नमक तो रोज खाते हैं, लेकिन आयोडीन युक्त नमक शरीर के लिए क्यों जरूरी है?
Daily Iodine Requirement: क्या आप जानते हैं शरीर में आयोडीन की कमी कितनी खतरनाक हो सकती है, जानिए आयोडीन युक्त नमक क्यों जरूरी है? साथ ही, एक व्यक्ति को दिनभर में कितनी आयोडीन चाहिए.
नमक का सेवन हर घर में होता है, खाने में बिना इसके स्वाद ही नहीं आता है. शायद ही कोई खाना ऐसा होगा, जिसमें नमक का इस्तेमाल न होता हो; यहां तक की कई मिठाई को बनाने में भी नमक का इस्तेमाल किया जाता है. नियमित मात्रा में नमक का सेवन सेहत के लिए लाभकारी होता है और इसके कई फायदे भी होते हैं. हालांकि, अत्यधिक नमक का सेवन सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकती है. लेकिन क्या आप जानते हैं आयोडीन (Iodine) युक्त नमक सेहत के लिए कितना जरूरी है? इसका सेवन सेहत पर क्या असर डाल सकता है और व्यक्ति को हर दिन कितना इसका सेवन करना चाहिए? आइए जानते हैं इस स्टोरी में.
Vikaspedia में दर्ज जानकारी के अनुसार, आयोडीन (Iodine) युक्त नमक सामान्य नमक ही होता है, जिसमें शरीर की आयोडीन की जरूरत पूरी करने के लिए थोड़ी मात्रा में आयोडीन मिलाई जाती है. यह दिखने में, स्वाद में और इस्तेमाल में एकदम सामान्य नमक जैसा ही लगता है. आपको मालूम न हो, लेकिन आयोडीन एक प्राकृतिक तत्व है, जिसकी शरीर की कई जरूरी प्रक्रियाओं और खासतौर पर थायरॉयड ग्रंथि के सही कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका होती है. शरीर में सही मात्रा में इसके होने से कई तरह के विकास होते है, जो अच्छी सेहत के लिए जरूरी है.
हमारी सेहत के लिए क्यों जरूरी है आयोडीन नमक
आयोडीन शरीर और दिमाग के सही विकास के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व माना जाता है. इसकी कमी से घेंघा, थकान, सुस्ती और काम करने की क्षमता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जो कई मामलों में व्यक्ति को बहुत परेशान कर देती है. वहीं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए पर्याप्त आयोडीन खासतौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि गर्भावस्था के दौरान या उसके बाद इसकी कमी बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकती है. इसलिए बेहतर रहेगा कि आप जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार, अगर शरीर में इसकी कमी है, तो उस कमी को पूरा करें.
विज्ञापन
एक व्यक्ति को कितनी आयोडीन चाहिए?
जानकारी के अनुसार, हर रोज औसतन 150 माइक्रोग्राम यानी कि सुई की नोक के बराबर एक व्यक्ति के लिए जरूरी है. इसका मतलब यह हुआ कि आपको जीवनभर के लिए एक छोटे से चम्मच से भी कम आयोडीन चाहिए, तभी आपके शरीर में इसकी कमी नहीं होगी. शरीर को हर रोज नियमित रूप से आयोडीन मिलनी जरूरी है, इसलिए जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार अपने खानपान में ऐड करें, हालांकि अगर आप पर्याप्त मात्रा में सेवन कर रहे हैं, तो यह अच्छी बात है. लेकिन ध्यान रखें कि नमक का जरूरत से ज्यादा सेवन भी सेहत पर बुरा असर डाल सकता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.