Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates : डिजिटल अरेस्ट ठगी के नेटवर्क पर CBI का बड़ा एक्शन, देश में 80 से ज्यादा जगहों पर छापा
Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates : डिजिटल अरेस्ट ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए CBI ने ऑपरेशन चक्र-VI के तहत देश के 16 राज्यों में 80 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। CBI की करीब 60 विशेष टीमों ने पंजाब, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक और ओडिशा समेत कई राज्यों में कार्रवाई की।
जांच एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट ठगी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई है। इस गिरोह पर 200 से ज्यादा साइबर ठगी के मामलों में शामिल होने का शक है। CBI ने चेन्नई और कोलकाता से दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोप है कि ये लोग फर्जी कंपनियां (शेल कंपनियां) बनाकर और फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के जरिए ठगी के पैसों को इधर-उधर करने में मदद कर रहे थे। जांच में करीब 2 करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम के लेन-देन का पता चला है।