई में गिरी:15 बच्चे गंभीर घायल; पंजाब से टूर पर मोरनी हिल्स घूमने जा रहे थे

हरियाणा के पंचकूला में शनिवार दोपहर को बच्चों से भरी स्कूल बस खाई में पलट गई। हादसे में करीब 10 से 15 बच्चे घायल हो गए। सभी बच्चों को इलाज के लिए मोरनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया है। पंजाब में मलेरकोटला के ननकाना साहिब स्कूल के बच्चों स्टाफ के साथ पंचकूला के मोरनी हिल्स में घूमने आए थे, लेकिन टिक्कर ताल रोड पर थल गांव के पास बस अचानक पलट गई।

सपा नेता आजम खां की कोर्ट में पेशी

सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खां को आज गवाह को धमकाने के मामले में होने वाली पेशी को लेकर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामपुर ले जाया गया। सपा नेता आजम खां की MP/MLA कोर्ट में पेशी होनी है।आजम खां की सुरक्षा में एक SDM एक सीओ सहित भारी पुलिस बल भेजा गया है। डूंगरपुर में 17 अगस्त 2022 को हुए एक मामले को लेकर नन्हे ने सपा नेता आजम खां सहित 6 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद नन्हे ने आजम खां पर धमकाने का आरोप लगाया था। इसी मामले को लेकर आज आजम खां को कोर्ट ने तलब किया है।

हरियाणा में फर्जी क्लीनिक, लैब, सेंटर पर छापेमारी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आदेश पर फर्जी अस्पताल, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब और अल्ट्रासॉउन्ड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग का छापा पड़ा। शाहबाद में 7 नर्सिंग होम क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील की गई है। रामपुर ज़िले की सभी तहसीलों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान चल रहा है। झोलाछाप डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई की जा रही है। नोडल अधिकारी डॉक्टर केके चहल ने फर्जी झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिक और नर्सिंग होम में पहुंचकर कड़ा एक्शन लिया।

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव पर ताजा अपडेट

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव के लिए उदयपुर की सलूंबर विधानसभा से सांसद राजकुमार रौत की भारतीय आदिवासी पार्टी ने जितेश कटारा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं चौरासी विधानसभा सीट से अनिल कटारा पार्टी के प्रत्याशी होंगे। पार्टी ने इन दोनों नेताओं को जनप्रतिनिधि सलेक्शन प्रणाली के तहत हुई वोटिंग में मिले सबसे अधिक वोट के चलते उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया गया है।

अवैध शराब बनाने और बेचने वाले को आजीवन कारावास कराएंगे

बिहार में जहरीली शराब त्रासदी पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भड़के हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार समय-समय पर नीति बदलती है, तो सरकार (अवैध शराब को लेकर) कोई कानून क्यों नहीं बनाती? अगर कभी सत्ता में आया तो सबसे पहली काम करुंगा कि अवैध शराब बनाने और बेचने वाले को आजीवन कारावास की सजा दूंगा और उस क्षेत्र के सभी अधिकारियों को बर्खास्त कर दूंगा।

पुणे की लाइब्रेरी में लगी भीषण आग

महाराष्ट्र के पुणे के नवी पेठ इलाके में आज सुबह एक लाइब्रेरी में आग लग गई। अग्निकांड की जानकारी मिलते ही मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्क्त के बाद आग बुझाई।

उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मुलाकात करेंगे रमेश चेन्निथला

महाविकास अघाड़ी में सीट बंटवारे को लेकर तल्खी के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्निथला आज सुबह 11 बजे मातोश्री में उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना यूबीटी ने अपने नेताओं को साफ निर्देश दिया था कि नाना पटोले से सीट शेयरिंग को लेकर कोई बातचीत नहीं होगी। खबर है कि रमेश चेन्निथला इस तल्खी को कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे । कुछ समय से संजय राऊत और नाना पटोले खुलकर एक दूसरे पर कटाक्ष कर रहे है| संजय राऊत ने कल कहा था कि महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए सक्षम नहीं हैं।

बुलंदशहर में भेड़िये की दहशत

बुलंदशहर में भेड़िया आ गया है। उसने 3 ग्रामीणों पर हमला किया। भेड़िये के हमले में 2 महिला समेत तीन ग्रामीण घायल हुए हैं। बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बताई जा रही। देर रात अचानक भेड़िया ने ग्रामीणों पर हमला किया। भेड़िये की दस्तक से क्षेत्र में दहशत फैली हुई है। बुलंदशहर के स्याना कोतवाली की चौकी चिगरावठी क्षेत्र के गांव महाव का मामला है।

मुंबई में पटरी से उतरी लोकल ट्रेन

मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेल बीती रात कल्याण में पटरी से उतर गई। कल्याण स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2 पर हुए इस हादसे से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नही है, लेकिन सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन CSMT की ओर जा रही थी कि अचानक एक डिब्बा पटरी से उतर गया। हादसा रात करीब 8:55 बजे हुआ। इससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और वे दौड़कर प्लेटफॉर्म 4 पर पहुंच गए। इससे खडावली, आसनगांव और टिटवाला से आने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने कहा कि ट्रेन जब प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर रुकने वाली थी तो धीमी गति में थी। आखिरी डिब्बा पटरी से उतरा। असुविधा के लिए खेद है, किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

UP में नाले में जा गिरी श्रद्धालुओं से भरी बस

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से बीती शाम श्रद्धालुओं से भरी बस नाले में गिर गई। हादसा ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी-बलरामपुर मार्ग पर चारगांव नदी के पास हुआ। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 14 साल का नाबालिग लड़का भी शामिल है। करीब 25 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी शोहरतगढ़ और माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में भर्ती करवाया गया है। बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे, जो तुलसीपुर देवीपाटन मंदिर से मुंडन करा कर लौट रहे थे। एसपी प्राची सिंह ने हादसे की पुष्टि की। बस बलरामपुर से सिद्धार्थनगर आ रही थी।

बिहार के बांका में 4 कांवड़ियों की मौत

बिहार के बांका में एक 0अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने श्रद्धालुओं (कांवड़ियों) को कुचल दिया। SDM अविनाश कुमार ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 10-11 लोग घायल हुए हैं। 4 लोगों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे का केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हादसा फूलीडूमर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव नगरडीह के पास हुआ श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल भरकर ज्येष्ठ गौरनाथ महादेव मंदिर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।

गाजा में इजरायली हमले में 33 फिलिस्तीनी मारे गए

इजरायल की सेना ने एक बार फिर उत्तरी गाजा पट्टी में जबालिया शिविर पर एयर स्ट्राइक करके बमबारी की। हमले में 30 से ज्यादा लोग मारे गए। मरने वालों में 21 महिलाएं शामिल हैं। मलबे के नीचे फंसे घायलों को निकालने के बाद मरने वालों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मीडिया कार्यालय द्वारा जारी एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि बम विस्फोट में 85 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं इजरायली सेना ने अभी तक इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ